: हे खग मृग, हे मधुकर श्रेणी, तुम देखी सीता मृगनैनी... लाइट और साउंड इफैक्ट के साथ हुआ सीता हरण
Wed, Sep 24, 2025
मन की गति से भी तेज उड़ा रावण का पुष्पक विमान
लक्ष्मण ने बनाई थी अग्नि की रेखा
नये प्रयोगों से आकर्षित हो रही युवा पीढ़ी
आगरा I उत्तर भारत की प्रमुख श्रीराम लीला में बुधवार को लक्ष्मण जी द्वारा खींची गई रेखा चमकी, बिजली कड़की और फिर हो गया सीताजी का हरण। इसी प्रकार मन की गति से भी तेज दिखाया रावण का पुष्पक विमान। लाइट और साउंड इफैक्ट के साथ हो रही लीला से नई पीढ़ी आकर्षित हो रही है और युवक-युवतियों की संख्या में भी काफी बढ़ोत्तरी हुई है। आज की लीला में जटायु संग्राम भी आकर्षक रहा।
लंकेश की बहन सूर्पनखा वनवासी प्रभु श्री राम व लक्ष्मण से प्रभावित होती है। मोहित होने के बाद दोनों भाइयों को अपनी राक्षसी माया से सूपर्नखा ने परेशान ही नहीं किया, बल्कि आतंकित कर दिया। जिससे प्रभु श्रीराम ने अपने अनुज लक्ष्मण को सूर्पनखा के नाक-कान काटने का संकेत दिया। आज्ञा मिलते ही लक्ष्मण जी ने सूर्पनखा के नाक-कान काट लिए। सूर्पनखा रोती-बिलखती अपने भाई खर-दूषण के पास गई।
सीताहरण की लीला का मंचन बहुत ही आकर्षक था। लक्ष्मण जी ने पर्णकुटी के आगे जो सीता की सुरक्षा के लिए रेखा खींची। हरण करने जैसे रावण आया, उस वह अग्नि की रेखा बन गई। जिसे देख कर दर्शक भी रोमांचित हो उठे। रावण जिस पुष्पक विमान में जानकी जी का हरण करके ले जाता है, वह भी मंच पर मन की गति से तेज दिखाया गया है। जिसे देख कर दर्शक भी हतप्रभ रह जाते हैं। इधर जब श्रीराम और लक्ष्मण अपनी कुटिया पर आते हैं, तब जानकी जी को न देख विचलित हो जाते हैं। वन-वन भटकते हैं। वे गाते हैं- ‘हे खग मृग हे मधुकर श्रेणी, तुम देखी सीता मृगनैनी’। सीता की खोज करते-करते घायल पड़ा जटायु दिखता है। जटायु ने श्री राम को रावण द्वारा हरण किये जाने की जानकारी और सीता जी को बचाने के प्रयास से अवगत कराया। वृत्तांत बताकर व अपनी दशा दिखाकर जटायु ने श्रीराम की गोद में प्राण त्याग दिये। श्रीराम ने जटायु का अन्तिम संस्कार किया।
आज की लीला की आरती श्री सनातन सेवा समिति महिला मंडल की अध्यक्ष सिंधु गुप्ता सपना अग्रवाल राधा अग्रवाल माधुरी गुप्ता कुसुम गुप्ता रचना लक्ष्मी कृष्णा स्नेहा द्वारा की गई। इस अवसर पर रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल, भगवानदास बंसल, मुकेश जौहरी, विनोद जौहरी, मुकेश अग्रवाल, संजय तिवारी, विश्नू दयाल बंसल, आयुष तार, आनंद मंगल, महेश अग्रवाल, प्रकाशचंद, प्रवीन गर्ग, कविता अग्रवाल, अर्चिता अग्रवाल, शालू गर्ग, मीडिया प्रभारी राहुल गौतम मुख्य रूप से उपस्थित थे।
: सतरंगी पुष्पों से सजा मां भगवती का दरबार
Wed, Sep 24, 2025
आगरा। तोता का ताल स्थित मां भगवती सेवा मण्डल द्वारा आयोजित 12 दिवसीय नवदुर्गा महोत्सव में आज सतरंगी पुष्पों से माता का दरबार सजाया गया। भव्य फूल बंगला में विराजमाता 15 फुट मां दुर्गा के दर्शन को हर भक्त ललायित था। प्रातः मंगला आरती के साथ ही मां दुर्गा के पण्डाल में क्षेत्रीय भक्तों की भीड़ उमड़ती रही।
पण्डाल में प्रतिदिन चार आरती (सुबह 6 बजे मंगला आरती, 9 बजे श्रंगार आरती, शाम 8 बजे संध्या आरती, रात 11 बजे शयन आरती) के साथ दुर्गा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। जगमग रोशनी के साथ आज हर तरफ पण्डाल में सतरंगी पुष्पों की सुगंध और छटा बिखरी थी।
25 सितम्बर को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। 26 सितम्बर को गुब्बारों से माता से दरबार को सजाया जाएगा, 27 सितम्बर को देवी जागरण, 28 सितम्बर को डांडिया उत्सव व 29 सितम्बर को महाआरती का आयोजन होगा। 30 सितम्बर को कन्या पूजन व एक अक्टूबर को पण्डाल में आकर्षक झांकियां सजायी जाएंगी। दो अक्टूबर को भण्डारा व 3 अक्टूबर को सुंदरकाण्ड के पाठ के साथ 12 दिवसीय उत्सव का समापन होगा। 4 अक्टूबर को विसर्जन किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से मुकेश, आकाश, मनीष, दिनेश कुशवाह, विष्णु, पार्षद विक्रांत कुशवाह, पार्षद अमित पटेल, पिंकी, रिया, सुमन, रूबी आदि उपस्थित थीं।
: रामबाग में धूमधाम से निकली महाराजा अग्रसेन जयन्ती शोभायात्रा
Wed, Sep 24, 2025
आगरा। अग्रवाल संगठन रामबाग द्वारा बैंड बाजों संग झूमते नाचते हुए महाराजा अग्रसेन जयन्ती की शोभायात्रा निकाली गई। महाराजा अग्रसेन व महारानी माधवी के जयकारे लगाते श्रद्धालुओं पर जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। 15 आकर्षक झांकियों संग महाराजा अग्रसेन व महारानी माधवी की स्वरूप रामस्वरूप अग्रवाल व लीलावती अग्रवाल भी रथ पर सवार होकर निकले।
शोभायात्रा का शुभारम्भ सुरेश चंद गर्ग ने महाराजा अग्रेसन की आरती कर किया। बैंडबाजों संग सबसे आगे थी विध्नविनाशक भगवान गणपति की सवारी। उसके पीछे महालक्ष्मी, नाग कन्याओं व राजकुमारी की आकर्षक झांकियां बैंड बाजों संग निकली तो हर कोई उन्हें देखने के लिए ठहर गया।
शोभायात्रा का शुभारम्भ कटरा वजीर खां रामबाग राधाकृष्ण मंदिर से हुआ। जहां सर्वप्रथम महाराजा अग्रसेन की झांकी की आरती अध्यक्ष निशा सिंघल द्वारा की गई। शोभायात्रा क्षेत्र में भ्रमण करते हुए ट्रांसयमुना फेस-1 पहुंची, जहां मंचीय कार्यक्रमों में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सभी राजकुमार व नाग कन्याओं के स्वरूप बच्चों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से संयोजक अनिल बंसल, जय कुमार गोयल, राजेश अग्रवाल, गोपाल गर्ग, संरक्षक लाजपत अग्रवाल, सतीश चंद्र गर्ग, विनय अग्रवाल, नरेंद्र दत्त गोयल, प्रशांत अग्रवाल, अनिल अग्रवाल आदि उपस्थित थे।