भारतीय मजदूर संघ : जिला कार्यकारिणी की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, प्रभारियों व तहसील संयोजकों की नियुक्ति
Pragya News 24
Sun, Sep 27, 2026
हर कर्मचारी की आवाज बनेगा भारतीय मजदूर संघ : सौरभ शर्मा
आगरा। भारतीय मजदूर संघ जिला आगरा की जिला कार्यकारिणी की बैठक जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भगौर के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को तहसील स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने, कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने तथा संगठन की गतिविधियों को प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसी क्रम में जिला टीम में विभिन्न प्रभारियों एवं तहसील संयोजकों की नियुक्तियों की घोषणा की गई।
जिला कार्यकारिणी में अनामिका शर्मा, कुलदीप राना, जगन्नाथ शर्मा को प्रभारी नियुक्त किया गया। वहीं तहसील स्तर पर लोकेन्द्र तिवारी को सदर, राजेश सिंह को खेरागढ़, मंजू को फतेहाबाद, राहुल भारद्वाज को किरावली, डॉ. शैलेंद्र राजपूत को बाह तथा अंशुल पचौरी को एत्मादपुर तहसील का संयोजक घोषित किया गया।
बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की मजबूती का आधार जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता और कर्मचारियों से सीधा संवाद है। नवनियुक्त प्रभारी एवं तहसील संयोजक अपने-अपने क्षेत्रों में कर्मचारियों से संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को संगठन के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
जिला मंत्री सौरभ शर्मा ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ जिला आगरा प्रत्येक कर्मचारी की आवाज बनकर उभरेगा। संगठन का उद्देश्य केवल समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद, जागरूकता और समाधान की दिशा में प्रभावी प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश महामंत्री अनिल उपाध्याय द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में शीघ्र ही सभी क्षेत्रों में भारतीय मजदूर संघ की शाखाओं का गठन किया जाएगा, जिससे संगठन की पहुंच और अधिक व्यापक हो सके।
उन्होंने कहा कि तहसील स्तर पर संयोजकों की नियुक्ति के बाद संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलेगी और कर्मचारियों को अपनी समस्याएं संगठन तक पहुंचाने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रभावी मंच उपलब्ध होगा। साथ ही आगामी दिनों में सदस्यता, संपर्क अभियान एवं संगठन विस्तार के कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पप्पी धनगर, सोमेश शर्मा, कार्यालय प्रमुख ऋषिकेश झा से उपस्थित रहे। बैठक की व्यवस्थाओं में पार्षद प्रदीप अग्रवाल ने सहयोग प्रदान किया।
बैठक का संचालन जिला मंत्री सौरभ शर्मा ने किया। अंत में पदाधिकारियों ने नवनियुक्त प्रभारियों एवं तहसील संयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन के उद्देश्यों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन