: X (Twitter) पर बसपा सुप्रीमो मायावती को लेकर की गयी अभद्र टिप्पणी, बसपाइयों में रोष
Fri, Jun 7, 2024
Agra. बसपा सुप्रीमो मायावती के लिए एक्स (twitter) के एक अकाउंट से अभद्र टिप्पणी की गई है। जिसको लेकर बसपाइयों में खासा रोष दिखाई दे रहा है। आज बसपा के एक प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ से मुलाकात की और ज्ञापन सौंप कर अभद्र टिप्पणी करने वाले युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सोशल मीडिया एक्स पर केआरके नाम से अकाउंट है। इस अकाउंट से बसपा सुप्रीमो के लिए अभद्र टिप्पणी की गई है। यह अभद्र टिप्पणी लोकसभा चुनाव को लेकर की गई है। एक्स पर केआरके एकाउंट्स से लिखा गया है कि "आपकी बहन जी इस देश की सबसे करप्ट पॉलीटिशियन है। उन्होंने देश को लूट लिया है। वह बीजेपी की…… है।" इतना ही नहीं एक्स पर इसी अकाउंट से एक और पोस्ट लिखी गई जो किसी सूरज कुमार बौद्ध को संबोधित करते हुए लिखा है कि "तेरी …..बहन जी को अब कोई वोट नहीं देगा उसको लंदन भेज दो मेरे घर पर…"
बसपा के प्रतिनिधि मंडल में शामिल बसपा लोकसभा प्रत्याशी पूजा अमरोही ने बताया कि बसपा सुप्रीमो बहन मायावती के लिए एक्स पर अभद्र टिप्पणी की गई है जिससे उनके समर्थकों और बसपा पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा रोष है। उस व्यक्ति ने बहन जी के लिए नहीं बल्कि उनके समाज पर भी है अभद्र टिप्पणी की है। आज पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर प्रार्थना पत्र दिया गया है साथ ही सोशल मीडिया पर जो टिप्पणी की गई है उसकी कॉपी भी उन्हें दी गई है। इसके आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। पूजा अमरोही का कहना है कि पुलिस आयुक्त से आश्वासन मिला है कि इस संबंध में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। अगर ऐसा नहीं होता तो बसपा का हर कार्यकर्ता सड़कों पर उतरने को मजबूर हो जाएगा।
: भीषण गर्मी में जल संकट बरकरार, जलकल विभाग भी स्थायी समाधान में जुटा
Fri, Jun 7, 2024
Agra. भीषण गर्मी में जल संकट गहराने लगा है। शहीद नगर और इंद्रा पुरम कॉलोनी के लोग इस समय पानी संकट से जूझ रहे है। हालांकि जलकल विभाग इन क्षेत्रों में दो समरसेबल लगाने जा रहा हैं लेकिन इस समय क्षेत्र के लोग पानी
संकट से जूझ रहे हैं। जलकल विभाग ऐसे क्षेत्रों में जहां पर पानी संकट गहराया हुआ है और सबमर्सिबल खराब है, उन क्षेत्रों में टैंकर से पानी की सप्लाई कर रहा है, साथ ही इन टैंकरो के फेरों को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है जिससे हर किसी को पानी मिल सके।
शहीद नगर में भगत सिंह प्रतिमा स्थल के पास ईडब्ल्यूएस और एसएस ब्लॉक में काफी समय से लोग पानी की संकट से जूझ रहे हैं। एक पंप से पानी की सप्लाई होती है। पांच दिन से इंद्रा पुरम में गंदे पानी की सप्लाई हो रही थी। दो दिन पहले क्षेत्र के लोगों ने हाथों मेंं बर्तन लेकर प्रदर्शन किया था। नगरायुक्त ने इसका संज्ञान लेकर जलकल जीएम को समस्या समाधान के लिए निर्देशित किया।
नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि इंद्रा पुरम और शहीद नगर में नई सबमर्सिबल पंप लगवाई जा रही हैं। जिन स्थानों से पानी की शिकायत मिल रही है वहां पर टैंकरों से सप्लाई कराई जा रही है।
: 'पीएम नरेंद्र मोदी खींचेंगे जवाहरलाल नेहरू से बड़ी लकीर' - राजकुमार चाहर
Fri, Jun 7, 2024
Agra. फतेहपुर सीकरी लोकसभा का रण जितने के लिए राम ने राज के छक्के छुड़ा दिए थे लेकिन आखिर में बाजी राज के हाथ में लगी और वह लगभग 45000 वोटों से जीत ही गया। जैसे ही जीत का प्रमाण पत्र मिला तो अलग से चेहरे पर खुशी देखने को मिली। जीतने के बाद राज यानी राजकुमार चाहर मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने अपने प्रतिद्वंदियों के साथ कांग्रेस पर भी बड़ा हमला बोला।
उन्होंने राहुल गांधी पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी अभी अपरिपक्व नेता हैं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव के परिणाम के बाद राहुल गांधी अपनी पीठ थपथपा रहे हैं। सवाल यह है कि आखिरकार वह ऐसा क्यों कर रहे हैं। कांग्रेस की सीट इतनी भी नहीं बढ़ गई। अगर पूरे यूपीए यानी इंडिया गठबंधन का आंकड़ा भी देख ले तो वह भाजपा को छू नहीं पाया है तो एनडीए की बात तो दूर है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को गलतफहमी हो गई है। आने वाले समय में देश की जनता कांग्रेस पार्टी को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी क्योंकि उन्होंने एक भय का माहौल बनाया है और जनता से झूठ बोला है। यह लोग झूठ की बुनियाद पर बिल्डिंग बनाते हैं जो कभी भी धराशाई हो जायेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर देश की कमान संभालने जा रहे हैं। देश में मोदी 3.0 सरकार का गठन होने जा रहा है। नरेंद्र मोदी एक बार फिर पीएम पद की शपथ लेंगे और उनके नेतृत्व में देश नई-नई ऊंचाइयां छूएगा। उन्होंने यह भी कहा कि एक साथ तीन बार प्रधानमंत्री बनने की लकीर जो जवाहरलाल नेहरू ने खींची थी अब उसे पीएम नरेंद्र मोदी तोड़ेंगे।
राजकुमार चाहर ने अपने प्रतिद्वंदियों और षड्यंत्र रचने वालों पर भी जुबानी हमला बोला। उनका कहना था कि इस लोकसभा चुनाव में जनता ने अर्जुन का काम किया है और षड्यंत्र रचने वालों के चक्रव्यूह से उन्हें बाहर निकलकर जीत दिलवाई है।
यूपी में कम सीट आना चिंता का विषय
राजकुमार चाहर ने उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव में कम सेट आने पर चिंता भी जाहिर की। उनका कहना था कि इस पर जनता के साथ चिंतन और मनन होना चाहिए कि आखिरकार कमी कहां पर रह गई। यूपी में कम सीट आना भविष्य के लिए सही संकेत नहीं है।