: खुद का आत्मविश्वास जगाएंगी तभी कहलाएंगी “शी विल इंस्पायर”
Mon, Jan 20, 2025
स्टार्ट अप करने वाली महिला उद्यमियों की संस्था शी विल इंस्पायर ने किया विंग्स आफ 2025 का आयोजन
महिला सुरक्षा और अधिकार पर इंटरनेशनल मोटिवेशनल स्पीकर और कराटे चैंपिययन अपर्णा राजावत ने दिए टिप्स
आगरा। तूफानों से आंख मिलाओ, सैलाबों पे वार करो, मल्लाहों का चक्कर छोड़ो, तैर के दरिया पार करो…जमीन तुम्हारी है, अब आसमान पूरा अपना करो…क्योंकि आप शी विल इंस्पायर हो। संस्थापक राशि गर्ग ने इन पंक्तियों के साथ शी विल इंस्पायर संस्था के नये सत्र विंग्स आफ 2025 का आगाज किया। सोमवार को होटल होलीडे इन में स्टार्ट अप कर स्वयं की पहचान बनाने वाली महिलाओं की संस्था शी विल इंस्पायर के कार्यक्रम विंग्स आफ 2025 का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ बबिता चौहान, डॉ रंजना बंसल, अपर्णा रजावत और मानसी चंद्रा ने दीप प्रज्जवलित कर किया। मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग डॉ बबिता चौहान ने कहा कि हर महिला स्वयं में सशक्त है, बस आत्मविश्वास जगाने भर की देर है। कुछ नया प्रयास करने वाली महिलाओं के लिए शी विल इंस्पायर संस्था प्रेरणा का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं आत्मनिर्भर बनकर निचले तबके की महिलाओं को स्वावलंबन की राह पर चलने का सहयोग करें। अपनी काबिलियत है कमजोर वर्ग काे काबिल करें।
डॉ रंजना बंसल ने कहा कि वो दौर अब बीत चुका है जब महिलाओं को सिर्फ शिक्षक या डॉक्टर के कार्यों तक ही सीमित रखा जाता था। काबिलियत महिला और पुरुष का भेद नहीं करती। आपमें यदि लगन है और काबिलियत है तो किसी भी क्षेत्र में सफल हो सकती हैं।
संस्थापक राशि गर्ग ने संस्था का परिचय देते हुए कहा कि कुछ नया और अपना काम करने वाली महिलाएं संस्था से जुड़ी हुयी हैं। जिन महिलाओं ने परंपरागत सोच से हटकर अपना स्टार्ट अप किया है उन महिलाओं को संस्था नेटवर्किंग के लिए प्लेटफार्म उपलब्ध कराती है। साथ ही समय− समय पर कौशल विकास के लिए कार्यशालाएं भी आयोजित की जाती हैं। युवा महिला उद्यमी संस्था से जुड़कर अपने उद्यम को विस्तारित और प्रचारित करती हैं।
संस्था का उद्देश्य है सशक्त नारी, सशक्त भारत और मिलकर चलेंगे विकास करेंगे। एकजुट होकर सभी इसी दिशा में अग्रसित हैं। सभी के सपने एक हैं। आत्मविश्वास के साथ स्वयं की पहचान बनाना, यही ध्येय है।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में पिंक बैल्ट मिशन की संस्थापक, वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर, इंटरनेशनल मोटिवेशन स्पीकर एवं नेशनल कराटे चैंपियन अपर्णा राजावत ने नारी सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा एवं अधिकार विषय पर कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने लाइव डेमो के माध्यम से आत्मरक्षा के टिप्स सदस्याओं को दिए।कहा कि आपकी थोड़ी सी सजगता आप पर होने वाले हमले को रोक सकती है। फाइट, फ्लेट और फ्लाइ के सूत्र को ध्यान में रखें। विपरीत परिस्थितियों में घिरने पर सर्व प्रथम फाइट करके हमलावर को परास्त कर वहां से तुरंत भाग जाएं। उन्होंने शरीर के नाजुक अंगों पर वार करने के टिप्स भी दिए। साथ ही बताया कि स्वयं के भीतर की उर्जा के रंग को पहचानें। कमजोर होना अलग बात है और कमजोर दिखना अलग। महत्व रखता है कि आप सदैव शेरनी की भांति ही दिखें ताकि किसी के लिए भी आप साफ्ट टारगेट न बन सकें।
कार्यक्रम का संचालन प्रिली जैन और डिंपल राज ने किया। दिव्या गुप्ता और कीर्ति खंडेलवाल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। नव्या खन्ना और नेहा विज ने अतिथियों का परिचय दिया। धन्यवाद सान्या डावर ने दिया। कृतिका खन्ना, दीक्षा असवानी, पूजा लूथरा, दिशा जैन, आकृति जैन, अंशिका सरकार, वृंदा, तनु जैन, नुपूर, मीनाक्षी, रुचि गुप्ता आदि ने व्यवस्थाएं संभाली।
: अपने सपनों को पंख बनाएंगे तभी पूरा आसामान अपना कर पाएंगे
Sat, Jan 18, 2025
वर्ष की पहली सभा में स्पाइसी शुगर संस्था की सदस्याओं ने साझा किये जीवन संघर्ष अनुभव
संस्थापक अध्यक्ष पूनम सचदेवा बाेलीें, जीवन की असफलता बनती हैं सफलता की सीढ़ियां
21 महिलाओं ने संघर्ष के रास्ते पर चलकर तय की सफलता की मंजिल, पूरे किये सपने अपने
आगरा। नन्हीं आंखें जो सपने देखती हैं, उन्हें पूरा करने के लिए कड़ा संघर्ष जीवन में करना पड़ता है। लेकिन यदि संघर्ष न करो और अपने सपनों को पूरा न करो तो रातों में नींद नहीं आती। इसलिए सपने देखें और अपने सपनों को अपने पंख बनाएं…इस ध्येय वाक्य के साथ स्पाइसी शुगर संस्था ने जनवरी माह की पहली आम सभा का आयोजन किया।
शनिवार को हरिपर्वत स्थित होटल होलीडे इन में आयोजित स्पाइसी शुगर के कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्जवलन के साथ हुआ।
संस्था की 21 सदस्याओं ने अपने− अपने सपनों को पूरा करने, सफलता प्राप्त करने तक के सफर को शब्दबद्ध किया। सदस्यों ने जीवन के सफरनामा के अनछुए पहलुओं को जब सबके समक्ष रखा तो संवेदना, प्रेरणा और समर्पण की त्रिवेणी की रेखा सब की मन पर खिंच गई।
संस्थापक अध्यक्ष पूनम सचदेवा ने कहा कि बहुत छोटी उम्र में स्कूल में एक नाटक में अभिनय किया। नाटक में एक आदर्श सास का किरदार निभाकर जो प्रशंसा मिली, उससे आत्मविश्वास बढ़ा। अभिनय की दुनिया में स्थापित होने का सपना वर्ष दर वर्ष बढ़ता गया किंतु पिताजी ने शिक्षा पर जोर देने को कहा तो अपने सपनों को नन्हीं आंखाें में ही छुपा लिया। शिक्षा के बाद वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। संपन्नता के बावजूद एक कमी रातों को सोने नहीं देती थी। अंतरात्मा स्वयं का वजूद तलाशती रही। 2014 में कौन बनेगा करोड़पति में प्रवेश, सिने अभिनेता अमिताभ बच्चन से भेंट, सपनों को परवान मिल ही रही थी कि कॉन्टेस्ट में मिली असफलता ने धरातल पर ला दिया। स्वयं को फिर बटोरा और यूट्यूब पर स्वयं का चैनल दिल से दिल की बातें लॉन्च किया। आज उस चैनल के चार लाख से अधिक सब्स्क्राइबर हैं, देश विदेश में पहचान बनी है। उन्होंने बताया कि घर की देहरी में रहते हुए भाैतिक जीवन जीने वाली महिलाओं को ज्ञान और मनोरंजन की जुगलबंदी के साथ एक मंच पर लाने का काम स्पाइसी शुगर संस्था के माध्यम से 2019 में आरंभ किया जो आज एक शानदार रूप ले चुका है। उन्होंने बताया कि इस सफर में उनके लिए मिल का पत्थर साबित हुआ अंतरराष्ट्रीय मंच टेडेक्स पर आना। आज रात में नींद भी सुकून भरी आती है क्योंकि जो सपना था वो पूरा हुआ है।
इसी कड़ी में कोमिला धर ने अपने केक आर्टिस्ट बनने के सफर को साझा किया। उन्होंने कहा कि शौक को जब जीवन बना लिया तो देश के टॉप केक आर्टिस्ट में स्वयं स्थापित कर लिया।
ऋचा बंसल ने कहा कि तुम पैदा हुए सब खुश हुए, लेकिन जीवन ऐसे जियो कि जब जाओ तो सबकी आंखें नम हों।
सिमरन अवतानी ने अपने जीवन कड़े संघर्ष को जब बयां किया तो हर आंख नम हो गई। उन्होंने कहा कि जब हम अपने डर से बाहर आ जाते हैं तो जीवन के दृश्यों को बदल सकते हैं।
रेनू लांबा ने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन एक सफर है जिसका हर पल एक खजाना है।
रोली सिन्हा ने बताया कि अपनी लेखनी को जिंदा रखते हुए दूसरों के लिए प्ररेणा बनीं। शिखा जैन ने कहा कि इवेंट मैनेजर का क्षेत्र पुरुष वर्चस्व का है किंतु आत्मविश्वास ने उन्हें इस क्षेत्र में स्थापित होने में सहायता की।
कविता अग्रवाल ने अपने मैथ्स, इंग्लिश और बच्चों को पढ़ाने के जुनून को साकार किया। चांदनी ग्रोवर ने अपने मेकअप आर्टिस्ट बनने के सफर को बताया। इसी कड़ी में पुष्पा पोपटानी, अशिता बत्रा, साधना भार्गव, स्वाति पारसवानी, स्नेहा जैन, माला जसूजा, सोनाली खंडेलवाल, शिल्पा भाटिया, श्रुति कपूर, सौम्या श्रीवास्तव, हरमीत कौर ने अपने सपनों के पूरा होने तक के सफर को साझा किया और सभी को प्रेरणा दी। कार्यक्रम में पावनी सचदेवा और चांदनी ग्रोवर ने सभी का स्वागत किया।
: कम्बल वितरण कर मनाया मकर संक्रांति का पर्व
Wed, Jan 15, 2025
जय झूलेलाल सेवा संगठन और सी.एस. भरत हासानी एसोसिएट्स एंड ट्रेडमार्क सर्विस के सामूहिक सहयोग से जरूरतमंदो को कम्बल वितरण कर मकर संक्रांति का पर्व मनाया गया। जिसमें कमला नगर, दयालबाग, एम जी रोड, सेंट जॉन्स चौराहा आदि स्थानों पर सड़क किनारे रह रहे गरीबों को कम्बल वितरण कर सर्दी से राहत प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जय झूलेलाल सेवा संगठन के अध्यक्ष दीपक आतवानी, महामंत्री राजीव नागरानी, सी.एस.भरत हासानी, नितिन सुखेजा, मनीष हरजानी, मनीष रामानी, कपिल वालेचा, लक्की सावलानी, शेरू साधवानी, सुनील मखीजा, किशोर थारवानी, ओम प्रकाश हासानी, भव गोयल, प्रखर पाठक, हरीश मेंहदीरत्ता, सी.ए.आलोक मिश्रा, आशीष साराभाई आदि की उपस्थिति रही।