भारतीय मजदूर संघ : विश्वकर्मा जयंती पर भारतीय मजदूर संघ ने मनाया राष्ट्रीय श्रमिक दिवस
Pragya News 24
Tue, Sep 15, 2026
श्रम की गरिमा और श्रमिकों के अधिकारों पर जोर, सत्यम बने जिला व्यवस्था प्रमुख
आगरा। भारतीय मजदूर संघ की ओर से विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय श्रमिक दिवस कार्यक्रम का आयोजन कन्हैया लाल माणिकलाल मुंशी हिंदी तथा भाषा विज्ञान विद्यापीठ, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, पालीवाल पार्क में किया गया। कार्यक्रम में श्रमिकों के सम्मान, अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण के साथ भारतीय मजदूर संघ की स्थापना और उसके उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यवाह सुनील दीक्षित ने भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण और श्रम के प्रतीक हैं। समाज और राष्ट्र के निर्माण में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उनके योगदान को सम्मान और उचित स्थान मिलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान तथा सामाजिक एवं आर्थिक हितों की सुरक्षा के लिए भारतीय मजदूर संघ की भूमिका महत्वपूर्ण है। श्रमिकों को संगठित होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि श्रम केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है।
श्रमिक हितों और अधिकारों के लिए निरंतर प्रयासरत है भारतीय मजदूर संघ
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सौरभ शर्मा ने किया। उन्होंने भारतीय मजदूर संघ की स्थापना, विचारधारा एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन श्रमिकों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता और कार्यस्थल पर सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए संगठन निरंतर प्रयास करता है। विश्वकर्मा जयंती को राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के रूप में मनाने का उद्देश्य श्रम की गरिमा को प्रतिष्ठित करना तथा समाज और राष्ट्र के निर्माण में श्रमिकों के योगदान को सम्मान देना है।
सत्यम को मिली जिला व्यवस्था प्रमुख की जिम्मेदारी
कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुण दरखाटी ने की। इस दौरान संगठनात्मक दायित्व के तहत सत्यम को जिला व्यवस्था प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष अनुपम चौधरी, महिला प्रभारी सरिता गौतम, जिला प्रचार मंत्री सीमेश शर्मा, आफताब आलम, इंतजार सलीम सहित भारतीय मजदूर संघ के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन