: आगरा कॉलेज आर्मी विंग कैडेट शुभम यादव का भारतीय सेना में चयन
Sat, Sep 23, 2023
आगरा। जीवन में सभी कठिनाइयों का सामना करने के बाद, आगरा कॉलेज आर्मी विंग के कैडेट एसयूओ शुभम यादव ने एसएसबी (इलाहाबाद) की परीक्षा उत्तीर्ण की है। एनसीसी स्पेशल एंट्री-54 के माध्यम से अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी (ओटीए) के लिए उनकी सिफारिश की गई है।
आगरा कॉलेज एनसीसी आर्मी विंग के कंपनी कमांडर कैप्टेन अमित अग्रवाल ने बताया कि शुभम यादव की एसएसबी में ऑल इंडिया रैंक 29 है। वह 29 सितंबर से ओटीए चेन्नई में 49 सप्ताह का प्रशिक्षण ग्रहण करने चेन्नई जायेंगे। शुभम ने आगरा कॉलेज से एनसीसी की सी-प्रमाण पत्र की परीक्षा 'ए' ग्रेड में उत्तीर्ण की थी। वह एक होनहार कैडेट रहे है। वर्ष 2019 में उन्होंने ऑल इंडिया थल सैनिक कैंप में 7वीं रैंक हासिल की थी। वर्ष 2020 में उन्होंने गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लिया तथा उनका यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के लिए भी चयन हुआ था। शुभम के पिता भारतीय सेना से सूबेदार मेजर के पद से रिटायर्ड अधिकारी हैं वहीं उनकी बड़ी बहन भी भारतीय सेना में अधिकारी है।
उनके चयन पर आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो अनुराग शुक्ल, एनसीसी ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर अरुण यादव, 1 यूपी बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल एमएस रोहिल, प्रशासनिक अधिकारी कर्नल एस सुबीर कुमार, मेजर आरके सिंह, कैप्टेन अमित अग्रवाल, कैप्टेन रीता निगम, नीतेश शर्मा, डा संध्या अग्रवाल, नितिन भारद्वाज, तान्या जैन, यति मंगल, आशुतोष सिंह आदि ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की है और कहा कि उनकी सफलता अन्य कैडेट्स को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती है।
: फतेहपुर सीकरी में एक और विदेशी महिला गिरकर हुई बेहोश, तुरंत मिला इलाज़
Sat, Sep 23, 2023
Agra. फतेहपुर सीकरी में विदेशी मेहमानों के साथ हादसे बढ़ रहे है। गुरुवार को हुए हादसे से एएसआई उभर भी नहीं पाया था कि शनिवार को एक और विदेशी महिला पर्यटक गिरकर बेहोश हो गयी। 48 घंटे में यह दूसरी घटना थी। इस घटना से अफरा तफरी मच गई। मौके पर मौजूद पर्यटन पुलिस और टूरिस्ट गाइड ने मिलकर विदेशी पर्यटक को इलाज दिलवाया। अब विदेशी महिला सकुशल है।
शनिवार को आगरा के फतेहपुर सीकरी स्मारक घूमने के लिए स्पेन के पर्यटकों का एक दल पहुँचा था। गर्मी अधिक थी होने के चलते 60 साल की महिला पर्यटक कार्विन गेट के पास बेहोश होकर अचानक से गिर गई। उनके साथ चल रहे पर्यटकों ने उन्हें उठाया। पर्यटक अपने गाइड के साथ स्पेनिश पर्यटक का इलाज कराने के लिए ले गए। बताया जा रहा है कि महिला पर्यटक के गिरने से उसके पैर में चोट आ गयी। इलाज मिलने के बाद महिला पर्यटक खुश नजर आई और एक वीडियो भी साझा किया।
आपकों बताते चले कि गुरुवार को फ्रांस की 61 साल की महिला पर्यटक एस्मा फोटोग्राफी करते समय रेलिंग सहित नीचे गिर गईं थी। उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने और इंटरनल ब्लीडिंग होने से उनकी मौत हो गई थी। शनिवार को फिर से विदेशी महिला के गिरने से हड़कंप मच गया था।
: चली संग ले सखी सयानी, गावत गीत मनोहर वाणी…सोह नवल तनु सुन्दर सारी, जगत जननि अतुलित छवि भारी…
Sat, Sep 23, 2023
आगरा। ढोल मंजीरों संग मंगल गीतों की उमंग, श्रीराम सीता के विवाह उत्सव के उत्साह में डूबे भक्त और सियावर राम जयंद्र के साथ बजरंग बली के जयकारे। श्रीराम के धनुष तोड़ते ही जनक दुलारी ने जैसे ही श्रीराम के गले में वरमाला डाली, कथा स्थल पर हजारों भक्त दोनों हाथ ऊपर कर जयकारे लगाते हुए श्रीहरि और श्रीजी के चरणों में खुद को समर्पित नजर आए। श्री कामतानाथ सेवा समिति द्वारा चित्रकूट धाम (कोठी मीना बाजार) में आयोजित श्रीराम कथा में आज श्री कामदगिरि पीठाधीश्वर श्रीमद् जगतगुरु राम नंदाचार्य स्वामी रामस्वरूपाचार्य महाराज ने श्रीराम कथा में आज ताड़का वध, अहिल्या उद्धार और सियाराम के विवाह का वर्णन किया।
ताड़का वध के बाद उसके पुत्र मारीच और सुबाहु विश्वासमित्र के आश्रम में श्रीराम का वध करने पहुंचे। स्वामी रामस्वरूपाचार्य महाराज ने कहा कि मारीच दोष और सुबहु दु:ख था। दुःख को खत्म करने के लिए पहले दोष को दूर किया जाता है। इसलिए श्रीराम ने अपने एक बाण से मारीच को रावम के पास पहुंचा दिया जिससे सुबहु नाम के दुख का अंत हुआ। कहा हमारे जीवन में जो दुख हैं उसका कारण हमारे दोष हैं। इसलिए जीवन के दोषों को दूर करो तो सुख अपने आप आ जाएगा। जैसे सिगरेट के दोष छोड़े बिना खांसी जैसे दुख समाप्त नहीं हो सकता।
कथा में बांटी जाएंगी हजारों श्रीरामचरित मानस
स्वामी रामस्वरूपाचार्य महाराज ने कहा कि मैंने श्रीरामचरित मानस को राष्ट्रीय ग्रंथ घोषित करवाने का संकल्प लिया। इसके लिए कामदगिरी चित्रकूट धाम से अभियान प्रारम्भ किया गया है। 25 सितम्बर को कथा परिसर में हजारों श्रीरामचरित मानस बांटी जाएंगी। जिससे घर-घर में राम चरित मानस पहुंचे और लोग उसका पाठ करें। हर सनातनी के प्राण हैं रामचरित मानस। हर हिन्दू के घर में तुलसी दल और रामचरित मानस होनी चाहिए। कहा कि श्रीराम चरित मानस को राष्ट्रीय ग्रंथ घोषित करने के लिए उन्होंने बजरंग सेना का गठन किया है। हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा रहा है।
कथा में आज बटेश्वर धाम के अयोध्यादास जी महाराज, जयप्रकाश त्यागी, समिति के अध्यक्ष जय भोले, धमेन्द्र त्यागी, श्रीकांत त्यागी, हाकिम सिंह त्यागी, पिंकी त्यागी, हाथरस की जिलापंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, भगवान दास कुशवाह, डॉ. एके भट्टाचार्य, लवलेश चौधरी, अशोक पचौरी, अर्जुन त्यागी, विनोद त्यागी, भावेश राय, प्रिंस बाजपाई, गुलाब चंद दीक्षित आदि उपस्थित थे।