प्रशस्ति फाउंडेशन : देशी प्रतिभाओं की तलाश में ‘ठलुआगीरी’, आगरा में 11 अक्टूबर को ऑडिशन
Pragya News 24
Sun, Sep 27, 2026
आगरा। साधनों के अभाव में अपनी प्रतिभा को मंच तक नहीं पहुंचा पाने वाले आगरा सहित प्रदेश के छुपे हुए हुनरमंदों को अब ‘ठलुआगीरी टैलेंट शो’ के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। प्रशस्ति फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित इस टैलेंट शो के ऑडिशन अक्टूबर माह में प्रदेश के विभिन्न शहरों में आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में 11 अक्टूबर को आगरा में फतेहाबाद रोड स्थित होटल में सुबह 10 बजे से ऑडिशन शुरू होंगे। कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी मोबाइल नंबर 8006009990 पर प्राप्त की जा सकती है।
यह जानकारी रविवार को होटल भावना क्लार्क इन में आयोजित आमंत्रण पत्र एवं पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में प्रशस्ति फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. कुमार मनोज ने दी। उन्होंने बताया कि देशी एवं क्षेत्रीय भाषा के कलाकारों को बड़े मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखाने के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते। इसके चलते कई प्रतिभाएं धीरे-धीरे गुमनामी में खो जाती हैं। उन्होंने बताया कि प्रशस्ति फाउंडेशन पिछले 10 वर्षों से लगातार प्रतिभा खोज कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। फेसबुक पेज और यू-ट्यूब चैनल के माध्यम से विभिन्न प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि इन प्लेटफॉर्म से करीब 30 लाख फॉलोअर्स जुड़े हैं। यहां से अवसर पाने वाले कई प्रतिभाशाली कलाकार आज अपनी कला के माध्यम से पहचान बनाने के साथ बड़े मंचों पर कार्यक्रम प्रस्तुत कर रहे हैं।
डॉ. कुमार मनोज ने बताया कि अब तक कविता और शायरी सहित विभिन्न विधाओं के कलाकारों को अवसर मिलता रहा है, लेकिन अन्य प्रतिभाओं को भी मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस बार मल्टीटैलेंट प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है। इसके माध्यम से अलग-अलग विधाओं में प्रतिभा रखने वाले कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
अक्टूबर माह में आगरा के अलावा कानपुर और लखनऊ में भी ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। ऑडिशन में निर्णायक मंडल की भूमिका अंतरराष्ट्रीय कवि पवन आगरी, सुपर मॉडल हेमा बैजल और म्युजिशियन विक्रम शुक्ला निभाएंगे।
पोस्टर एवं आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के सदस्यों के अलावा कॉर्डिनेटर संजय बैजल, फिल्म निर्देशक यासीन खान और फिल्म अभिनेत्री सरजू यादव मौजूद रहीं।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन