रामलीला महोत्सव-2026 : प्रथम पूज्य के आशीष से हुआ रामलीला महोत्सव का शुभारंभ, श्रद्धालुओं ने उतारी आरती
Pragya News 24
Mon, Sep 28, 2026
आगरा। वक्रतुण्ड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभ। निर्विघ्नं कुरु मे देव शुभकार्येषु सर्वदा...श्री रामलीला महोत्सव के अंतर्गत सोमवार को विघ्नहर्ता, प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश जी की भव्य सवारी नगर-परिभ्रमण के लिए निकाली गई। गणेश जी महाराज के पूजन एवं आह्वान के साथ शुरू हुई सवारी में श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग में पुष्पवर्षा कर प्रथम पूज्य का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, भक्ति संगीत और गणपति के जयघोष से पूरा बाजार भक्तिमय हो उठा।

श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के नेतृत्व तथा महामंत्री राजीव अग्रवाल के संयोजन में आयोजित इस नगर-परिभ्रमण ने रामलीला महोत्सव की धार्मिक परंपराओं को जीवंत किया। मुख्य अतिथि मेयर हेमलता दिवाकर ने प्रथम पूज्य गणेश जी की आरती उतारकर शुभारंभ किया। अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि श्री गणेश जी की प्रथम पूजा के साथ रामलीला महोत्सव के प्रत्येक शुभ कार्य का श्रीगणेश होता है। विघ्नहर्ता का आशीर्वाद संपूर्ण आयोजन को निर्विघ्न एवं मंगलमय बनाने की कामना का प्रतीक है।
महामंत्री राजीव अग्रवाल ने कहा कि श्री रामलीला महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आगरा की ऐतिहासिक सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत स्वरूप है। गणेश जी की सवारी इसी परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है, जिसमें शहर के बाजार, व्यापारी और श्रद्धालु पीढ़ियों से अपनी सहभागिता निभाते आ रहे हैं।

सवारी के दौरान श्रद्धालु “गणपति बप्पा मोरया”, “जय श्री गणेश” के जयघोष करते हुए चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं व्यापारियों ने भगवान गणेश जी की आरती उतारी और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। प्रथम पूज्य के नगर भ्रमण के दौरान वातावरण में भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम दिखाई दिया।
श्री गणेश जी महाराज की सवारी स्व. लाला चन्नोमल जी की बारहद्वारी (गली मनःकामेश्वर), रावतपाड़ा चौराहा (मुन्नालाल पेठे वाले) से प्रारंभ हुई। इसके बाद सवारी रावतपाड़ा, जौहरी बाजार (अग्रसेन मार्ग), सुभाष बाजार, दरेसी नंबर-1 (कोकामल मार्ग), दरेसी नंबर-2, छत्ता बाजार, कचहरी घाट, बेलनगंज, पथवारी, धूलियागंज, घटिया छिलीईंट, फुलट्टी बाजार, सेब का बाजार, किनारी बाजार, कसेरट बाजार होते हुए पुनः रावतपाड़ा पहुंचकर संपन्न हुई।
सवारी के दौरान मार्ग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। घरों और प्रतिष्ठानों से लोगों ने भगवान गणेश जी के दर्शन कर मंगलकामना की। रामलीला महोत्सव की परंपरागत धार्मिक गतिविधियों के क्रम में गणेश जी का नगर-परिभ्रमण श्रद्धा, उल्लास और सामाजिक सहभागिता का केंद्र बना रहा।
मंगलवार को दशानन देगा अपने सम्राट होने की दुहाई
श्री रामलीला महोत्सव की अगली महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में मंगलवार, 29 सितंबर को सायं 6 बजे रावण की दुहाई की सवारी निकाली जाएगी। इसके साथ रामलीला महोत्सव के आगामी प्रमुख आयोजनों का क्रम आगे बढ़ेगा। दशानन रावण सहित विभीषण, कुंभकरण, मेघनाथ, अहिरावण, सूर्पनखा भी अट्टहास करते हुए नगर भ्रमण को निकलेंगे। कमेटी पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों से धार्मिक उत्साह के साथ आयोजनों में सहभागिता का आह्वान किया है।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर विनोद जौहरी, मुकेश जौहरी, प्रवीण स्वरूप, अंजुल बंसल, महेश चंद्र अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, रामांशु शर्मा, प्रकाश अग्रवाल, राम राहुल शर्मा, दिलीप अग्रवाल, विनय बंसल, रामाशीष शर्मा, अरविंद अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, मनीष शर्मा, सौरभ गौतम, अनुज अग्रवाल, राम अभिषेक शर्मा, राहुल गौतम आदि उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन