: श्रीवरद वल्लभा महागणपति को 100 किलो का मोदक अर्पित, 6 कारीगरों ने किया तैयार
Thu, Sep 12, 2024
आगरा− फिरोजाबाद रोड स्थित श्रीवरद वल्लभा मंदिर में गणेश चतुर्थी महोत्सव का मनाया गया पांचवा दिन
नीलांबर धारी के रूप में गजानन ने दिए दर्शन, पांच फुट के मोदक की विशालता देख भक्त हतप्रभ
मेवा श्रंगार के दर्शन के साथ भक्तों ने लिया प्रसादी का आनंद, मंदिर परिसर में गूंजा बप्पा मोरया
आगरा। नीलांबर धारण कर स्वर्णिम आभा को बिखेरते श्रीवरद वल्लभा महागणपति के दर्शन को पहुंच रहे भक्त उस वक्त हतप्रभ रह गए जब आराध्य के समक्ष 100 किलो और पांच फुट का विशाल मोदक अर्पित देखा। सड़क पर दूर से ही मंदिर परिसर में रखा विशाल मोदक भक्तों को दर्शन के लिए लगातार खींचता रहा।
आगरा− फिरोजाबाद रोड स्थित श्रीवरद वल्लभा महागणपति मंदिर में चल रहे श्रीगणेश चतुर्थी महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को विशेष भाेग अर्पित किया गया। महाभिषेक के बाद प्रातः हवन सेवा स्मृति अग्रवाल की ओर से रही। फूल बंगला सेवा उदय अग्रवाल, वस्त्र एवं भाेग सेवा रविशंकर अग्रवाल व उषा अग्रवाल, श्रंगार सेवा अजय बंसल, प्रसादी सेवा मंदिर संस्थापक हरिमोहन गर्ग (चेयरमैन एनआरएल ग्रुप) एवं साधना गर्ग, संध्या हवन सेवा अम्बरीश लाेधी की ओर से रही।
फिरोजाबाद रोड स्थित श्रीवरद वल्लभा गणपति मंदिर में गणेश जी को अर्पित किये गए 100 किलो के मोदक को निहारते भक्त
संस्थापक हरिमोहन गर्ग (चेयरमैन एनआरएल ग्रुप) ने बताया कि 100 किलो के मोदक को बनाने की तैयारी में पांच− छह दिन का समय लगा। मोदक के लिए विशेष रूप से छह कारीगरों को बुलाया गया था। प्रसाद क्योंकि मंदिर की रसोई में ही बनता है इसलिए मोदक बनाने की व्यवस्था यहीं की गयी थी। 100 किलो के मोदक के पास छोटे मोदक भी रखे गए हैं और साथ ही खेल− खिलौने भी रखे गए हैं। ये सभी प्रसादी है और पूर्ण रूप से मेवा से निर्मित है। भक्तों में मोदक के प्रति खास उत्साह है। बुधवार को मंदिर परिसर में जैसे आस्था का ज्वार उमड़ रहा था। हर भक्त आराध्य के दर्शन के बाद बस मोदक की ओर ही ठहरे जा रहा था। विशाल मोदक की विशेषता है कि ये खराब नहीं होगा और 17 सितंबर तक यहीं दर्शनार्थ उपलब्ध रहेगा। संध्या आरती लॉयंस क्लब आफ आगरा विशाल एवं श्रीखाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट की ओर से की गयी।
इस अवसर पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, लायंस क्लब विशाल के अध्यक्ष हेमेंद्र अग्रवाल, सचिव सुनील बंसल, कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, चंदर माहेश्वरी, सुनील अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, रविंद्र अग्रवाल आदि ने सेवा कार्य में सहयोग दिया।
: 27 पुष्प व 27 नदियों के जल से किया राधारानी का अभिषेक
Thu, Sep 12, 2024
श्रीजगन्नाथ मंदिर में गूंजे राधारानी के जयकारे
नीले रंग के फूलों से सजे राधारानी का डोले ने किया क्षेत्र का भ्रमण
आगरा। 27 दिन के मूलों में जन्मी राधारानी का अभिषेक 27 नदियों के जल कलश व 27 पुष्पों से कर मूल उतारे गए। कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में आयोजित राधाष्टमी महामहोत्सव में राधारानी के प्रिय नीले रंग की पोशाक में श्रंगारित राधारानी के जयकारे गूंजे तो हर तरफ भक्तिभाव की गंगा बहने लगी। मंदिर परिसर को भी नीले रंग के आर्किड व अपराजिता के पुष्पों से व रोशनी से सजाया गया।
प्रातः राधारानी की कथा में इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने भक्तों को बताया कि रावल गांव में एक कमल के पुष्प पर प्रकट हुई राधारानी जन्मांध थीं। जिन्हें पहली बार श्रीकृष्ण के दर्शन के साथ दृष्टि प्राप्त हुई। संध्या काल में मृदंग व मंजीरों के कीर्तन करते हुए मंदिर परिसर में श्रीराधा-कृष्ण की पालकी निकाली गई। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर राधारानी की पालकी का स्वागत किया। 27 पुष्पों व 27 नदियों के जल कलश से राधारानी का अभिषेक कर महाआरती की गई। हर तरफ राधा-कृष्ण की भक्ति में झूमते भक्त और गूंजते जयकारों ने मानों मंदिर परिसर को ब्रजधाम बना दिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से शैलेन्द्र अग्रवाल, कामता प्रसाद अग्रवाल, राहुल बंसल, सुनील मनचंदा, सुशील अग्रवाल, संजय अग्रवाल, संजीव बंसल, संजय कुकरेजा, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश अग्रवाल, शैलेश बंसल, राजीव मल्होत्रा, शाश्वत नन्दलाल, सूरज, विकास बंसल आदि उपस्थित थे।
: राधारानी के प्रिय व्यंजनों का प्रसाद लगाकार मनाया राधाष्टमी महोत्सव
Thu, Sep 12, 2024
महाराजा अग्रसेन सेवा समिति लोहामंडी व श्रीअग्रवाल संघ ट्रस्ट द्वारा भक्ति भाव से मनाया राधा जी का जन्मोत्सव
वृंदावन के टटिया स्थान से लाई गई राधा रानी की प्रिय प्रसादी
आगरा। श्रीराधा रानी के जन्मोत्सव पर उनके प्रिय व्यंजन दही, अरबी के व्यंजन और खीसरा का प्रसाद लगाया गया। मयूर नृत्य और महारास हुआ तो मानों मंदिर परिसर वृन्दावन धाम बन गया। राधा-कृष्ण का पूजन कर भजनों में भक्ति के स्वर बिखरे तो हर श्रद्धालु भक्ति के सरोवर में डुबकी लगाता नजर आया। राधाष्टमी के उपलक्ष्य में आज महाराजा अग्रसेन सेवा समिति लोहामंडी व श्री अग्रवाल संघ ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में राधा रानी का पावन जन्मोत्सव चिन्ताहरण मंदिर, जयपुर हाउस में श्रद्धा भाव के साथ आयोजित किया गया। सभी सदस्यों राधा कृष्ण का पूजन किया।
प्रातः विशेष रूप से वृन्दावन के टटिया स्थान से एससी अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, हरीश अग्रवाल, हर्षित ग्रवाल द्वारा लायी गई राधा रानी की प्रिय प्रसादी (दही, अरबी के व्यंजन और खीसरा) को लाकर भक्तों में बांटा गया। इससे पूर्व राधारानी का पंचामृत से अभिषेक कर उन्हें श्रंगारित किया गया। पुष्पों से सजाया गया। मंदिर परिसर को भी सतरंगी फूलों व रोशनी से सजाया गया। प्रसादी वितरण के दौरान राधा रानी की भक्ति में पुष्पा अग्रवाल सहित अनेक भक्तजन लीन नजर आए। डॉ वीडी अग्रवाल के अनुसार, वृंदावन से मंगाए गए इस विशेष प्रसाद ने उन्हें राधा रानी के दिव्य प्रेम और आशीर्वाद से जोड़ने का अनुभव दिया। संचालन और आयोजन श्री अग्रवाल संघ ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए, सभी उपस्थित भक्तजन भावविभोर होकर राधा रानी के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते रहे।
इस अवसर पर मुख्य रूप से अध्यक्ष मुकुल गर्ग, अध्यक्ष अनुराग मित्तल, पुष्पा अग्रवाल, रेखा, निकिता, करिश्मा अग्रवाल, पिंकी सिंघल, घनश्याम, अनिल वर्मा, महावीर मंगल, सुरेश चंद गर्ग, ओम स्वरूप गर्ग, रीना सिंहल, डॉ दीपक अग्रवाल, सिंपल, डॉ अंशुल अग्रवाल, रजनी अग्रवाल, रेनु गुप्ता आदि उपस्थित थीं।