: होप ऑन होप ऑफ बसों का संचालन शुरू, कर सकेंगे ऐतिहासिक स्मारकों का एकदिनी भ्रमण
Sat, Nov 4, 2023
आगरा. 04 नवंबर 2023। पर्यटन को बढ़ाने और देसी-विदेशी पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य के साथ आज शनिवार को आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट से मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी, जिलाधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी और नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल द्वारा 5 होप ऑन होप ऑफ बसों को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया गया। पहले ही दिन टिकट बुक कराकर इन बसों में सफर करने वाले देसी-विदेशी पर्यटकों की भीड़ दिखी। सभी के चेहरे पर एक अलग ही उत्साह नज़र आ रहा था। हरी झंडी दिखाने से पहले मंडलायुक्त द्वारा बस के गेट पर फ़ीता काटा गया जिसके बाद पर्यटकों ने बसों में प्रवेश किया।
आगरा मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने बताया कि आगरा में देश के कोने-कोने से और विदेश से काफी संख्या में पर्यटक आते हैं। उनकी सुविधा के लिए इन बसों का संचालन शुरू किया गया है। प्रति यात्री पूरे दिन कीमत टिकट रु 250 तय की गई। अभी टिकट बुक कराने के लिए ऑफलाइन सुविधा है लेकिन जल्द ही इस सुविधा को ऑनलाइन भी किया जाएगा।
मंडलायुक्त ने बताया कि ये बसें पर्यटकों के लिए एकीकृत बस सेवा के रूप में संचालित हो रही है। ये बसें पूर्णतः इलेक्ट्रिक है और इनमें जीपीएस लगा हुआ है। सुरक्षा की दृष्टि से बस में 5 कैमरे, लाइव ट्रैकिंग सिस्टम ऑन है और पूरी तरह से वातानुकूलित है। जिसमें ई टिकटिंग, गाइड, रुट चार्ट डिस्प्ले बोर्ड जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं दी गयीं हैं। इन बसों के रूट भी निर्धारित किये गए हैं। पहला रूट आगरा कैंट से शिल्पग्राम, आगरा फोर्ट, एत्माद्दौला, सिकंदरा, गुरु का ताल, आईएसबीटी, आगरा कैंट तक निर्धारित है तो वहीँ दूसरा रूट आगरा कैंट, शिल्पग्राम, आगरा फोर्ट, एत्माद्दौला, गुरु का ताल, सिकंदरा से फतेहपुर सीकरी तक निर्धारित किया गया।
4
क्यूआरटी वाहनों को दिखाई हरी झंडी
आगरा नगर निगम द्वारा ताजमहल के आसपास एवं उसकी परिधि में त्वरित सफाई हेतु आज से 4 क्यूआरटी वाहनों मय टीम का संचालन शुरू किया गया है जिसका शुभारंभ मंडलायुक्त महोदया रितु माहेश्वरी, जिलाधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी और नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल द्वारा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मंडल आयुक्त ने बताया कि ताजमहल के आसपास सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए इन क्यूआरटी वाहनों का संचालन किया गया है। इन वाहनों पर सफाई टीम भी मौजूद रहेगी। ताजमहल के आसपास कहीं भी गंदगी दिखने पर कोई भी नगर निगम द्वारा जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर 9068133345 पर शिकायत व्हाट्सएप कर सकता है। शिकायत दर्ज़ होते ही क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंच सफाई कार्य को अंजाम देगी।
एक क्यूआरटी आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट से ताज के पूर्वी गेट तक। दूसरी, पूर्वी गेट से दक्षिणी गेट होते हुए पश्चिमी गेट स्थित पार्किंग तक। तीसरी क्यूआरटी आगरा फोर्ट से बिजलीघर चौराहा, फोर्ट रेलवे स्टेशन से यमुना किनारा रोड़ होते हुए झलकारी बाई चौराहे तक तथा चौथी क्यूआरटी टीम जमुना किनारा स्ट्रेची पुल से एतमाद्दौला थाने तक सफाई कार्य सुनिश्चित करेगी।
: प्रज्ञा न्यूज 24… मीट एट आगरा रू 2000 करोड़ के संभावित कारोबार की रखी आधारशिला
Sun, Oct 29, 2023
लेदर इंडस्ट्री के समागम में 12791 विजिटर्स की सहभागिता से ऐतिहासिक बना तीन दिवसीय फेयर
आखिरी दिन एग्जीबिटर्स की विदाई के बीच सामने आये कारोबार के शानदार आंकड़े
आगरा। तीन दिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे के बीच महज चौबीस घंटे का कारोबारी वक्त, जिसमें रखी गई 2000 करोड़ के संभावित कारोबार की आधारशिला। मीट एट आगरा पन्द्रहवें संस्करण के अमृतकलश से निकला यह कारोबारी आंकड़ा, आगरा की जमीं को तीन दिन के लिए आर्थिक राजधानी साबित करने वाला रहा। रविवार को गांव सिंगना पर फेयर के आखिरी दिन एफमेक अध्यक्ष पूरन डावर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सरकार निर्यात के जिस लक्ष्य को लेकर चल रही रही है आज उसे भारत महज अचीव ही नहीं कर रहा बल्कि इंडस्ट्री तेज गति से आगे बढ़ते हुए स्वयं को वर्ल्ड लीडर साबित करने के लिए अग्रसर है। इस फेयर में जो आकड़े सामने आये हैं वह निश्चित रूप से तेजी से आगे बढ़ती देश की अर्थव्यवस्था की ओर इशारा है। इस मौके पर लघु उद्योग निगम के उपाध्यक्ष राकेश गर्ग, जीआई विशेषज्ञ पद्मश्री रजनीकांत द्विवेदी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
यह सच है कि इस फेयर में सीधे तौर पर खरीददारी नहीं होती है लेकिन आने वाले विंटर सीजन में फुटवियर और कम्पोनेट सेक्टर की डिमांड के अनुसार संभावित कारोबारी आंकड़े एक बड़ी फिगर के रूप में सामने आ रहे हैं, हम उत्साहित हैं कि मीट एट आगरा में तीन दिनों में लगभग 2000 करोड़ के कारोबार की बुनियाद रखी गई जो निश्चित रूप से तेजी से भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था की रफ़्तार की ओर इशारा है।
पूरन डावर, अध्यक्ष, एफमेक
मीट एट आगरा के इस आयोजन ने एक छत के नीचे उद्यमियों को देश और दुनिया की नवीनतम तकनीक से खुद को जागरूक करने का अवसर दिया है यह फुटवियर इंडस्ट्री के लिए एक प्रकार से वरदान कह सकते हैं इस प्रकार के आयोजन कारोबार को बूम देने के साथ अर्थव्यवस्था को गति देने में सहायक होते हैं।
गोपाल गुप्ता, अध्यक्ष, ऑर्गनाजिंग कमेटी
लगभग 13 फ़ीसदी कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट के साथ भारत में फुटवियर उद्योग 8 गुना बढ़ने की उम्मीद है जबकि फिलहाल विश्व में फुटवियर उद्योग 2.8 फ़ीसदी कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट के साथ बढ़ रहा है जबकि भारत में अभी 9.8 फ़ीसदी कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट के साथ बढ़ रहा है।
राजीव वासन, महासचिव, एफमेक
इस आयोजन में निश्चित रूप से फुटवियर ट्रेड का समागम देखने को मिला, मीट एट आगरा ने इस साल अपनी ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। यह आयोजन ने ट्रेड से जुड़े लोगों को न सिर्फ नवीन तकनीक से परिचित कराया वल्कि नए उद्योग लगाने के प्रेरित भी किया है।
ललित अरोरा, सचिव, एफमेक
एग्जीबिटर्स को सर्वश्रेष्ठ स्टॉल के लिए किया गया पुरस्कृत
सर्वश्रेष्ठ स्टॉल डिज़ाइनिंग कॉम्पोनेन्ट - मनीष धवन (एमआर लेदर / शैली ट्रेडर्स)
सर्वश्रेष्ठ स्टॉल मशीनरी - नागराज (संगीता एंटरप्राइजेज)
सर्वश्रेष्ठ इनोवेटिव प्रोडक्ट - शैलेश पाठक (स्टॉक ऑन केमिकल)
सर्वश्रेष्ठ नवोन्मेषी उत्पाद - साक्षी बजाज / मनोज बजाज (सिल्वर रोज़)
आकड़े जो आये सामने
कुल एग्जीबिटर्स -12791
एग्जीबिटर्स - 220
रजिस्टर्ड बिजिनेस विजिटर्स - 4212
कुल संभावित कारोबार लगभग - 2000 करोड़ रूपये
शाम तक आते रहे विजिटर्स
तीन दिन के इस फेयर में रविवार को अंतिम दिन शाम 6 बजे तक 12791 विजिटर्स ने प्रतिभाग किया। एफमेक के सुधीर गुप्ता ने बताया कि सुबह से लेकर देर शाम तक लगातार विज़िटर्स का आना जारी रहा। कुल 220 एग्जीबिटर्स जिन पर 170 कंपनियों के उत्पाद पेश किये गए। जिनमें 4511 रजिस्टर्ड बिजिनेस विजिटर्स ने भाग लिया। इनमें भविष्य के उद्यमियों की संख्या भी ख़ास रही, कुल 3723 ऐसे लोग आये जो आने वाले वक्त में जूता उद्योग की कड़ी बन सकते हैं।
मुख्य रूप से हुए शामिल
एफमेक के चंद्रशेखर जीपीआई, रैम्बल के सुबेन्दु, परफेक्ट पैकर्स के विकास महाजन, अंकुर महाजन, स्पेरीन कंपाउंडिंग के शिवम शर्मा, सीएस आहूजा ओवरसीज के विजय आहूजा, अभिषेक मिश्रा, ईसीजीसी लि. के आशीष वर्मा, विकास इकोटेक के भूपेन्द्र सिंह, केएलजे ग्रुप से विनय गुप्ता, डीएसएम सोल्स के कपिल पलवार, अल्बर्टाे टोरेस्टी के अर्पित ग्रोवर, आईसीआईसीआई बैंक राजेंद्र सिंह, पुनित गोयल, ईगल फोर्जिंग्स अनिल शर्मा, आरबीएस इंटरलाइनिंग क्लॉथ के आर बच्चू सिंह, विजयपाल, अमर नाथ एंड संस के कपिल मगन, वाईकेके जैन इंटरनेशनल के अतुल जैन इस दौरान मुख्य रूप से मौजूद रहे।
https://youtu.be/bBBcaObZdB4
: मीट एट आगरा : तीन दिन विश्व के फुटवियर ट्रेड की मेजबानी करेगा आगरा
Fri, Oct 27, 2023
आगरा। दुनिया के फुटवियर बाजार की मेजबानी करने के लिए आगरा पूरी तरह तैयार हो चुका है। 30 से अधिक देश और लगभग 220 से अधिक एग्जीबिटर्स एक छत के नीचे फुटवियर ट्रेड के महाकुम्भ कहे जाने वाले मीट एट आगरा के पन्द्रहवें संस्करण में शामिल होने आगरा आ चुके हैं। इस भव्य आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
फुटवियर मैन्युफेक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैम्बर (एफमेक) द्वारा सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर पर आयोजित हो रहा तीन दिवसीय फेयर मीट एट आगरा कल 27 से 29 अक्टूबर तक चलेगा। गुरुवार को इस आयोजन को लेकर में सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर पर एक प्रेसवार्ता आयोजित की गई।
आयोजन के विषय में जानकारी देते हुए एफमेक अध्यक्ष पूरन डावर ने कहा कि मीट एट आगरा इस बार अब तक का सबसे ख़ास आयोजन होने जा रहा है। डेढ़ दशक की अपनी यात्रा में इस आयोजन ने देश में ही नहीं दुनिया में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। फुटवियर, कम्पोनेंट्स के साथ जूता बनाने की दुनियां की अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी की मशीनरी यहाँ देखने को मिलेगी। इससे आगरा ही नहीं देश के विभिन्न प्रदेशों के कारोबारी लाभान्वित होंगे। भारतीय फुटवियर उद्योग की बात करें तो यह बाज़ार समय के साथ तेजी से बदल रहा है और लगातार अपना दायरा बढ़ा रहा है।
बदलती लाइफस्टाइल समय के साथ बढ़ती आधुनिकता की वजह से फुटवियर की मांग हर रोज बढ़ रही है। अलग-अलग वैरायटी, डिजाइन बदलते फैशन और लोगों की जरूरतों ने इस उद्योग को पंख लगा दिए हैं साथ ही ई-कॉमर्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के आने से फुटवियर इंडस्ट्री को काफी फायदा हो रहा है। भारत ही नहीं दुनिया भर में फुटवियर का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। अगर इस इंडस्ट्री को आंकड़ों के जरिए समझें तो 2022 में फुटवियर का वैश्विक बाजार 382 बिलियन डॉलर का रहा जबकि भारत में 2022 में फुटवियर उद्योग 15 बिलियन डॉलर से ऊपर जा पहुंचा। यह इस बात को समझने के लिए पर्याप्त हैं कि भारतीय अर्थव्यवस्था में फुटवियर उद्योग की कितनी महत्वपूर्ण भूमिका है ऐसे में इस प्रकार के आयोजन अर्थव्यवस्था को गति देने का काम करते हैं।
एफमेक कन्वीनर कैप्टन ए. एस. राणा ने कहा कि अगर प्रति प्यक्ति कंजप्शन को देखा जाए तो दुनिया में हर व्यक्ति साल में औसतन लगभग 3 जोड़े यानि 2.9 जोड़े फुटवियर का इस्तेमाल करता है जबकि भारत में हर व्यक्ति साल में ओसत दो जोड़े से कम यानि 1.8 जोड़े फुटवियर का इस्तेमाल करता है। माना जा रहा है कि समय के साथ बड़ी संख्या में भारतीय आबादी के मिडिल क्लास सेगमेंट में जाने से फुटवियर का उपभोग और डिमांड तेजी से उपर जाने की उम्मीद है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने कहा कि अब वक्त है हम अपने प्रोडक्ट्स की क्वालिटी वैश्विक बाजार को ध्यान में रखकर विकसित करें। यह फेयर इस कारोबार से जुड़े हर व्यक्ति के लिए गूगल सर्च इंजन की तरह एक है जहाँ हम वो सब कुछ एक छत के नीचे पाएंगे जो आज हमारी जरुरत है।
ओर्गनाइजिंग कमेटी के चेयरमैन गोपाल गुप्ता ने कहा कि फुटवियर के प्रोडक्शन और कंजप्शन के मामले में भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर आता है। केवल चीन ही इन दोनों पहलुओं पर भारत से आगे है। दुनिया में कुल फुटवियर उत्पादन में शीर्ष 10 देशों की बात करें तो चीन इसमें पहले पायदान पर आता है। हम सरकारों के सहयोग से इस स्थिति को बदल सकते हैं। बस आवश्यकता है उत्तम गुणवत्ता के साथ प्रोडक्शन की।
भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर
एफमेक सचिव ललित अरोड़ा ने कहा कि भारत दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा फुटवियर उत्पादक है और हम अपने उत्पादन का 10 फीसदी हिस्सा निर्यात करते हैं लेकिन हम अपनी फुटवियर जरूरतों को खुद पूरा करने में आज सक्षम है। भारत में बनने वाले कुल उत्पादन में से 90 फीसदी फुटवियर का का इस्तेमाल देश में ही किया जाता है ।
शुक्रवार को होगा फेयर का उदघाटन होगा
शुक्रवार से शुरू होने जा रहे इस तीन दिवसीय फेयर का उदघाटन भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल एवं प्रदेश सरकार के केबिनेट योगेंद्र उपाध्याय, सांसद राजकुमार चाहर द्वारा किया जाएगा।
इस मौके पर एफमेक के अनिरुद्ध तिवारी, कपिल मगन, सुधीर गुप्ता, चंद्र शेखर जीपीआई, सीएलई के आर.के. शुक्ला आदि विशेष रूप से मौजूद रहे।