: नवागत मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह पहुँचे कमिश्नरी, संभाला चार्ज
Mon, Jan 20, 2025
आगरा. आज नवागत मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कमिश्नरी पहुंच कर मंडलायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। नवागत मंडलायुक्त को कमिश्नरी पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा मंडलीय अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ देकर भव्य स्वागत किया। तत्पश्चात मंडलायुक्त महोदय ने मौजूद अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया तथा कमिश्नरी परिसर का भ्रमण कर सभी कार्यालयों की व्यवस्था संचालन का निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह 2009 बैच के आईएएस अधिकारी हैं तथा मूलरूप से आजमगढ़ जनपद के निवासी हैं। इससे पूर्व जनपद मथुरा, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद के जिलाधिकारी के दायित्व को निर्वहन किया है।
मंडलायुक्त महोदय ने पत्रकार वार्ता में बताया कि वह मंडल के अंतर्गत लगभग सभी जनपदों में विभिन्न दायित्वों पर कार्य कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं को धरातल पर बेहतर संचालित करने, शासन द्वारा निर्दिष्ट सभी प्राथमिकताओं पर प्रभावी रूप से कार्य किया जाएगा। विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी में उद्योग, पर्यटन विकास, सरकार की सेवाओं तक आमजन की पहुंच हेतु प्राथमिकता पर कार्य किया जाएगा।
मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मेरा प्रयास रहेगा कि मंडल के जनपद स्तर की समस्याएं हैं उसे शासन स्तर पर पहुंचाना और जो शासन स्तर की अपेक्षाएं हैं उनको जनपद स्तर तक पहुंचाना। मेरा पूरा प्रयास होगा कि जो मंडलायुक्त के रूप में जो मंडलीय दायित्व हैं, पूरी टीम को साथ लेकर सबसे समन्वय स्थापित कर शासन के मंशा अनुरूप, गुणवत्ता परक और समयबद्ध पूर्वक निर्वहन करेंगे। उन्होंने पर्यटन के संबंध में बताया कि पर्यटन नगरी के रूप में किसी भी शहर को किसी भी क्षेत्र को विकसित करने के लिए सबसे जरूरी चीज होती है अवस्थापना, इस क्षेत्र में और बेहतर करने तथा लोगों के मन में सुरक्षा का एहसास हो, इस पर कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर आयुक्त मंजूलता, व्यैक्तिक सहायक पदमचंद मिश्रा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गोविंद वर्मा सहित कमिश्नरी के सभी अधिकारीगण मौजूद रहे।
: खुद का आत्मविश्वास जगाएंगी तभी कहलाएंगी “शी विल इंस्पायर”
Mon, Jan 20, 2025
स्टार्ट अप करने वाली महिला उद्यमियों की संस्था शी विल इंस्पायर ने किया विंग्स आफ 2025 का आयोजन
महिला सुरक्षा और अधिकार पर इंटरनेशनल मोटिवेशनल स्पीकर और कराटे चैंपिययन अपर्णा राजावत ने दिए टिप्स
आगरा। तूफानों से आंख मिलाओ, सैलाबों पे वार करो, मल्लाहों का चक्कर छोड़ो, तैर के दरिया पार करो…जमीन तुम्हारी है, अब आसमान पूरा अपना करो…क्योंकि आप शी विल इंस्पायर हो। संस्थापक राशि गर्ग ने इन पंक्तियों के साथ शी विल इंस्पायर संस्था के नये सत्र विंग्स आफ 2025 का आगाज किया। सोमवार को होटल होलीडे इन में स्टार्ट अप कर स्वयं की पहचान बनाने वाली महिलाओं की संस्था शी विल इंस्पायर के कार्यक्रम विंग्स आफ 2025 का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ बबिता चौहान, डॉ रंजना बंसल, अपर्णा रजावत और मानसी चंद्रा ने दीप प्रज्जवलित कर किया। मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग डॉ बबिता चौहान ने कहा कि हर महिला स्वयं में सशक्त है, बस आत्मविश्वास जगाने भर की देर है। कुछ नया प्रयास करने वाली महिलाओं के लिए शी विल इंस्पायर संस्था प्रेरणा का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं आत्मनिर्भर बनकर निचले तबके की महिलाओं को स्वावलंबन की राह पर चलने का सहयोग करें। अपनी काबिलियत है कमजोर वर्ग काे काबिल करें।
डॉ रंजना बंसल ने कहा कि वो दौर अब बीत चुका है जब महिलाओं को सिर्फ शिक्षक या डॉक्टर के कार्यों तक ही सीमित रखा जाता था। काबिलियत महिला और पुरुष का भेद नहीं करती। आपमें यदि लगन है और काबिलियत है तो किसी भी क्षेत्र में सफल हो सकती हैं।
संस्थापक राशि गर्ग ने संस्था का परिचय देते हुए कहा कि कुछ नया और अपना काम करने वाली महिलाएं संस्था से जुड़ी हुयी हैं। जिन महिलाओं ने परंपरागत सोच से हटकर अपना स्टार्ट अप किया है उन महिलाओं को संस्था नेटवर्किंग के लिए प्लेटफार्म उपलब्ध कराती है। साथ ही समय− समय पर कौशल विकास के लिए कार्यशालाएं भी आयोजित की जाती हैं। युवा महिला उद्यमी संस्था से जुड़कर अपने उद्यम को विस्तारित और प्रचारित करती हैं।
संस्था का उद्देश्य है सशक्त नारी, सशक्त भारत और मिलकर चलेंगे विकास करेंगे। एकजुट होकर सभी इसी दिशा में अग्रसित हैं। सभी के सपने एक हैं। आत्मविश्वास के साथ स्वयं की पहचान बनाना, यही ध्येय है।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में पिंक बैल्ट मिशन की संस्थापक, वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर, इंटरनेशनल मोटिवेशन स्पीकर एवं नेशनल कराटे चैंपियन अपर्णा राजावत ने नारी सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा एवं अधिकार विषय पर कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने लाइव डेमो के माध्यम से आत्मरक्षा के टिप्स सदस्याओं को दिए।कहा कि आपकी थोड़ी सी सजगता आप पर होने वाले हमले को रोक सकती है। फाइट, फ्लेट और फ्लाइ के सूत्र को ध्यान में रखें। विपरीत परिस्थितियों में घिरने पर सर्व प्रथम फाइट करके हमलावर को परास्त कर वहां से तुरंत भाग जाएं। उन्होंने शरीर के नाजुक अंगों पर वार करने के टिप्स भी दिए। साथ ही बताया कि स्वयं के भीतर की उर्जा के रंग को पहचानें। कमजोर होना अलग बात है और कमजोर दिखना अलग। महत्व रखता है कि आप सदैव शेरनी की भांति ही दिखें ताकि किसी के लिए भी आप साफ्ट टारगेट न बन सकें।
कार्यक्रम का संचालन प्रिली जैन और डिंपल राज ने किया। दिव्या गुप्ता और कीर्ति खंडेलवाल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। नव्या खन्ना और नेहा विज ने अतिथियों का परिचय दिया। धन्यवाद सान्या डावर ने दिया। कृतिका खन्ना, दीक्षा असवानी, पूजा लूथरा, दिशा जैन, आकृति जैन, अंशिका सरकार, वृंदा, तनु जैन, नुपूर, मीनाक्षी, रुचि गुप्ता आदि ने व्यवस्थाएं संभाली।
: आगरा में हो रही सोलर एनर्जी से बिजली की खेती
Mon, Jan 20, 2025
आगरा। आगरा के 678 परिवार सोलर एनर्जी से घरों में बिजली के खेती कर रहे हैं। और अपने बिजली के बिल को बचाकर अपने बजट को बेहतर बना रहे हैं। होटल होली-डे-इन में आज प्रधानमंत्री सूर्य ग्रह योजना के प्रति आमजन को जागरूक करने व सोलर एनर्जी को बढ़ावा देकर प्रदूषण कम करने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से सोलर वन एनर्जी द्वारा गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें लगभग 150 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ अदानी सोलर के नार्थ ईस्ट हेड अरविन्द सेमवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गणेश वंदना के साथ प्रारम्भ हुए कार्यक्रम में अरविन्द सेमवाल ने प्रधानमंत्री सूर्य ग्रह योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। योजना का उद्देश्य बताते हुए कहा कि लक्ष्य है कि हर घर अपनी बिजली खुद बनाए। एक बार पैनल सिस्टम लगाकर व्यक्ति लगभग 25 वर्ष तक मुफ्त बिजली पा सकता है। तीन किलोवॉट के सोलर पैनल से प्रतिमाह लगभग 350-400 यूनिट बिजली बनाई जा सकती है, जो एक परिवार के लिए पर्याप्त है।
सोलर वन एनर्जी के संस्थापक व निदेशक कपिल विधानी ने कहा कि भारत में एक करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य ग्रह योजना का लाभ देने का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री सूर्य ग्रह योजना का लाभ उठाने में उप्र भारत में चौथे नम्बर (50 हजार पैनल सिस्टम लग चुके हैं) पर है। सोलर वन एनर्जी के प्रशान्त जी ने बताया कि www.pmsuryaghar.gov.in पर या नेडा कार्यालय से लाभार्थी सभी जानकारी उपलब्ध कर सकते हैं।
इस अवसर पर मुख्य रूप से नेडा के यूपी जोनल हेड संतोष वर्मा, चंचल कुमार, तुषार मिश्री आदि उपस्थित थे।
खेत, स्कूल व हॉस्पीटल भी ले सकते हैं सोलर एनर्जी का लाभ
एलएमबी-1, एलएमबी-5, एलएमबी-4 ए, एलएमबी 4बी, एचबी-1 कनेक्शन कैटेगरी के तहत लाभार्थी सरकार नेट मीटरिंग का फायदा ले सकते हैं।। उप्र में घरेलू बिजली की कीमत रु. 7 प्रति यूनिट है तो उक्त कनेक्शन के तहत अतिरिक्त बिजली बनने पर सरकार खरीद लेगी। वहीं अन्य कमर्शियल कनेक्शन पर उपभोक्ता 3 रुपए 58 पैसे में सरकार को प्रति यूनिट बिजली बेच सकता है।
3-10 किलोवॉट पर मिलेगा 30 फीसदी तक अनुदान
तीन किलोवॉट के घरेलू सोलर प्लांट पर 78 हजार का अनुदान प्रधानमंत्री सूर्य ग्रह योजना के तहत दिया जाएगा। प्रदेश द्वारा 30 हजार के अनुदान सहित साभार्थी 30 प्रतिशत तक अनुदान प्राप्त कर सकते हैं। 3-10 किलोवॉट तक के घरेलू पैनल सिस्टम पर अनुदान दिया जाएगा।