: कृष्ण की भक्ति संग होली की मस्ती में डूबे अग्रबंधु
Sat, Mar 16, 2024
•
अग्रबंधु समन्वय समिति द्वारा होली मिलन व सम्मान समारोह का किया गया आयोजन
•
ब्रज की मण्डली ने फूलों की होली और राधा-कृष्ण की भक्ति के रंग बिखेरे
आगरा। राधा-कृष्ण की भक्ति और होली की मस्ती। हर तरफ होली उत्सव की खुशिया बिखरी थीं। माथे पर चंदन और उड़ता गुलाल। अग्रबंधु समन्वय समिति द्वारा संतराम कृष्ण महाविद्यालय में आज होली उत्सव व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ब्रज की मण्डली ने जहां फूलों की होली से राधा-कृष्ण की भक्ति के रंग बिखेरे वहीं मयूर नृत्य और राधा कृष्ण के स्वरूपों ने मानों कार्यक्रम स्थल को ब्रज मण्डल में उपस्तिथि का एहसास करा दिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ किरन चंद अग्रवाल, अतुल गोयल, शुभम बंसल ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित व माल्यार्पण कर किया। संस्थापक ताराचंद मित्तल व मार्गदर्शक वी के अग्रवाल ने सभी सदस्यों व अतिथियों का स्वागत किया। समिति के सदस्यों संग ब्रज मण्डली के राधा-कृष्ण स्वरूपों सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से होली की मस्ती और उमंग में हर किसी को डुबो दिया। सभी सदस्यों का स्वागत माथे पर चंदन लगाकर किया। समिति की महिला व पुरुष इकाई के कार्यकर्ताओं, अतिथियों व समीक्षकों का सिर पर पगड़ी, शॉल पहनाकर व स्मृति चिन्ह पहनाकर सम्मानित किया। संचालन नूतन अग्रवाल व रमन अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से संतोष कुमार गोयल, अध्यक्ष रमन अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, चंद्रेश गर्ग, अमित ग्वाला, रवि अग्रवाल, दिनेश चंद सिंघल, पंकज अग्रवाल, समीर नाथ अग्रवाल, सचिन मित्तल, मनीष अग्रवाल, राजेश प्रकाश मित्तल, राहुल सिंघल, महिला इकाई की मुख्य संरक्षक मधुबाला अग्रवाल, अध्यक्ष रजनी अग्रवाल, रितु गोयल, आशा अग्रवाल, बेबी अग्रवाल आदि उपस्थित थे।
: श्याम बाबा संग खेली मेहंदी की होली, हथेलियों पर रंग देख झूम उठे भक्त
Sat, Mar 16, 2024
•
श्रीखाटू श्याम जी मंदिर, जीवनी मंडी में चल रहा है श्रीश्याम फाल्गुन महोत्सव
•
मेहंदी की होली से शुरू हुआ फाग का उत्सव, होली के रसिया पर जमकर थिरके भक्त
आगरा। फाग का मनभावन महीना, जब हर हृदय पावन भक्ति के रंगों से सराबोर हो उठता है। इन्हीं रंगों की रंगत से पूरे 10 दिन तक सजेगा श्रीखाटू श्याम जी मंदिर परिसर। जिसमें पहली होली बाबा संग मेहंदी से खेली गयी।
शनिवार को जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव के अन्तर्गत मेहंदी की होली खेली गयी। श्रृंगार सेवा श्रीखाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल की थी और मेहंदी होली की सेवा दीपक मित्तल द्वारा दी गयी। सर्वप्रथम भक्तों ने पुष्पों से सज्जित बाबा के दर्शन किये। इसके बाद वर्षा हुयी मेहंदी के कोनों की। भक्तों में मेहंदी के कोन लुटाए गए जिसे प्रसाद स्वरूप सभी ने अपनी हथेलियों पर रचाया। इसके बाद आरंभ हुए होली के रसिया। नृत्य संगीत और होली की चंग पर झूमते हुए भक्तों ने एक दूसरे को फाग की शुभकामनाएं दीं।
इसी क्रम में रविवार को सायं 7 बजे से 9 बजे के मध्य फलों की होली खेली जाएगी। मेहंदी की होली के समापन पर ठंडाई संग प्रसादी का वितरण किया गया। इस अवसर पर अमित गोयल, कन्हैया लाल अग्रवाल, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, विपिन बंसल, संजय अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
मंदिर ट्रस्ट ने किया शोभायात्रा संयोजक का सम्मान
विगत 15 मार्च को श्रीखाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट द्वारा निकाली गई श्रीश्याम फाल्गुन शोभायात्रा के दिव्य आयोजन और भव्य व्यवस्था के लिए शोभायात्रा संयोजक अजय कुमार गर्ग अवागढ़ एवं उनकी टीम के स्वदेश वर्मा, प्रशांत अग्रवाल और अनुराग गर्ग का सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया। ट्रस्ट के पदाधिकारी अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल, सचिव संजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विकास गोयल, हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अमित गोयल, कन्हैया लाल अग्रवाल, मुरारी प्रसाद अग्रवाल आदि ने शोभायात्रा संयोजक के पुष्पांजलि टावर, दिल्ली गेट स्थित निवास पर सम्मान किया।
: आर्यश्री का 21वां वार्षिकोत्सव सम्पन्न, बस्ती के बच्चों ने दिखाई स्पोर्ट्स डे में प्रतिभा
Sat, Mar 16, 2024
•
मलिन बस्तियों में शिक्षा का उजियारा पहुंचाते हुए आर्यश्री संस्था को हुए 22 वर्ष
•
पांच बस्तियों के बच्चों ने खेल-कूद, योगा संग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से किया मंत्रमुग्ध
आरबीएस इंटर कॉलेज, खंदारी में आयोजित आर्यश्री संस्था के स्पोर्टस डे में उपस्थित अतिथि।
आगरा। विगत 22 वर्षों से समाज में शिक्षा के लिए समर्पित संस्था आर्यश्री का 21वां वार्षिकोत्सव स्पोर्ट्स डे के रूप में आयोजित किया गया। शनिवार को खंदारी स्थित आरबीएस इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित आर्यश्री संस्था के स्पोर्ट्स डे में राज नगर, 11 बस्ती, सुंदर पाड़ा, खतैना और जगदीश पुरा में स्थित बस्तियों के करीब 100 बच्चों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुशील गुप्ता, मधु बघेल, डॉ शशि तिवारी, डॉ रंजना बंसल, मीनाक्षी जगन, अनिल शर्मा और आशुतोष पांडे (डीएस ग्रुप, सीएसआर टीम) ने हरी झंडी दिखाकर किया। गणेश वंदना को स्वर डॉ शशि तिवारी ने दिए।
आरबीएस इंटर कॉलेज, खंदारी में आयोजित आर्यश्री संस्था के स्पोर्टस डे में विभिन्न प्रस्तुतियां देते बच्चे।
आर्यश्री की संस्थापिका तूलिका कपूर ने बताया कि पिछले 22 वर्षों से शहर की विभिन्न बस्तियों में शिक्षा के केंद्र संचालित कर रही है। बच्चों को शिक्षा के साथ व्यवहारिक ज्ञान देना संस्था की प्राथमिकता रहती है। झुग्गी बस्तियों में रहने वाले बच्चों को शिक्षा केंद्र तक लाने से पहले माता पिता को शिक्षा का महत्व बताना सबसे मुश्किल किंतु आवश्यक कार्य होता है। प्राथमिक शिक्षा देने के बाद बच्चों को स्कूलों में भर्ती करवाया जाता है। आगरा के अलावा आर्यश्री संस्था लखनऊ में भी शिक्षा केंद्र बस्तियों में संचालित करती है। वहां भी अब तक सैंकड़ों बच्चों को अशिक्षा के अंधेरे से शिक्षा के उजाले की ओर लाया गया है।
आरबीएस इंटर कॉलेज, खंदारी में आयोजित आर्यश्री संस्था के स्पोर्टस डे में विभिन्न प्रस्तुतियां देते बच्चे।
सुशील गुप्ता ने कहा कि आयोजन में बच्चों की प्रतिभाएं हतप्रभ करने वाली थीं। किसी कॉन्वेंट या नामी स्कूल के बच्चों को टक्कर देने वाली प्रस्तुतियां बच्चों ने दीं। उन्होंने कहा प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल बस्ती के प्रतिभाशाली बच्चों को मंच प्रदान करेगा।
मधु बघेल ने बच्चों को शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि सौ काम छोड़कर भी शिक्षा ग्रहण करें।
डॉ रंजना बंसल ने कहा कि आर्यश्री संस्था सही मायने में समाज की सेवा कर रही है, क्योंकि यहां से संस्कार लेकर भावी पीढ़ी देश निर्माण में योगदान देगी।
खेलकूद प्रतियोगिता से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित बच्चों ने योगा का बखूबी मंचन किया। पांच माताओं सोनी, रेनू, ओमवती, नीलम और लक्ष्मी को बेस्ट मदर का सम्मान प्रदान किया गया। शू रेस, होप्ड रेस, बॉल रेस, वन लेग रेस आदि खेलों में बच्चों ने एक दूसरे को कड़ी टक्कर दी। जिसमें युग, मोहित, इरसाद, रोहित, अरमान प्रथम स्थान पर रहे।
इस दौरान उपस्थित अभिभावक बच्चों का जमकर उत्साहवर्धन करते रहे। योगा टीचर रूपेश के नेतृत्व में बच्चों ने सूर्य नमस्कार और अन्य योगासन किये। बेस्ट स्टूडेंट का पुरस्कार कृष्णा, वंश, सोनू, रागिनी और विनय के नाम रहा।
समापन पर मैं निकला गड्डी लेकर और होली गीत पर बच्चों सहित संस्था के सदस्यों, अतिथियों और माताओं ने जमकर नृत्य किया। कार्यक्रम का संचालन अमित सूरी ने किया। व्यवस्थाएं जुबैर, लक्ष्मी, मनीष, रुचि, अभिलाषा, शुभम, अजय, प्रदीप, राज ने संभालीं।