: लाल जोड़े में कैसी शरमाई रे, मेरी तुलसी दुल्हन बन आई रे…
Thu, Nov 23, 2023
देवोत्थान एकादशी पर श्रीजगन्नाथ मंदिर में आयोजित किया तुलसी-सालिगराम विवाह महोत्सव
बैंड बाजों संग बारात लेकर तुलसी जी को ब्याहने पहुंचे सालिगराम
आगरा। बैंड बाजों के भक्तिमय संगीत संग श्रीहरि के स्वरूप सालिगराम जी रथ पर विराजमान होकर तुलसी जी को ब्याहने श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) पहुंचे। महाराजा अग्रसेन सेवा सदन से विधी विधान के साथ ढोल नगाड़ों व बैंड बाजों संग बारात निकली। झूमते गाते सैकड़ों बाराती (भक्त) सालिगराम जी की बारात में शामिल हुए, जगह-जगह पुष्प वर्षा कर बारातियों का स्वागत किया गया। सभी रीति रिवाज के साथ विवाह सम्पन्न हुआ।
श्रीजगन्नाथ मंदिर में आज सतरंगी फूलों से सालिगराम जी व तुलसी जी के विवाह के लिए मण्डप सजा था। बैंड बाजों और ढोल नगाड़ों संग इस्कॉन मंदिर पहुंची बारात का भव्य स्वागत किया गया। वर पक्ष (सालिगराम जी) के परिजन के रूप में रमेश यादव व प्रेमलता और तुलसी जी के परिजन के रूप में शैलेन्द्र अग्रवाल व स्वाति अग्रवाल मौजूद थे। कई भक्तों ने उपहार देकर तुलसी जी का कन्यादान लिया।
वृन्दावन से आए पंचतत्व प्रभु ने विवाह की सभी रस्मों को वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सम्पन्न कराया। श्रद्धालुओं ने विवाह की सभी रस्मों पर मंगल गीत गाए। लाल जोड़े में कैसी शरमाई रे, मेरी तुलसा दुल्हन बन आई रे… जैसे शगुन के गीतों पर श्रद्धालुओं ने नृत्य भी किया। संध्या काल में तुलसी जी की विदाई की सभी रस्मों को सम्पन्न किया गया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से इस्कॉन मंदिर आगरा के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप दास, राहुल बंसल, अशु मित्तल, रमेश यादव, विकास बंसल, पंकज अग्रवाल, अशोक गोयल, कमल नयन, विमल नयन फतेहपुरिया, त्रिलोकचंद अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, राजीव मल्होत्रा, संजय कुकरेजा, राजीव गुप्ता आदि उपस्थित थे।
: बहारों फूल बरसाओ तुलसा को ब्याहने श्याम आए हैं….
Thu, Nov 23, 2023
आगरा। मन को भक्ति भाव से प्रफुल्लित करते मांगलिक गीतों के साथ बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में तुलसी शालिग्राम विवाह समारोह पूर्ण हुआ।
गुरुवार को श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल द्वारा तुलसी शालिग्राम विवाह मंदिर परिसर में आयोजित किया गया। बैंड बाजे के साथ परिसर में वरयात्रा निकाली गयी। तुलसी महारानी जी का कन्यादान वधु पक्ष की ओर से मनीष अग्रवाल सीए और मोनिका अग्रवाल ने किया। शालिग्राम जी की ओर से बारात लेकर वर पक्ष के संजय अग्रवाल और रितु अग्रवाल आए।
मंगल गीत और पवित्र मंत्राें के साथ फेरे पूर्ण हुए। दिव्य विवाह के सभी मांगलिक कार्य पंडित रमाकांत शर्मा ने सम्पन्न कराए। इस अवसर पर मां लक्ष्मी का विशेष श्रंगार किया गया। मंदिर ट्रस्ट राम कपूर और सतीश कपूर, नीरज वर्मा, राकेश अग्रवाल, एसपी सिंह, अमित अग्रवाल, अमित गुप्ता, अशाेक मामा, विकास अग्रवाल, नीरज बांदिल, मनोज जैन, विशाल बिंदल आदि उपस्थित रहे।
: मेरी प्यारी तुलसा बनी हैं दुल्हनियां…श्री मनःकामेश्वर महिला मंडल ने किया 18 वां तुलसी सालिग्राम विवाह
Thu, Nov 23, 2023
•
देवउठनी एकादशी पर श्री मनःकामेश्वर मंदिर में भांवरे पड़ीं तुलसी−सालिग्रामजी की
•
ठाकुरजी की वरयात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, कन्यादान लेने की लगी रही होड़
आगरा। घूंघट में सकुचाती वृंदारानी और सेहरे में बांके की छवि बांकी। दिव्य विवाह की वेदी पर दिव्य जोड़ी की दिव्यता देख हर कोई हो रहा था निहाल।
गुरुवार को देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर श्री मनःकामेश्वर महिला मंडल द्वारा 18 वां तुलसी सालिग्राम विवाह समारोह श्रीनाथ जी मंदिर प्रांगण, श्री मनःकामेश्वर मंदिर, रावतपाड़ा में आयोजित किया गया।
महंत श्री योगेश पुरी एवं मठ प्रशासक हरिहर पुरी के सानिध्य में सालिग्राम जी की वरयात्रा श्री मनःकामेश्वर मंदिर परिक्रमा मार्ग से निकाली गयी। रावतपाड़ा, जौहरी बाजार, सुभाष बाजार होते हुए बारात दरेसी से श्रीमनःकामेश्वर मंदिर पहुंची।
वरयात्रा में सैंकड़ों महिलाएं लाल परिधान धारण कर तुलसी मैया की पौध हाथों में लेकर शामिल रहीं। बग्गी में तुलसी सालिग्राम को विराजित कर महंत श्री योगेश पुरी और यजमान नीलिमा− राहुल गुप्ता चल रहे थे। वरयात्रा के मंदिर पहुंचने पर तुलसी सालिगराम विवाह समारोह विधि विधान से पूर्ण हुआ। आंचल में सिमटी तुलसा रानी की छवि देख महिलाएं बलइयां ले रही थीं। कन्यादान के लिए जैसे होड़ लगी रही।
राज्य महिला आयोग की सदस्य निर्मला दीक्षित, समाज सेवी बंटी ग्रोवर, डॉ रुचि चतुर्वेदी उपस्थित रहे। मंगल गीतों के साथ दीप्ति गर्ग, कुमकुम गुप्ता, अन्ना, शिमला, अनुभा, राजकुमारी, नीता, रानी शर्मा, सुषमा, मंजू, दीपिका शर्मा आदि ने आयोजन का आनंद लिया।