‘मीट एट आगरा’ : 18वें अंतरराष्ट्रीय फेयर के लिए सजकर तैयार हुआ आगरा ट्रेड सेंटर; 3 से 5 अक्टूबर तक चलेगा आयोजन
Pragya News 24
Fri, Oct 2, 2026
आगरा। फुटवियर उद्योग के कारोबारियों, निर्माताओं, निर्यातकों, खरीदारों और तकनीक प्रदाताओं की मेजबानी के लिए आगरा ट्रेड सेंटर तैयार हो चुका है। आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैम्बर (एफमेक) द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय फेयर ‘मीट एट आगरा’ का 18वां संस्करण शनिवार, 3 अक्टूबर से सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर में शुरू होगा। तीन दिवसीय फेयर 5 अक्टूबर तक चलेगा और प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा।
शुक्रवार को आगरा ट्रेड सेंटर में आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजकों ने फेयर की तैयारियों, प्रमुख आकर्षणों, कार्यक्रमों और फुटवियर उद्योग के लिए इसकी उपयोगिता की जानकारी दी।

कारोबार, तकनीक और वैश्विक साझेदारी का मंच
एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने कहा कि ‘मीट एट आगरा’ फुटवियर उद्योग की जरूरतों को एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण मंच है। फेयर में कारोबारियों को नए कंपोनेंट्स, मटीरियल्स, मशीनरी, तकनीक और इंडस्ट्रियल सपोर्ट सिस्टम्स को समझने तथा आपूर्तिकर्ताओं से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा।
इस वर्ष फेयर की थीम ‘डिस्कवर • क्रिएट • कनेक्ट • ग्रो’ रखी गई है, जो नए उत्पादों की खोज, नवाचार, कारोबारी संबंधों और विकास पर केंद्रित है। बदलते फैशन ट्रेंड, आरामदायक फुटवियर की बढ़ती मांग, संगठित रिटेल और ऑनलाइन कारोबार के विस्तार के बीच गुणवत्ता, डिजाइन और आधुनिक उत्पादन तकनीक उद्योग के लिए महत्वपूर्ण होती जा रही है।
गोपाल गुप्ता ने कहा कि ‘मीट एट आगरा’ ने अपनी 18 वर्षों की यात्रा में देश-विदेश के फुटवियर उद्योग के बीच अपनी पहचान बनाई है। इस उपलब्धि का श्रेय पूर्व अध्यक्षों, पदाधिकारियों और सदस्यों के सामूहिक प्रयासों को जाता है। इस वर्ष करीब 250 एग्जिबिटर्स अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे, जिनमें आठ चाइनीज़ एग्जिबिटर्स भी शामिल हैं। उन्होंने फुटवियर उद्योग से जुड़े उद्यमियों से फेयर में पहुंचकर नई तकनीक, मटीरियल्स और कंपोनेंट्स की जानकारी लेने तथा आगामी सीजन के लिए अपने उत्पादों और सैंपल्स को नए रूप में विकसित करने का आह्वान किया।
भारत में करीब 300 करोड़ जोड़ी फुटवियर का उत्पादन
एफमेक कन्वीनर एवं डीसीएफएलआई के चेयरमैन पूरन डावर ने कहा कि भारत की उत्पादन क्षमता और बड़ा घरेलू बाजार फुटवियर उद्योग की प्रमुख ताकत हैं। आधुनिक तकनीक, बेहतर डिजाइन, कौशल विकास और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के माध्यम से भारतीय उद्योग अपनी वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ा सकता है। उन्होंने वर्ल्ड फुटवियर ईयरबुक 2026 में प्रकाशित वर्ष 2025 के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्ष 2025 में दुनिया में करीब 2,460 करोड़ जोड़ी फुटवियर का उत्पादन हुआ। भारत ने लगभग 300 करोड़ जोड़ी का उत्पादन करते हुए 12.2 प्रतिशत वैश्विक हिस्सेदारी के साथ चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा फुटवियर उत्पादक स्थान बनाए रखा। भारत में फुटवियर की खपत करीब 280 करोड़ जोड़ी रही, जिससे खपत के मामले में भी भारत दुनिया में दूसरे स्थान पर रहा।
चाइना पवेलियन में दिखेंगे कंपोनेंट्स, मटीरियल्स और मशीनरी
एफमेक के पूर्व अध्यक्ष कैप्टन एएस राणा ने बताया कि इस बार फेयर का विशेष आकर्षण हॉल-बी स्थित चाइना पवेलियन रहेगा। यहां विजिटर्स को चाइनीज़ एग्जिबिटर्स से सीधे संवाद करने तथा फुटवियर कंपोनेंट्स, मटीरियल्स और मशीनरी की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि पवेलियन में प्रदर्शित उत्पादों की तुलना, तकनीकी जानकारी हासिल करने और नए कारोबारी संपर्क विकसित करने का अवसर मिलेगा। फेयर का उद्देश्य केवल उत्पादों का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि निर्माताओं, आपूर्तिकर्ताओं और खरीदारों के बीच व्यावहारिक कारोबारी संवाद को बढ़ावा देना भी है।
गुणवत्ता, डिजाइन और टिकाऊपन पर रहेगा जोर
एफमेक उपाध्यक्ष राजीव वासन ने कहा कि फुटवियर उद्योग में बेहतर उत्पाद के साथ समय पर आपूर्ति, लागत नियंत्रण और ग्राहकों की जरूरतों को समझना भी महत्वपूर्ण है। फेयर में कारोबारी नई मशीनरी और उत्पादन समाधान देखकर अपनी इकाइयों के आधुनिकीकरण की दिशा तय कर सकेंगे।
उपाध्यक्ष राजेश सहगल ने कहा कि वैश्विक बाजार में मजबूत पहचान के लिए गुणवत्ता, डिजाइन, टिकाऊपन और आराम पर लगातार काम करना जरूरी है। ‘मीट एट आगरा’ उद्योग से जुड़े लोगों को इन जरूरतों के अनुरूप नए उत्पादों और तकनीक से परिचित कराने का अवसर देगा।
बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के बीच होगा संवाद
एफमेक महासचिव प्रदीप वासन ने बताया कि रविवार, 4 अक्टूबर को फेयर विजिट के साथ बाइंग एजेंट्स और फैक्ट्री ओनर्स के बीच संवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें खरीदारों की अपेक्षाओं, उत्पाद विकास और कारोबारी संभावनाओं पर चर्चा होगी।
फेयर के अंतिम दिन, 5 अक्टूबर को एग्जिबिटर्स सम्मान समारोह एवं मीडिया ब्रीफिंग आयोजित की जाएगी। इसमें फेयर के अनुभवों और फुटवियर उद्योग से जुड़े प्रमुख विषयों पर चर्चा की जाएगी।
डिजिटल माध्यमों के उपयोग को मिलेगा बढ़ावा
आयोजन में डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग और कागज के न्यूनतम इस्तेमाल को प्रोत्साहित किया जाएगा। विजिटर्स और एग्जिबिटर्स से फीडबैक लेने के लिए क्यूआर कोड का उपयोग किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रतिभागी आयोजन से जुड़े अपने सुझाव और अनुभव साझा कर सकेंगे।
शनिवार सुबह 11 बजे होगा उद्घाटन
फेयर कमेटी की चेयरमैन माला खेड़ा ने बताया कि ‘मीट एट आगरा’ के 18वें संस्करण का उद्घाटन शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्य सचिव एवं वर्तमान में यूपी स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वरिष्ठ आईएएस मनोज कुमार सिंह होंगे। उन्होंने फुटवियर निर्माताओं, निर्यातकों, कंपोनेंट्स एवं मटीरियल्स कारोबारियों, मशीनरी आपूर्तिकर्ताओं और उद्योग से जुड़े पेशेवरों से फेयर में शामिल होकर आधुनिक तकनीक एवं कारोबारी अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
ये रहे उपस्थित
प्रेसवार्ता के दौरान एफमेक सचिव अनिरुद्ध तिवारी, कोषाध्यक्ष चंद्र मोहन सचदेवा, ललिता अरोरा, सुनील मनचंदा, सीफी के प्रदेश महासचिव नकुल मनचंदा, जसविंदर सिंह खेड़ा सहित अन्य पदाधिकारी एवं उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन