: आज की युवा पीढ़ी भरत से सीखें अनुशासन, संयम और त्याग
Tue, Sep 26, 2023
आगरा। आज की युवा पीढ़ी भरत से सीखे जीवन में अनुशासन, समर्पण, संयम और त्याग। मात्र 27 वर्ष की उम्र में अयोध्या का राजपाठ मिलने के बावजूद उन्होंने सिंहासन नहीं बल्कि भाई के प्रेम को स्वीकार किया। नंगे पैर, पैदल भगवान को वापस लाने वन को गए। उनके साथ सभी गरुजन, माताएं और जनता चल पड़ी। आज राम राज्य के लिए नारों की नहीं बल्कि कौशल्या जैसी माताओं और श्रीराम व भरत जैसे पुत्रों की जरूरत है।
श्री कामतानाथ सेवा समिति द्वारा चित्रकूट धाम (कोठी मीना बाजार) में आयोजित श्रीराम कथा में आज श्री कामदगिरि पीठाधीश्वर श्रीमद् जगतगुरु राम नंदाचार्य स्वामी रामस्वरूपाचार्य महाराज ने जेठ स्वामी सेवक लघु भाई, दिनकर कुल यह रीति सुहाई… दोहे के माध्यम से कहा कि भरत ने बड़े भाई श्रीराम को हमेशा स्वामी और खुद को सेवक माना। कहा कि आज की पीढ़ी शिक्षा में बेशक आगे हैं मगर संस्कारों में पीछे होती जा रही है। घर में शासन बेशक पुत्रों का हो मगर अनुशासन वृद्धों का होना चाहिए। देश में शासन किसी का भी हो मगर अनुसासन संतों का होना चाहिए। अनुसासन ही देश और व्यक्ति को महान बनाता है। जीवन में कर्तव्य पालन को स्वीकारें।
आपस में विवाद नहीं संवाद करें
भरत के श्रीराम को वन से वापस लाने के समय राजा निषाद द्वारा भ्रमवश भरत से युद्ध की तैयारी करने की कथा का वर्णन करते हुए कहा कि संवादहीनता के कारण विवाद बढ़ते हैं। आपस में विवाद नहीं संवाद करिए आज पिता-पुत्र और सास-बहु में संवादहीनता है। समाज में संवादहीनता है। एक और नेक होकर रहिए, विवाद से मान प्रतिष्ठा और सम्पत्ति का नाश होता है।
कथा के प्रारम्भ में यज्ञाचार्य राहुल रावत ने यज्ञ सम्पन्न कराया। इस अवसर पर जगतगुरु घनश्यामाचार्य महाराज, विधायक जीएस धर्मेश, लक्ष्मी नारायण त्यागी, अध्यक्ष जय भोले, पिंकी त्यागी, दीनदयाल मित्तल, रामवीर सिंह चाहर, बनवारी लाल मित्तल, निदेशक जीएसटी प्रभाकर शर्मा, आनंद राय, अशोक फौजदार, किशोर लवानिया, अर्जुन त्यागी, सतेन्द्र पाराशर, सौरभ शर्मा, वेदांशू शर्मा, दिलीप शर्मा, अमित शर्मा, लवकेश चौधरी, रामदत्त त्यागी आदि उपस्थित रहे।
: सड़कों से धूल उठाने को नगर निगम ने नहीं लगाई कोई टीम, परिवहन विभाग को भी डीएम ने लगाई फ़टकार
Tue, Sep 26, 2023
आगरा। जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति, वृक्षारोपण तथा जिला गंगा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सर्व प्रथम पर्यावरण समिति से संबंधित प्रकरणों पर विचार किया गया, जिसमें वायु प्रदूषण के प्रभावी नियंत्रण की समीक्षा की गई। बताया गया कि शीतकाल के दौरान 1 अक्टूबर से 30 मार्च तक ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (जीआरएपी) का अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु विभिन्न विभागों यथा नगर निगम, एडीए, पीडब्ल्यूडी, गंगा जल प्रोजेक्ट, मेट्रो कॉरपोरेशन, एनएचएआई, जलनिगम, जल संस्थान, कार्यदाई संस्थाओं द्वारा अनुपालन किया जाता है। डीएम ने सभी रोड़ कटिंग करने वाले विभागों से जीआरएपी को लागू करने के कड़ाई से निर्देश दिए जिससे कि एक्यूआर 200 से कम रहे।
जिलाधिकारी द्वारा शहर को डस्ट फ्री हेतु किए गए कार्यों तथा रोड पर से डस्ट उठान के बारे में जानकारी करने पर पर्यावरण अभियंता द्वारा बताया गया कि वायु प्रदूषण रोकथाम हेतु निगम द्वारा प्रयास किया गया है। इस हेतु शहर को अवार्ड भी मिला है। जिलाधिकारी ने पूछा कि क्या धूल उठान हेतु कोई टीम लगाई गई है। इस पर पर्यावरण अभियंता द्वारा बताया गया कि कोई टीम नहीं लगाई गई है। जिलाधिकारी ने इस पर कड़ी फटकार लगाई और जनस्वास्थ्य के प्रति वास्तविक रूप से जमीन पर वायु प्रदूषण हेतु प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ अवार्ड प्राप्त कर लेना ही वायु प्रदूषण रोक थाम हेतु पर्याप्त नहीं है।
बैठक में परिवहन विभाग की समीक्षा में 15 वर्ष पुराने वाहनों तथा पर्यावरण प्रदूषण जांच की स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने शहर में काला धुआं छोड़ने वाले चल रहे वाहनों की जांच के बारे में पूछा, कोई संतुष्टिपूर्ण जवाब न मिलने पर संबंधित से कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए फटकार लगाई। प्रदूषण जांच केन्द्रों पर प्रभावी जांच कराने, अधोमानक वाहनों के चालान तथा सीज करने के निर्देश दिए। बैठक में पूर्व में दिए हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के बाबत अभियान चलाने के निर्देश का प्रभावी अनुपालन न किए जाने पर बैठक में ही 30 सितंबर को परिवहन विभाग के सभी अधिकारियों को तलब करने तथा प्रभावी अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि इस हेतु सभी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में सीएंडडी वेस्ट, बायोमेडिकल वेस्ट, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की समीक्षा की तथा जरूरी निर्देश दिए। बैठक में यमुना नदी के डूब क्षेत्र के चिन्हांकन तथा पिलर लगाने की समीक्षा में बताया गया कि प्रति 500 मीटर पर एक पिलर कुल 1100 पिलर लगाए जाने का कार्य पूर्ण हो गया है। जिलाधिकारी ने ड्रोन से रिकॉर्डिंग कराने तथा रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए।
बैठक में यमुना नदी में गिरने वाले नालों की टेपिंग की जानकारी करने पर बताया गया कि 90 नालों में 29 का टेपिंग कार्य हो चुका है, जिलाधिकारी ने उनके परफॉर्मेंस असेसमेंट कराने तथा शेष 61 नालों की टेपिंग हेतु कार्य योजना के क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए। वन विभाग को फाइटो रेमिडिएशन ककरेठा प्रोजेक्ट की तर्ज पर और भी कार्य किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में किए गए वृक्षारोपण की शतप्रतिशत जियो टैगिंग कराने की समीक्षा में बताया गया कि सहकारिता विभाग द्वारा मात्र 40 प्रतिशत, लोकनिर्माण विभाग द्वारा 49 प्रतिशत, रक्षा विभाग 54 प्रतिशत, चिकित्सा शिक्षा 68 प्रतिशत ही सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु जियो टैगिंग की गई है। बैठक में बताया गया कि लगाए गए पौधों की मॉनिटरिंग हेतु थर्ड पार्टी द्वारा जांच हेतु एफआरआई की टीम आएगी। सभी विभागों को शतप्रतिशत जियो टैगिंग कराने तथा पौधों की जीवितता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में 1 अक्टूबर को वानिकी वर्ष के प्रारंभ पर जागरूकता कार्यक्रम करने, यमुना नदी की बायोडायवर्सिटी असेसमेंट टीएसए संस्था से कराने हेतु भी प्रस्ताव रखे गए। बैठक में डीएफओ आदर्श कुमार, यातायात, नगर निगम, जल निगम, उद्यान तथा समस्त संबंधित विभागों के अधिकारीगण के साथ समितियों के सदस्यगण मौजूद रहे।
: कैबिनेट मंत्री ने सौंपा आगरा के लेदर फुटवियर को मिले जीआई टैग का प्रमाणपत्र
Tue, Sep 26, 2023
• ग्रेटर नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो बना आगरा को मिले जीआई टैग का गवाह
• चंद्रशेखर जीपीई ने आधिकारिक रूप से कैबिनेट मंत्री राकेश सचान से प्राप्त किया प्रमाणपत्र
आगरा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित हुए यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2023 सोमवार को उस वक्त आगरा के खाते में आई ऐतिहासिक उपलब्धि का गवाह बना, जब प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने आगरा के लेदर फुटवियर को मिले जीआई टैग का प्रमाण पत्र प्रदान किया। ज्ञात हो कि पिछले दिनों जीआई विशेषज्ञ पद्म श्री डॉ. रजनीकान्त द्विवेदी और नाबार्ड उ.प्र. एवं राज्य सरकार के सहयोग से प्रदेश के 2 हैण्डीक्राफ्ट को बौद्धिक सम्पदा अधिकार में शामिल किया गया था जिसमें आगरा लेदर फुटवियर उत्पादों को जीआई टैग पंजीकरण संख्या-721 प्राप्त हुआ था। जिसका आधिकारिक प्रमाणपत्र मिलना बाकी था।
सोमवार को ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित हुए यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा और टेक्सटाइल्स उद्योग कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने स्वयं अपने हाथों से यह प्रमाणपत्र आगरा फुटवियर मैन्यूफैक्चरर्स एण्ड एक्सपोटर्स चैम्बर (एफमेक) के एडमिन हेड चंद्रशेखर को आधिकारिक रूप सौंपा।
इस मौके पर उनके साथ भारत सरकार के डिपार्टमेंट फॉर प्रमोशन ऑफ़ इंडस्ट्री एंड इंटरनल ट्रेड (डीपीआइटी) के सेक्रेटरी राकेश कुमार सिंह, एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन उत्तर प्रदेश सरकार में एसीएस, अमित मोहन प्रसाद और जीआई विशेषज्ञ पद्म श्री डॉ. रजनीकान्त द्विवेदी मौजूद रहे।
आगरा के खाते में आई इस उपलब्धि के लिए एफमेक अध्यक्ष पूरन डावर, महासचिव राजीव वासन, रूबी सहगल, गोपाल गुप्ता, ललित अरोड़ा, कैप्टन अजित सिंह राणा, प्रदीप वासन आदि ने ख़ुशी जाहिर करते हुए इसे आगरा के जूता उद्योग के लिए वरदान बताया।