: रघुकुल में प्रकटे रघुवीर, देश− देशतें टीकों आयो दिव्य रत्न मनिहीर
Mon, Jan 22, 2024
श्री श्याम सेवक परिवार ने मनाया बारस ज्योत संग मनाया श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा उत्सव
देव दीपावली के प्रकाश से जगमगाया श्री खाटू श्याम जी मंदिर का परिसर, भजनों पर झूमें श्याम प्रेमी
आगरा। जैसे-जैसे अयोध्या धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी विद्वान पंडितों के सानिध्य में श्री राम लला प्राण प्रतिष्ठा विधि को पूर्ण कर रहे थे, वैसे-वैसे ही श्याम प्रेमियों का हृदय उत्साह से झूम रहा था।
सोमवार को जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर के एसी हॉल में श्री श्याम सेवक परिवार द्वारा बाबा की बारस की ज्योत संग श्री राम लला प्राण प्रतिष्ठा उत्सव मनाया गया। भक्तिमय भजनों के आनंद के मध्य एलईडी पर अयोध्या धाम में चल रहे प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण दिखाया गया। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर प्रभु श्रीराम के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। इसके साथ ही विगत एक वर्ष से आरंभ की गयी श्याम बाबा की बारस की ज्योत की परंपरा का निर्वाहन भी किया गया। सभी भक्तों ने बाबा की ज्योत के दर्शन कर मनोकामना मांगी।
आकाश गर्ग ने बताया कि हर श्याम प्रेमी के लिए जिस तरह एकादशी का महत्व है उसी तरह द्वादशी यानी बारस भी अति महत्वपूर्ण है। बारस यानी वो तिथि जब महाभारत के युद्ध के दौरान श्रीकृष्ण के कहने पर श्याम बाबा ने अपने शीश का दान सहर्ष कर दिया था। अनूप गोयल ने कहा कि भक्तों की आस्था है कि शुक्ल पक्ष की बारस को जो श्याम प्रेमी बाबा की ज्योत करता है उसके जीवन का हर कष्ट स्वयं श्याम बाबा दूर करते हैं।
इस दिन की महिमा का अनुसरण करते हुए श्री श्याम सेवक परिवार विगत एक वर्ष से हर माह की शुक्ल पक्ष की बारस को बाबा की ज्योत कर रहा है। प्रसादी के साथ उत्सव का समापन हुआ। इस अवसर पर आकाश गर्ग, अनूप गोयल, पंकज अग्रवाल, विपिन बंसल, प्रबल, संजय, सुनील शुक्ला आदि उपस्थित रहे।
: पूरी हुई सदियों की तपस्या, चामड़देवी मंदिर में पधारे श्रीराम
Mon, Jan 22, 2024
500 वर्ष प्राचीन चामड़देवी मंदिर में राम दरबार प्राण प्रतिष्ठा पूर्ण
अयोध्या धाम में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के समय विराजित हुए मंदिर में 16 विग्रह
आगरा। पांच शताब्दी की तपस्या पूर्ण हुई। अयोध्या धाम में पधारे राम लला तो आगरा के प्राचीन मंदिर में भी प्रभु विग्रह की हुई प्राण प्रतिष्ठा।
बाग मुज्जफर खां स्थित 500 वर्ष प्राचीन चामड़ देवी मंदिर में श्री राम दरबार सहित 16 देवी देवताओं के विग्रहों का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव सम्पन्न हुआ। प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व बाग मुजफ्फर खां क्षेत्र में करीब 300 महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली और श्रद्धालुओं ने प्रतिमाओं को रथ पर विराजित कर भ्रमण कराया। बैंड बाजे की धुन पर भक्त झूमते हुए और श्रीराम के जयघोष लगाते चल रहे थे।
बाग मुज्जफर खां स्थित प्राचीन चामड़ देवी मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में निकाली गयी कलश एवं प्रतिमा भ्रमण यात्रा में शामिल श्रद्धालु।
मुख्य अतिथि विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने विग्रहों की आरती उतारी। कार्यक्रम संयोजक राजीव कांत लवानिया ने बताया कि कई वर्षों के बाद प्राचीन चामड़देवी मंदिर के जीर्णाेद्वार हुआ है। मंदिर में श्री राम दरबार, श्री राधा कृष्ण, श्री लक्ष्मी नारायण, शनि देव, मां दुर्गा, मां काली सहित 16 विग्रह पधारे गए हैं। सभी राम दरबार विग्रह प्राण प्रतिष्ठा अयोध्या धाम में राम लला प्राण प्रतिष्ठा के मुहूर्त पर ही पूर्ण हुई। वेदी पूजन, हवन, अभिषेक, प्रसादी वितरण के साथ आयोजन का समापन हुआ।
बाग मुज्जफर खां स्थित प्राचीन चामड़ देवी मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में निकाली गयी कलश एवं प्रतिमा भ्रमण यात्रा में शामिल श्रद्धालु।
इस अवसर पर हेमेंद्र कुलश्रेष्ठ, मंजू कुलश्रेष्ठ, विनय जैन, पार्षद अर्चना लवानिया, मुकुल कुलश्रेष्ठ, चन्द्र मोहन शास्त्री, अर्जुन सिंह, ओम रौतेला, प्रमोद कुशवाह, जसवंत बघेल, मिथुन, पिंटू आदि उपस्थित रहे।
: “आनंद उत्सव” में गूंजा रघुपति राघव राजा राम, दीपों से जगमग हुआ कॉसमॉस मॉल का प्रागंण
Sun, Jan 21, 2024
अयोध्या धाम में श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व अशोक कॉसमॉस मॉल में मनी देव दीपावली
इस्कॉन के हरि नाम संकीर्तन पर झूमे श्रद्धालु, अशोक ग्रुप और भाजपा महिला मोर्चा का रहा विशेष सहयोग
आगरा। जन-जन के श्रीराम और कण-कण में विराजमान, रोम-रोम में बसने वाले श्री राम के अयोध्या धाम में प्राण प्रतिष्ठित होने जा रहे श्रीविग्रह के पावन अवसर पर संजय प्लेस स्थित अशोक कॉसमॉस मॉल में देव दीपावली का आयोजन हरिनाम संकीर्तन के साथ किया गया।
अशाेक कॉसमॉस मॉल, संजय प्लेस में आयोजित आनंद उत्सव में उपस्थित अशाेक ग्रुप की चैयरपर्सन डॉ रंजना बंसल, मधु बघेल, प्रीति उपाध्याय, बबिता चौहान उपमा गुप्ता, अशु मित्तल आदि।
रविवार को शहर के हृदय स्थल संजय प्लेस में स्थित कॉसमॉस मॉल का प्रांगण भक्ति और आस्था के दीपों से जगमग हो रहा था। हरिनाम संकीर्तन की धुन पर प्रांगण के साथ-साथ मार्ग में चलने वाले लोग भी झूम रहे थे और बरबस ही मॉल प्रागंण की ओर खिंचे चले आ रहे थे। अशोक ग्रुप, इस्कॉन आगरा और भाजपा महिला मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजिज आनंद उत्सव में हर कोई आनंदित हो रहा था।
आयोजन में अशोक ग्रुप की चेयरमैन डॉ रंजना बंसल, राज्य महिला आयोग सदस्य निर्मला दीक्षित, मधु बघेल, प्रीति उपाध्याय, बबिता चौहान, इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविंद स्वरूप दास प्रभु जी, फूड फॉर लाइफ इस्कॉन की कॉर्डिनेट अशु मित्तल, भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष उपमा गुप्ता ने प्रभु श्री राम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित किये। इसके बाद परिसर में भक्तिमय भजनों के मध्य देव दीपावली मनाते हुए दीप मालिका सजाई गई। मधु बघेल ने अपने मधुर कंठ से श्रीराम की भक्ति से ओतप्रोत भजन प्रस्तुत किये और कहा कि श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा हर भारतीय के लिए महापर्व की तरह है। यह सुअवसर पारंपरिक त्योहारों से भी बढ़कर है।
भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष उपमा गुप्ता ने कहा कि 22 जनवरी को हर भारतीय अपने-अपने घर में दीपावली अवश्य ही मनाए।
अशोक ग्रुप की चेयरमैन डॉ रंजना बंसल ने कहा कि अयोध्या धाम में श्रीराम मंदिर का निर्माण हर सनातनी के लिए गर्वित करने वाला है। प्राण प्रतिष्ठा के गौरवपूर्ण पल को संपूर्ण विश्व में रहने वाले हर सनातन प्रेमी को मनाना चाहिए।
प्रसादी के साथ आनंद उत्सव का समापन हुआ।
इस अवसर पर अनुपम शर्मा, रश्मि सिंह, अंजू दियालानी, डॉ मनिंदर सिंह, डॉ डीवी शर्मा, देवेंद्र गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, अशोक चौबे, आर एम कपूर, केके जैन, नीलू धाकरे सूरज तिवारी आदि उपस्थित रहीं।