: भव्य आतिशबाजी और दिव्य देव दीपावली से जगमग हुआ श्री खाटू श्याम मंदिर
Mon, Jan 22, 2024
अयोध्या नगरी में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर खाटू श्याम मंदिर में भी हुआ विशेष आयोजन
आकर्षक विद्युत प्रकाश, आतिशबाजी और दीप मालिका से प्रकाशित हुआ मंदिर, फूल बंगले में सजे श्याम बाबा
आगरा। अवध में राम आए, नाचो झूमो गाओ… की धुन थी और हर भक्त श्याम बाबा के दर्शन कर मन उत्साहित हो रहा था।
अयोध्या नगरी में श्री राम लला प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट द्वारा जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में विशेष और भव्य आयोजन किया गया। मंदिर के पट प्रातः से देर रात तक भक्तों के लिए खुले रहे। रंग बिरंगे फूल बंगले में विराजित श्याम बाबा के विशेष श्रंगार और पोशाक के दर्शन कर भक्त निहाल हो रहे थे।
मंदिर परिसर में पूरे दिन आस्था का सैलाब उमड़ता रहा। शीश के दानी श्याम बाबा की जयकार के साथ जय श्री राम के जयघोष मंदिर में गूंज रहे थे। संध्याकाल मंदिर आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया। मंदिर प्रांगण में स्थित सीढ़ियों पर श्रद्धालुओं ने दीप मालिका सजा दीं। हजारों दीपों की रोशनी से सर्द संध्या भी उत्साह की गर्मजोशी से परिपूर्ण हो उठी। इसके बाद भव्य आतिशबाजी ने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
इस अवसर पर मंदिर की व्यवस्थाएं अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल, सचिव संजय अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विकास गोयल, मुरारी प्रसाद, कन्हैया लाल अग्रवाल, अरुण मित्तल, राजेश जैसवाल, अमित गोयल, राकेश गर्ग, अनिल मित्तल आदि ने संभालीं।
: आस्था की अखंडता की झांकी दिखी अखंड दयालबाग की देव दीपावली में
Mon, Jan 22, 2024
अयोध्या नगरी में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर अखंड दयालबाग ग्रुप ने मनाया देव दीपावली उत्सव
दयालबाग क्षेत्र की 50 से अधिक कॉलोनी की महिलाओं ने की सहभागिता, सड़कें की दीपों से जगमग
आगरा। आस्था की अखंडता और सनातन धर्म की विजय पताका फहराते हुए अखंड दयालबाग ग्रुप ने देव दीपावली उत्सव का आयोजन किया।
सोमवार को अयोध्या धाम में श्री राम लला प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर अखंड दयालबाग ग्रुप की महिलाओं ने पूरे क्षेत्र को दीपों की रोशनी से जगमगाया। रामा एनक्लेव स्थित स्वास्तिक आध्यात्मिक केंद्र पर सर्व प्रथम दीप प्रज्ज्वलित किये गए। इसके बाद नगला बूढ़ी से दीप मालिका महिलाओं ने सजानी आरंभ की जो सौ फुटा पर अंतहीन सी लगने लगीं।
सौ फुटा रोड पर दीप जलाकर देव दीपावली मनातीं अखंड दयालबाग ग्रुप की सदस्याएं।
दयालबाग क्षेत्र की 50 से अधिक कॉलोनी और अपार्टमेंट की महिलाओं ने देव दीपावली उत्सव में सहभागिता की। जिसमें पुष्पांजलि बाग, बांके बिहारी धाम, सरला बाग, सरला बाग एक्सटेंशन, मंगलम एस्टेट, कबीर नगर, राधे ग्रीन्स, शीतला धाम, वैभव गार्डन, तुलसी विहार, जयराम बाग, मीना एनक्लेव आदि की महिलाएं शामिल थीं। उत्सव का समापन मंगलम एस्टेट पर राम दरबार की आरती, राम स्तुति, भजन और नृत्य संग प्रसादी के साथ हुआ।
इस अवसर पर रुचि सिंघल, विनीता मित्तल, प्रेरणा सिंह, तरंग त्रिपाठी, कुसुम सैनी, किरन लालवानी, क्षमा दुबे, आकृति, रेनू सिंह, ज्योतिषा, गीता सैनी, पूजा सुदान, सरिता सिंह, रीना सिंघल, मधुलिका सिंह, निधि गाबा, ज्योति मौर्या, रश्मि चौहान, तनिषा सिंघल, प्रीति यादव आदि उपस्थित रहीं।
: कावेरी मंदिर में झांकियों में दिखी अयोध्या धाम की झलक, भजनों पर झूमे भक्त
Mon, Jan 22, 2024
आगरा। आ ही गए रघुनंदन, सजवा दो द्वार− द्वार, स्वर्ण कलश रखवा दो, बंधवा दो बंधन वार..श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा होते ही उत्साह की लहर चाहुं ओर छा गयी। इसी उत्साह से सराबोर होकर कावेरी मंदिर, कावेरी कुंज, कमला नगर में हनुमान बाबा के भक्तों ने भजन संध्या और प्रसादी का आयोजन किया।
इस अवसर पर मंदिर में अयोध्या धाम की तर्ज पर मंदिर विशेष झांकियां सजायी गईं। मंदिर में उपस्थित भक्त भक्तिमय भजनों पर जमकर थिरके। इस अवसर पर व्यवस्थाएं रोहित केसवानी, नितिन अग्रवाल, देवेंद्र अग्रवाल, तुषार आदि ने संभालीं।