: सत्ता के रसूख ने व्यापारी से बना दिया क्रिमिनल
Mon, Jan 15, 2024
कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य की छत्रछाया में कव्जा लिया गया पूरा व्यापार, नहीं मिल पा रहा पीडित पक्ष को न्याय
पीड़ित पक्ष की नहीं लिखी कोई एफआईआर, कोर्ट से कई एफआईआर कराई गई पर चंद महीनों में लगा देते हैं एफआर,
2020 से कराई चार एफआईआर, किसी पर नहीं लगी एफआर, पीडित पक्ष के सभी कर्मचारियों को भी किया गया नामजद
कोर्ट कर रहा बार-बार एफआर को निरस्त
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिया जांच कर न्याय का आश्वासन, अब पीडित पक्ष को सता रहा जान का खतरा
आगरा। आगरा में सत्ताधारी नेता बेबीरानी मौर्य का अजब खेल चल रहा है व्यापारियों को क्रिमिनल बनाने का। मधुसूदन मोटर्स में रविशंकर व रमाशंकर संस्थापक निदेशक है, जिन्हें आजीवन निदेशक रहने का अधिकार है। इसी तरह मधुसूदन व्हीकल्स में दोनों भाईयों के बेटों रचित अग्रवाल व दीपेन्द्र शंकर संस्थापक निदेशक थे। परन्तु पूर्व मेयर, राज्यपाल व वर्तमान कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य व उनके बेटे अभिनव मौर्य के संरक्षण में छोटे भाई रमाशंकर व उनके बेटों रचित व अनुराग ने धक्के देकर शोरूम से बाहर कर दिया और दो व्यवसायिक संस्थानों पर कब्जा करवा दिया इसके साथ ही हीरो मोटरसाइकिल की डीलरशिप पर षड़यंत्र और योजनाबद्ध तरीके से बेबीरानी के पति व बेटे ने अपने नाम करवा ली। 2020 से चल रहे इस षड़तंत्र के तहत रविशंकर व उनके बेटे दीपेन्द्र पर चार एफआईआर भी कराई गयीं। जब पीड़ित पक्ष ने साक्ष्यों के साथ क्रास एफआईआर कराने का प्रयास किया तो किसी थाने में सुनवाई नहीं की गई। आज कम्पनी के मालिक न्याय के लिए भटक रहे हैं और बेबीरानी मौर्य के परिवारीजन शोरूम के मालिक बने बैठे हैं।
पीड़ित पक्ष ने कोर्ट के माध्यम से कई एफआईआर करवाई, लेकिन सत्ता के प्रभाव से सभी एफआईआर में चंद माह में एफआर लगा दी जाती है। तब से पीड़ित पक्ष न्याय के लिए भटक रहा है, लेकिन पुलिस दबे शब्दों में उनसे किसी तरह का सहयोग न करने की बात कहकर लौटा देती है। अंत में पीड़ित पक्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले, जहां उन्हें जांच कराकर न्याय का आश्वासन दिया गया। परन्तु अब अलग-अलग माध्यम से पीड़ित पक्ष को धमकाया जा रहा है।
रविशंकर ने आज संजय प्लेस स्थित अपने कार्यालय पर प्रेस वार्ता आयोजित कर कहा कि उन्हें अपने, बेटे सहित पूरे परिवार की जान का खतरा है। उन्होंने कहा कि हमें एक व्यापारी से क्रिमिनल बना दिया गया, जबकि हम एक सामान्य व्यापारी हैं, जो हर वर्ष लाखों का टैक्स देते हैं। बेबीरानी मौर्य के परिवार ने पहले हमारे परिवार में फूट डलवायी फिर सत्ता के दबाव में पारीवारिक मामले को क्रिमिनल मामला बनाकर लाभ कमा रहे हैं। हम सभी साक्ष्य उपबल्ध कराते हुए मीडिया से न्याय दिलवाने के लिए सहयोग की अपेक्षा करते हैं।
: उत्तर प्रदेश स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में आगरा टीम का दबदबा
Mon, Jan 15, 2024
आगरा। लखनऊ में 10 से 12 जनवरी तक आयोजित हुई द्वितीय उत्तर प्रदेश स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में आगरा का दबदबा रहा। गायत्री पब्लिक स्कूल के सब जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग में आगरा ने प्रथम स्थान पर अपना कब्जा जमाया वहीं जूनियर बालिका वर्ग में भी आगरा उप विजेता बना। प्रतियोगिता में पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं एनआईएस कोच रवि कुमार ने टीम कोच की भूमिका निभाई। टीम के साथ खेल अधिकारी के रूप में राष्ट्रीय खिलाड़ी नरेंद्र सिंह धाकड़ और मयंक कांत शर्मा मौजूद रहे।
आपको बता दें खिलाड़ियों का सम्मान बोस्टन पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य दिग्विजय सिंह ने किया। स्वर्ण पदक विजेता बने मोहम्मद सय्यद, अर्नव सिकरवार, दित्या, भूवि, विकांक्षी चौहान। रजत पदक विजेता बने हिमांशु चाहर, तृषा, जिज्ञासा। कांस्य पदक विजेता बने एकांश, सोम शुक्ला, मनीष यादव, किंजल सिंघल, गौरी, ऋद्धि सिंह, कुमारी काजल, ऋतु और अविषा, अमोल कुशवाह, उमंग सोनी, एकांच महेश्वरी, व्योमा, शुभम, अनुरूद्र ने स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में अपनी भागीदारी निभाई।
पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी अभिषेक शर्मा ने टीम को बेमिसाल उपलब्धि हासिल करने पर बधाइयां दी। राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं राष्ट्रीय निर्णायक मोहित पाराशर ने टीम को प्रोत्साहन देते हुए खिलाड़ियों की जीत पर हर्ष जताया।
: हॉफ मैराथन के प्रोमों में कोहरे की चादर को चीरते हुए दौड़े 500 से अधिक धावक
Sun, Jan 14, 2024
आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित हॉफ मैराथन के प्रथम प्रोमो में 6 वर्ष से 74 वर्ष के लोगों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग
आगरा। हाथों में तिरंगा लिए कोहरे की धुंध को चीरते हुए दौड़ते सैकड़ों धावक, उत्साहवर्धन के लिए ढोल नगाड़ों का संगीत। कुछ ऐसा ही नजारा था आज खेलगांव में। जहां आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा 3 मार्च को ताजनगरी में पहली बार आयोजित होने जा रही हाफ मैराथन के 5 किमी के फर्स्ट प्रोमो का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के भाव से अधिक मन में कटऑफ टाइम (एक घंटा) के अन्दर दौड़ को पूरा करने की इच्छा नजर आई धावकों में। कार्यक्रम का शुभारम्भ फीता काटकर व हरी झंडी दिखाकर मुख्य अतिथि एडीशनल कमिश्नर केशव कुमार चौधरी व विशिष्ठ अतिथि एसएन मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ. प्रशान्त गुप्ता ने किया।
पांच किमी की दौड़ खेलगांव से प्रारम्भ होकर पोइया घाट होते हुए पुनः खेलगांव आकर समाप्त हुई। दौड़ में आगरा जिले के विभिन्न वर्गों के (डॉक्टर, व्यवसायी, समाजसेवी आदि) लोगों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। सबसे कम उम्र 6 वर्ष की सम्यक जैन, 7 वर्ष के देवांग सारस्वत और सबसे अधिक उम्र के धावकों में हृदय रोगी होने के बावजूद 62 वर्ष के गोविन्द प्रसाद शर्मा, 70 वर्ष के राजेश मित्तल ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। महिलाओं में सर्वाधिक उम्र की दयालबाग निवासी व योगा एक्सपर्ट 74 वर्ष की सरोज ने पांच किमी की दौड़ को पूरा किया। डॉक्टर्स में प्रथम अनुराग टंडन व डॉ. रजनी पचौरी, सामान्य वर्ग में शमशाबाद के 21 वर्षीय गौरी व बल्केश्वर की 18 वर्षीय संजना राजौरिया रहीं। सभी विजेता धावकों व अतिथियों का स्वागत आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. एनएस लोधी ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. संजय गुप्ता, महेश सारस्वत, दीपक नेगी एवं संदीप ढल, चारू कपूर, डॉ. रचना, डॉ. माला, सपना आदि के अलावा गोपाल, प्रमोद कटारा, परमजीत, इशु, तरुण सारस्वत, डॉ. आलोक मित्तल, डॉ. अरविन्द यादव आदि का विशेष सहयोग रहा।
दौड़ से पहले योगा कर किया वार्म अप
हाथ मैराथन के 5 किमी के फर्स्ट प्रोमो में दौड़ से पहले सभी धावकों ने आधा घंटा योगा कर वार्म अप किया। दीपक नेगी, आरती मल्होत्रा व दुर्गेश ने वार्म अप कराया। योगा एक्सपर्ट कल्पना ने योगा का महत्व बताने के साथ कई आसन करवाए। जगह-जगह हाइड्रेशन प्वाइंट की व्यवस्था की गई थी। फर्स्ट प्रोमो के लिए 478 लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था परन्तु भाग लेने 500 से अधिक लोग पहुंचे।
28 जनवरी को एकलव्य स्टेडियम से प्रारम्भ होगा दूसरा प्रोमो
आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल ने बताया कि ताज नगरी में पहली बार 3 मार्च को आयोजित होने जा रही 21 किमी की हॉफ मैराथन का दूसरा प्रोमो 28 जनवरी को एकलव्य स्टेडियम से प्रारम्भ होगा। दूसरा प्रोमो 10 किमी का होगा, जिसका कटऑफ टाइम दो घंटा रहेगा। जिसमें एक हजार से अधिक धावकों के दौड़ने की उम्मीद है। तीसरा प्रोमों फरवरी माह में वैलेन्टाइन थीम पर आयोजित किया जाएगा।