: शिवालिक ग्रुप के छात्रों ने गरबा-डांडिया प्रस्तुतियों से किया मंत्र मुग्ध
Mon, Oct 23, 2023
आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण की पहल पर आगरा डेवलपमेंट फाउंडेशन द्वारा जोनल पार्क में आयोजित नवरात्रि महापर्व के अवसर पर आयोजित गरबा व डांडिया महोत्सव में शिवालिक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की दोनों शाखाओं शिवालिक कैंब्रिज कॉलेज एवं शिवालिक पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर जमकर धमाल मचाया।
कार्यक्रम शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक व पूर्व राज्य मंत्री जीएस धर्मेश एवं विशिष्ट अतिथि अपर जिलाधिकारी (खाद्य एवं आपूर्ति ) आगरा सुशीला अग्रवाल, संयुक्त सचिव आगरा विकास प्राधिकरण सोम कमल, शिवालिक ग्रुप का इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष एसएस यादव ने मातृ शक्ति नवदुर्गा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब माता जगदंबा ने राक्षसों का अंत किया तभी उन्हें प्रसन्न करने के लिए गरबा और डांडिया के महापर्व के आयोजन की शुरुआत हुई। उन्होंने छात्रों से अपने मन की बुराइयों को दूर करके अच्छाइयों को ग्रहण करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में गरबा-डांडिया करते विशेष परिधानों में सजे छात्र एवं शिक्षक आकर्षण का केंद्र रहे। इस मौके पर संघ के विभाग कार्यवाह पंकज खंडेलवाल भी प्रमुख रूप से उपस्तिथ रहे।
अतिथियों का स्वागत शिवालिक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के वाइस चेयरमैन शिवांग यादव, प्रबंध निदेशक गौरांग यादव, प्रधानाचार्या द्वय ने किया कार्यक्रम का सञ्चालन अविनाश वर्मा ने किया।
: ताजमहल पर टूटा पर्यटकों का सैलाब, व्यस्थायें चरमराई, हुआ बुरा हाल
Sun, Oct 22, 2023
Agra. रविवार को मोहब्बत की निशानी ताजमहल देशी विदेशी पर्यटकों से गुलजार नजर आया। भारी संख्या में पर्यटक ताजमहल का दीदार करने के लिए पहुँचे थे लेकिन इस बीच उन्हें अव्यवस्थाओं का सामना जरूर करना पड़ा। रविवार को शाम होते होते पर्यटकों की संख्या लगभग 30 हजार तक पहुँच गई। वहीँ बीते शनिवार को भी ताजमहल पर यही आलम देखने को मिला था।
लाइन में लगे पर्यटकों हुआ बुरा हाल
वीकेंड पर ताजमहल का दीदार करना पर्यटकों के लिए मुश्किल भरा रहा। ताजमहल का दीदार करने के लिए उन्हें लंबी लाइन से होकर गुजरना पड़ा। इस दौरान घंटो लाइन में लगे रहने से पर्यटक काफी परेशान हो गए। घंटो लाइन में लगने के बाद जब पर्यटक ताजमहल के अंदर पहुँचे तो उन्होंने राहत की सांस ली।
ऑनलाइन टिकट को लेकर हुई परेशानी
ताजमहल पर ऑनलाइन टिकट के लिए बार स्कैन कोड को लेकर भी पर्यटकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ताजमहल पर नेटवर्क स्लो के चलते इंटरनेट काम नहीं कर रहा था। जिसके चलते पर्यटक काफी परेशान घूमता हुआ दिखाई दिया।
रोड पर बन गई पार्किंग
रविवार को भारी संख्या में पर्यटक पहुँचा था। यह सभी पर्यटक अपनी गाड़ी या फिर ट्रेवल्स की गाड़ी से पहुँचे थे। आलम यह था कि पार्किंग फुल हो गई और गाड़ियां सड़कों पर लगने लगी। देखते ही देखते सड़क भी पार्किंग में तब्दील हो गयी।
शनिवार को 30426 पर्यटक पहुंचे। इनमें से आधे पर्यटकों को गोल्फ कार्ट उपलब्ध नहीं हो सकीं। जिस वजह से शिल्पग्राम में सुबह 7 बजे से गोल्फ कार्ट के इंतजार में पर्यटकों की कतार लगी रही। पर्यटकों को आधा किमी पैदल चलना पड़ा। रास्ते में लपकों और फर्जी गाइडों ने परेशान किया। पर्यटक लाचार नजर आए।
: पूजा के दौरान मनचले ने बेटी की कमर पर मार दिया हाथ, शिकायत करने पर हुआ झगड़ा
Sun, Oct 22, 2023
Agra. दुर्गा मां के नवरात्रे चल रहे हैं लेकिन मनचलों की हरकतें कम होती नजर नहीं आ रही है। नवरात्रों में भी छेड़खानी की वारदातें खूब हो रही है। छेड़खानी के चलते दो परिवारों में जमकर विवाद हुआ। लात घूसे चले, झगड़े में सिर भी फटे और फिर बाद में इलाज के लिए आगरा के जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उनका मेडिकल किया गया, साथ ही प्राथमिक उपचार भी दिया गया।
पूरा मामला कमला नगर थाना क्षेत्र के जसवंत की छतरी मोहल्ले का है। पीड़ित ने बताया कि शनिवार को पूजा करने के दौरान आगे गली में रहने वाले युवक ने उनकी बेटी के साथ छेड़खानी की। बेटी पूजा कर रही थी तभी पीछे से कमर पर आकर हाथ मार दिया। बेटी ने भाई से शिकायत की तो भाई ने आरोपी और उसके दोस्त की पिटाई कर दी। मामला शांत हो गया लेकिन आज सुबह आरोपी आधा दर्जन लोगों के साथ घर पर पहुंचा और घर में मौजूद महिलाओं की पिटाई कर दी।
पीड़ित ने बताया कि घटना के दौरान घर पर कोई पुरुष नहीं था। वह और उनके बेटे कम पर गए हुए थे। जब इस पूरी घटना की जानकारी उनकी बहू ने फोन दी तो वह काम छोड़कर घर पहुंचे तो आरोपी वहीं मौजूद थे। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने लाठी डंडों से उनका सिर फोड़ दिया। पीड़ित का कहना था कि उनकी बेटी के साथ आरोपी ने छेड़खानी की थी इसी का विरोध जताया था।
दूसरी ओर आरोपी पक्ष का कहना है कि उन्होंने उनकी बेटी के साथ छेड़खानी नहीं की है। झूठा आरोप लगाया जा रहा है। बेटी के साथ किसने छेड़खानी की, उसे भी नहीं मालूम लेकिन बेवजह उसे और उसकी दोस्त को पीटा गया। उन पर झूठा इल्जाम भी लगाया गया जिसको लेकर झगड़ा हुआ था।