: जनकपुरी में आईएमए पांच दिन लगाएगा जागरूकता शिविर
Thu, Sep 12, 2024
आगरा। कोठी मीना बाजार, शाहगंज में आयोजित होने जा रहे जनकपुरी महोत्सव में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) आगरा द्वारा 5 दिन तक जागरूकता व स्वास्थ शिविर लगाया जाएगा। जिसमें जनकपुरी महोत्सव के दौरान आवश्यकता पड़ने पर मरीजों की जांच व परीक्षण के साथ जागरुकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कोठी मीना बाजार के आस-पास के क्षेत्र के अस्पतालों में आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को इलाज मुहैया कराया जाएगा। यह निर्णय आज जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति व आईएमए के पदाधिकारियों की बैठक में लिया गया। इस अवसर पर डॉक्टर संध्या जैन अनिल अग्रवाल सुधा बंसल राजेंद्र बंसल, अरुण चतुर्वेदी, दीपक गोयल, डॉ. जेएन टंडन डॉक्टर संजय सिंह डॉक्टर अलका सेन डॉक्टर संदीप फौजदार डॉक्टर ऋषि बंसल आदि मौजूद थे।
: खांसी-जुकाम की तरह मानसिक समस्याओं का भी उपचार
Mon, Sep 9, 2024
मानसिक तनाव होने पर चिकित्सक से करें संपर्क
टेलीमानस हेल्पलाइन नंबर- 14416 पर कर सकते हैं कॉल
10 सितंबर को जनपद में मनाया जाएगा विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस
आगरा। मंगलवार को जनपद में विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर आत्महत्या की रोकथाम और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरुक करने के लिए जनपद में विभिन्न जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 10 सितंबर को विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस मनाया जाता है। जनपद में 10 से 16 सितंबर तक विश्व आत्महत्या रोकथाम सप्ताह मनाया जाएगा। इसके तहत जनपद में पूरे सप्ताह विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. पियूष जैन ने बताया कि विश्व आत्महत्या रोकथाम सप्ताह के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों में आत्महत्या के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही गत वर्ष शुरू हुए लेट्स टॉक अभियान के अंतर्गत किशोर-किशोरियों एवं बच्चों के मानसिक स्वास्त्य के लिए शैक्षणिक संस्थानों में अभियान भी संचालित किया जाएगा।
जिला अस्पताल की नैदानिक मनोवैज्ञानिक ममता यादव ने बताया कि मानसिक समस्या किसी को भी हो सकती है, इसका भी खांसी, बुखार सहित अन्य बीमारियों की तरह उपचार उपलब्ध है। यदि किसी को मानसिक तनाव हो तो वह टेली मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 पर कॉल करके अपनी समस्या बता सकते हैं। टेलीमानस का उद्देश्य पूरे देश में चौबीसों घंटे निःशुल्क टेली मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसमें 24 घंटे काउंसलर उपलब्ध रहते हैं, जो काउंलिंग करते हैं। यहां पर कॉल करने वाले लोगों की पहचान को गोपनीय रखा जाता है।
ममता यादव ने बताया कि यदि किसी को काम में मन न लगना, लगातार तनाव रहना, अकेले रहना, जीवन समाप्त करने के विचार आना जैसी समस्या आएं तो जिला अस्पताल के कमरा नंबर 202 और 203 में परामर्श ले सकते हैं। उन्होंने लोगों को आत्महत्या प्रवृति और मानसिक समस्याओं के प्रति जागरुक होने की आवश्यकता है। यदि आपके आस-पास कोई आम से भिन्न व्यवहार करने लगे, जैसे- सामाजिक जीवन से कटना, सोशल मीडिया से अचानक दूर होना, लगातार अकेले रहना तो सचेत हो जाएं और उससे बात करने का प्रयास करें। उन्हें सुनें और अपने आसपास के नैदानिक मनोवैज्ञानिक या मनोचिकित्सक को दिखाएं।
तीन महीने तक लगातार दिखें ये लक्षण तो हो जाएं सचेत
घबराहट होना ।
किसी काम में मन न लगना।
अकेले रहना।
किसी से मिलने का मन न करना।
मन उदास रहना।
सब कुछ खत्म हो गया जैसे विचार आना
: जिले में क्षय रोग के उन्मूलन के लिए जागरूकता रैली का आयोजन
Mon, Sep 9, 2024
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम: एक्टिव केस फाइंडिंग अभियान का आगाज
रैली निकालकर एसीएफ अभियान का हुआ शुभारंभ, 20 सितंबर तक चलेगा अभियान
आगरा। जिले में 9 से 20 सितंबर तक राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम तहत एक्टिव केस फाइंडिंग (एसीएफ) अभियान का आगाज हो गया है। अभियान के सफल क्रियान्वयन और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से जागरूकता रैली का आयोजन आयोजन किया गया। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता ने रैली को हरी झंडी दिखाकर एसीएफ अभियान का शुभारंभ किया ।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि एक्टिव केस फाइंडिंग का आयोजन 9 से 20 सितंबर तक किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य क्षय रोग के एक्टिव मामलों की पहचान करना और उन्हें उचित उपचार प्रदान करना है। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सामुदायिक भागीदारी महत्वपूर्ण है क्योंकि आप जागरूक होंगे तो समाज जागरूक होगा टीबी से बचाव के लिए जागरूकता बहुत जरूरी है । सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा दिया जाए और लोगों को क्षय रोग के उन्मूलन में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए। अपने आसपास के लोगों को भी अवश्य जागरूक करें । स्वास्थ्य विभाग की टीम आपके घर आए तो लक्षणों के आधार पर सही जानकारी अवश्य प्राप्त कराए और टीमों का सहयोग करें जिससे कोई भी संभावित टीबी मरीज उपचार से वंचित न रहे ।
बांझपन की समस्या से जूझ रहीं महिलाएं भी कराएं जांच
डीटीओ ने बताया कि वह महिलाएं भी अपनी टीबी की जांच कराएं जो बांझपन की समस्या से जूझ रही हैं, ऐसी महिलाओं को भी टीबी होने का खतरा बढ़ जाता है। यदि आपको दो सप्ताह से अधिक समय से खांसी आ रही है या बुखार की समस्या है, बलगम में खून आता है, भूख कम लगती और वजन तेजी से कम हो रहा है, रात में पसीना आता, गले में कोई गांठ (लिम्फनोड) है। ऐसे में एसीएफ अभियान के दौरान घर पर दस्तक देने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीम को जानकारी जरूर दें। आपको टीबी हो सकती है। अधिक जानकारी के लिये सम्पर्क करें राष्ट्रीय टोल फ्री नम्बर 1800116666
संभावित क्षय रोगियों को खोजे जाने हेतु क्षय रोग के लक्षण
दो सप्ताह से अधिक खाँसी
दो सप्ताह से अधिक बुखार
बलगम में खून आना
भूख में कमी
वजन का कम होना
रात में पसीना आना
गले में गांठ (लिम्फनोड)
महिलाओं में बांझपन की समस्या इत्यादि