: सुरक्षा, सेवा और समर्पण का प्रतीक बनेगी बल्केश्वर पुलिस चौकी
Mon, Feb 3, 2025
लघु उद्योग भारती द्वारा निर्मित आदर्श पुलिस चौकी, बल्केश्वर का भव्य लोकार्पण
शिकायत पर होगी त्वरित कार्रवायी, आधुनिक सज्जा से सज्जित है आदर्श पुलिस चौकी
पूर्व में रामबाग पुलिस चौकी का भी लघु उद्योग भारती ने उद्यमियों के सहयोग से कराया था निर्माण
आगरा। सुरक्षा, सेवा और समर्पण का प्रतीक बनेगी आदर्श पुलिस चौकी बल्केश्वर। इसी ध्येय के साथ लघु उद्योग भारती के सौजन्य से आदर्श पुलिस चौकी बल्केश्वर का लोकार्पण किया गया।
सोमवार को उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, अपर पुलिस आयुक्त संजीव त्यागी, पुलिस उपायुक्त सूरज कुमार राय, लघु उद्योग भारती के प्रदेशाध्यक्ष दीपक अग्रवाल, प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल, जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता, महासचिव राजीव बंसल, कोषाध्यक्ष संजीव जैन ने नवनिर्मित आदर्श पुलिस चौकी का फीता काट और शिलापट्टिका से पर्दा हटाकर लोकार्पण किया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए अपर पुलिस आयुक्त संजीव त्यागी ने कहा कि जब समाज और उद्योग जगत पुलिस के साथ इस प्रकार सहयोग करते हैं, तो हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। हम नागरिक सेवा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लघफ उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ( राज्यमंत्री दर्जा) ने कहा कि लघु उद्योग भारती का यह प्रयास यह सिद्ध करता है कि उद्योग केवल व्यापार तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और प्रशासन के साथ मिलकर राष्ट्र निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह चौकी सुरक्षा और विकास का एक आदर्श उदाहरण बनेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जब नागरिक और उद्योग जगत पुलिस के सहयोग के लिए इस तरह आगे आते हैं, तो यह प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करता है। यह चौकी क्षेत्र के नागरिकों को अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल प्रदान करेगी।
लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने कहा, यह चौकी केवल एक भवन नहीं, बल्कि सुरक्षा, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। जब पुलिस और समाज मिलकर काम करते हैं, तो कानून-व्यवस्था और भी अधिक मजबूत होती है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि आज प्रदेश में अपराधी किसी भी अपराध को अंजाम देने से पहले 100 बार सोचने को मजबूर होते हैं। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी लघु उद्योग भारती ने रामबाग पुलिस चौकी का निर्माण कराया था।
कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने लघु उद्योग भारती के प्रयास की सराहना की।
महासचिव राजीव बंसल ने कहा कि चौकी को नवीनतम तकनीक से सुसज्जित किया गया है, जिसमें सीसीटीवी कैमरा, एलईडी टीवी, शॉपिंग चार्जिंग पॉइंट्स, मॉडर्न इक्विप्ड ऑफिस, रिस्टरूम, स्टोर रूम, पैंट्री और पब्लिक टॉयलेट जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही, वादी या पीड़ितों के लिए विशेष रूप से एक स्वागत कक्ष एवं बैठने की उचित व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें बेहतर वातावरण में अपनी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि जनता पुलिस का सहयोग करती है किंतु लघु उद्योग भारती ने तो पूरी चौकी का निर्माण ही कराकर प्रशंसनीय सहयोग किया है।
पुलिस उपायुक्त सूरज कुमार राय ने कहा कि इस तरह की आधुनिक चौकियां पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाती हैं। लघु उद्योग भारती द्वारा किया गया यह योगदान समाज और प्रशासन के बीच मजबूत समन्वय का उदाहरण है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि औद्योगिक हित के अपने ध्येय वाक्य को सार्थक करते हुए लघु उद्योग भारती ने इस चौकी के निर्माण के माध्यम से समाज और प्रशासन के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त हेमंत कुमार, थाना अध्यक्ष, कमला नगर निशामक त्यागी, भारतीय जनता पार्टी के महानगर उपाध्यक्ष नीरज गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, पार्षद मुरारी लाल गोयल, अमित अग्रवाल पारुल, पार्षद पूजा बंसल, गिर्राज बंसल, हरीओम, प्रदीप अग्रवाल, दीपक ढल, पंकज अग्रवाल, लघु उद्योग भारती के महासचिव राजीव बंसल, कोषाध्याय संजीव जैन, उपाध्यक्ष दिनेश गुप्ता, अरविंद शुक्ला, सौरभ गुप्ता, शैलेश अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, अर्जुन गुप्ता, पल्लवी महाजन आदि उपस्थित रहे।
: मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में हुई कैलाश मंदिर कॉरिडोर के विकास से संबंधित पर्यटन योजनाओं की समीक्षा बैठक
Tue, Jan 28, 2025
आगरा। मण्डलायुक्त श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह जी की अध्यक्षता में कैलाश मंदिर कॉरिडोर के विकास से संबंधित पर्यटन योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी महोदय द्वारा अवगत कराया गया कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य के साथ तीन चरणों में कैलाश मंदिर कॉरिडोर का विकास एवं सौन्दर्यीकरण किया जा रहा है। पहले चरण में लगभग 4.11 करोड़ की लागत से मुख्य द्वार का निर्माण और यमुना नदी किनारे घाट का निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में लगभग 15 करोड़ की लागत से दूसरे बड़े घाट का निर्माण, भण्डार गृह, पाथवे, नाली, यमुना दर्शन स्थल, सोलर पॉवर सिस्टम और स्टोन बैंच का निर्माण किया जाएगा। शासनादेश होने के उपरान्त निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर कार्य प्रारम्भ किया जाएगा।
वहीं तीसरे चरण की कार्ययोजना तैयार की जा रही है जिसमें मुख्यतः पार्किंग, स्ट्रीट लाइट, घाट का सौंदर्यीकरण, फर्नीचर, कियोस्क, डेकोरेटिव लाइटिंग आदि कार्य शामिल है। मण्डलायुक्त महोदय ने निर्देश दिए कि इस कार्ययोजना में राष्ट्रीय राजमार्ग से कैलाश मंदिर जाने वाले मार्ग पर दोनों ओर किनारे वृक्षारोपण, वन विभाग क्षेत्र में मार्ग के दोनों ओर बैरिकेडिंग और बढ़िया प्लाटेंशन का कार्य एवं विद्युत पोल पर सोलर लाइट लगाये जाने का कार्य भी शामिल किया जाए। वन विभाग के क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से ईको टूरिज्म या अन्य दर्शनीय पार्क स्थल में विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया जाए। बैठक में मौजूद कैलाश मंदिर महन्त निर्मल गिरी जी और अशोक कुलश्रेष्ठ जी द्वारा बताए गए उपयुक्त सुझावों को भी शामिल करते हुए फाइनल कार्ययोजना बनाकर शासन को जल्द भेजने के निर्देश दिए।
मण्डलायुक्त महोदय ने बैठक में मौजूद कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण व समय से पूर्ण होने चाहिए। संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि यमुना में किसी प्रकार की गंदगी न हो, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबन्ध रहे, यह सुनिश्चित किया जाए। मंदिर के बाहर दुकानदारों व आने वाले श्रद्धालुओं को इसके प्रति जागरूक बनाया जाए। साथ ही मंदिर मंहत से मंदिर की समुचित व नियमित सफाई हेतु सफाईकर्मी की नियुक्ति किए जाने की अपेक्षा जताई।
बैठक में जिलाधिकारी श्री अरविन्द मलप्पा बंगारी जी, डीएफओ श्री आदर्श कुमार जी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी श्री शक्ति सिंह जी, पीडब्लूडी अधिशासी अभियंता, श्री निर्मल गिरी जी, श्री अशोक कुलश्रेष्ठ जी, शिवम गिरी जी आदि मौजूद रहे।
: मण्डलायुक्त ने किया अटल आवासीय विद्यालय, किरावली का निरीक्षण
Thu, Jan 23, 2025
आगरा। आज गुरुवार को मण्डलायुक्त आगरा शैलेंद्र सिंह द्वारा ग्राम कोरई तहसील किरावली स्थित अटल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त महोदय द्वारा विभिन्न कक्षा वर्गों के बच्चों के साथ वार्तालाप किया गया और विद्यालय द्वारा संचालित शैक्षणिक एवं शैक्षिणेत्तर गतिविधियों के बारे में जानकारी ली गयी।
मण्डलायुक्त महोदय द्वारा अपने निरीक्षण के दौरान प्रयोगशाला, पुस्तकालय, बच्चों का छात्रावास तथा मेस का भी निरीक्षण किया गया। मेस में बनने वाले भोजन तथा स्टॉक में रखी गयी सामग्रियों का भी अवलोकन किया। निर्देशित किया कि बच्चों को उच्च गुणवत्ता एवं पौष्टिक भोजन प्रत्येक दशा में सुनिश्चित किया जाये। प्रशासनिक भवन, छात्रावास आदि में मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को तत्काल मरम्मत करने को निर्देशित किया। प्रधानाचार्य तथा उप श्रमायुक्त, आगरा मण्डल से आगामी प्रवेश परीक्षा हेतु प्राप्त हो रहे आवेदन पत्रो की भी समीक्षा की और निर्देशित किया गया कि शैक्षणिक सत्र 2025-2026 में प्रवेश हेतु आयोजित की जा रही प्रवेश परीक्षा में अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों के बच्चों के आवेदन कराएं तथा परीक्षा की सुचिता एवं पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करे।
विद्यालय प्रशासन एवं उप श्रम आयुक्त आगरा मण्डल द्वारा विद्यालय की कतिपय समस्याओं जिसमें विद्यालय के रास्ते में पड़ने वाले रेल ओवर ब्रिज, जो विद्यालय में जाने हेतु एकमात्र रास्ता है, में बारिश के दौरान पानी भर जाने से आवागमन बंद हो जाने, विद्यालय में बारिश के पानी के समुचित निकासी का प्रबन्ध न होने आदि समस्याओं से अवगत कराया गया। मण्डलायुक्त महोदय द्वारा विद्यालय के उपर्युक्त समस्याओ के निराकरण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किये गये।
निरीक्षण के दौरान उप श्रम आयुक्त, आगरा मण्डल, उप जिलाधिकारी किरावली तथा खण्ड विकास अधिकारी फतेहपुर सीकरी भी उपस्थित रहे।