: ऊर्जा मंत्री ने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का किया शुभारम्भ
Thu, Nov 9, 2023
आगरा। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए0के0 शर्मा ने बुधवार को लखनऊ में बकायेदार उपभोक्ताओं के लिए सरचार्ज में छूट हेतु एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) की शुरूआत की। इस दौरान उन्होंने योजना के तहत पंजीकृत उपभोक्ताओं में सदर के रामदास हाता निवासी मीरा, बबली, जगदेवी वर्मा, राजेश मेहर को सम्मानित भी किया। उन्होंने uppcl.org में उपभोक्ताओं द्वारा कराये गये पंजीकरण की प्रक्रिया को भी जांचा, जिसमें सदर निवासी माधुरी पाण्डेय, संजीव कुमार, नीरज यादव ने पंजीकरण करा चुके थे। ओटीएस लागू करने के लिए उपस्थित उपभोक्ताओं ने ऊर्जा मंत्री और प्रदेश की योगी सरकार की प्रशंसा की। उपभोक्ताओं ने कहा कि यह योजना बकाये के अधिभार से मुक्ति दिलायेगी।
ऊर्जा मंत्री ए0के0 शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश की योगी सरकार ने पूरे देश में छूट की अब तक की सबसे बेमिसाल योजना विद्युत उपभोक्ताओं के लिए लायी है। सभी उपभोक्ता एकमुश्त समाधान योजना का लाभ लेने के लिए अतिशीघ्र uppcl.org में रजिस्ट्रेशन करा लें। जितना जल्दी रजिस्ट्रेशन कराएंगे, उन्हें उतना ज्यादा लाभ मिलेगा। ओटीएस योजना के प्रथम चरण में 08 नवम्बर से 30 नवम्बर तक उपभोक्ताओं को सर्वाधिक लाभ मिलेगा। छोटे घरेलू उपभोक्ताओं और किसानों को सरचार्ज में शत-प्रतिशत छूट दी जा रही है। उपभोक्ता अपना बकाया एक बार में एकमुश्त या किश्तों में भी जमा कर सकते हैं।
ए0के0 शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दिवाली से पहले किसानों, घरेलू उपभोक्ताओं, व्यापारियों, औद्योगिक इकाईयों एवं निजी संस्थाओं को उनके बकाये बिल में सरचार्ज पर छूट का तोहफा दिया है। देश में पहली बार विद्युत चोरी के मामले में भी जुर्माने की राशि में छूट दी जा रही है। राजस्व निर्धारण की राशि पर छूट के लिए इसका 10 प्रतिशत जमा करना होगा। दण्ड स्वरूप यदि किसी उपभोक्ता की आरसी कट गयी हो तो जैसे ही योजना में पंजीकरण होगा वैसे ही आरसी की प्रक्रिया पर रोक लगा दी जायेगी। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी पर एफआईआर या आपराधिक मामला दर्ज होने पर राजस्व निर्धारण का 35 प्रतिशत जमा करने पर ऐसे मामले समाप्त हो जाएंगे। इसमें 65 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
योजना के तहत एक किलोवाट भार तक वाले घरेलू उपभोक्ताओं तथा किसानों को 30 नवम्बर तक बकाये के पूर्ण भुगतान पर सरचार्ज में शत-प्रतिशत की छूट मिलेगी और 12 किश्तों में भुगतान पर 90 प्रतिशत की छूट मिलेगी। एक किलोवाट से अधिक भार तक के घरेलू उपभोक्ताओं को पूर्ण बकाये पर 90 प्रतिशत की छूट 03 किश्तों में भुगतान पर 80 प्रतिशत की छूट तथा 06 किश्तों में भुगतान पर 70 प्रतिशत की छूट दी जायेगी। 03 किलोवाट भार तक के वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को पूर्ण भुगतान पर 80 प्रतिशत की छूट, 03 किश्तों में भुगतान पर 70 प्रतिशत की छूट मिलेगी। 03 किलोवाट से अधिक भार वाले वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को पूर्ण भुगतान पर 60 प्रतिशत की छूट तथा 03 किश्तों में भुगतान पर 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसी प्रकार निजी संस्थान और औद्योगिक श्रेणी के उपभोक्ताओं को इस अवधि में पूर्ण भुगतान पर 50 प्रतिशत तथा किश्तों में भुगतान पर 40 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
उपभोक्ताओं द्वारा किश्तों को नियत अवधि में जमा न करने पर 12 किश्तों के मामले में अधिकतम 03 डिफाल्ट तथा 06 किश्तों के मामले में केवल एक डिफाल्ट की अनुमति होगी। किसी भी उपभोक्ता को लगातार 02 डिफाल्ट की अनुमति नही होगी। निजी नलकूप के उपभोक्ताओ को 31 मार्च 2023 तक एवं अन्य सभी उपभोक्ताओं को 31 अक्टूबर 2023 तक के देय सरचार्ज में छूट प्राप्त होगी। उपभोक्ता इस अवधि में छूट के बाद देय धनराशि का सीधा भुगतान यूपीआई, जनसेवा केन्द्र, विद्युत सखी, मीटर रीडर, राशन की दुकान, किसी भी विभागीय कैश काउन्टर तथा वेबसाइट पर ऑनलाइन भुगतान से इस छूट का लाभ ले सकते है। उपभोक्ता पावर कारपोरेशन की वेबसाइट uppcl.org पर जाकर योजना के अन्तर्गत छूट के बाद देय राशि की जानकारी ऑनलाइन प्राप्त कर सकते हैं।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि योजना को हर उपभोक्ता तक पहुंचाने के लिए सभी का सहयोग चाहिए, जिससे सभी इसका अधिक से अधिक लाभ उठा सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाय। बकायेदार उपभोक्ताओं से सम्पर्क भी करें। विद्युत बिलों में संशोधन के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार कैम्पों का भी आयोजन करें।
इस अवसर पर प्रबंधन निदेशक मध्यांचल भवानी सिंह खंगारौत, निदेशक वाणिज्य मध्यांचल योगेश कुमार, मुख्य अभियंता लेसा सिसगोमती रजत जुनेजा, अधीक्षण अभियन्ता मण्डल प्रथम आर0पी0 केन, अधिशाषी अभियन्ता राजभवन डी0के0डी0 द्विवेदी, उपखण्ड अधिकारी कैन्ट सौरभ चौधरी एवं अवर अभियंता कैन्ट अशोक कुमार के साथ बड़ी संख्या में उपभोक्ता और छावनी परिषद तथा छावनी बोर्ड के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
: स्वास्तिक ने किया नेशनल पेनमैन चैंपियनशिप 2024 का पोस्टर जारी
Thu, Nov 9, 2023
पहली बार आगरा सहित देश के विभिन्न शहरों में होगी ऑफलाइन प्रतियोगिता
स्वास्तिक वेलफेयर ट्रस्ट प्रतिवर्ष कराता है ऑनलाइन प्रतियोगिता, लेते हैं देशभर के प्रतिभागी भाग
आगरा। सनातन धर्म और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित संस्था स्वास्तिक वेलफेयर ट्रस्ट व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण हस्तलेखन सुधार के लिए भी लगातार कार्य कर रहा है। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए पहली बार ऑफलाइन प्लेटफार्म पर राष्ट्रीय स्तर की हस्तलेखन प्रतियोगिता नेशनल पेनमैन चैंपियनशिप 2024 का आयोजन किया जा रहा है।
बुधवार को हाथरस रोड स्थित सेंट सीएफ एंड्रूज स्कूल में नेशनल पेनमैन चैंपियनशिप 2024 का पोस्टर जारी किया गया। अध्यक्ष विनीता मित्तल ने बताया कि विगत तीन वर्षों से स्वास्तिक वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा नेशनल पेनमैन चैंपियनशिप प्रतियोगिता ऑनलाइन आयोजित की जाती रही है। जिसमें हरवर्ष देशभर से करीब 1000 प्रतिभागी भाग लेते हैं। 2024 में पहली बार प्रतियोगिता का आयोजन ऑफलाइन किया जाएगा। प्रतियोगिता में आगरा के 10 स्कूल और 10 स्कूल भारतवर्ष के विभिन्न शहरों से मेजबानी करेंगे। नेशनल पेनमैन चैंपियनशिप 2024 में इंग्लिश और हिंदी में चार- चार श्रेणी, ड्रॉइंग और पेंटिंग में छह श्रेणी एवं रंगोली, अल्पना और निबंध लेखन सहित 17 प्रतियोगिताओं में आवेदन स्वीकार किए जायेंगे। प्रतियोगिता में 6 से 60 वर्ष तक के इक्षुक प्रतिभागी आवेदन कर सकते हैं।
संयोजिका श्रुति दास ने बताया कि प्रतियोगिता के रजिस्ट्रेशन 10 नवंबर 2023 से खुल रहे हैं। रजिट्रेशन ऑनलाइन होंगे। जो स्कूल प्रतियोगिता से जुड़ेंगे प्रतियोगिताएं वहीं आयोजित की जाएंगी। आवेदन की अंतिम तिथि 15 दिसंबर तय की गई।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर मैनेजिंग डायरेक्टर प्रांजल शर्मा, प्रधानाचार्य डॉ सुनील कुमार उपाध्याय, वाइस प्रिंसिपल रीनू त्रिवेदी, केलीग्राफी विशेषज्ञ शिखा गौतम, स्पीड राइटिंग विशेषज्ञ पर्ल ललवानी, विवेक शर्मा, मनोज कुमार, निशिमा अरोड़ा, अक्षिता अग्रवाल, शिवम कुमार आदि उपस्थित रहे।
: संरचना सोशल फाउंडेशन ने मलिन बस्ती और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवा का उठाया बीड़ा
Sat, Nov 4, 2023
संरचना सोशल फाउंडेशन का मेडिकल फोरम लगाएगा निशुल्क हेल्थ कैंप
बच्चे, बुजुर्ग और महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए आगे आया संरचना फाउंडेशन
चिकित्सकों को शपथ दिलाकर सेवा का लिया संकल्प
आगरा। चिकित्सा सुविधा के अभाव में किसी जरूरतमंद की जान ना चली जाए या फिर पैसे के आर्थिक वजह से भी मलिन बस्ती और ग्रामीण क्षेत्रों में कोई चिकित्सा सुविधा से वंचित न रहे कुछ ऐसी ही सोच के साथ संरचना सोशल फाउंडेशन ने मलिन बस्ती और ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने का बीड़ा उठाया है।
फाउंडेशन की संरक्षिका डॉ मधु भारद्वाज ने अतिथिवन वाटर वर्क्स पर चिकित्सकों को सेवा की शपथ दिलाई। संरचना सोशल फाऊंडेशन के मेडिकल फोरम गठन के दौरान फाउंडेशन के सभी पदाधिकारी और चिकित्सकों ने ग्रामीण अंचल और मलिन बस्ती में चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने का संकल्प लिया।
इस मौके पर समिति की संरक्षिका डॉ मधु भारद्वाज ने बताया कि फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से समाज सेवा के क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण स्वरोजगार और बच्चों की शिक्षा के लिए कार्य कर रहा है अब संरचना फाउंडेशन ऐसे लोगों की सेवा करना चाहता है जो कहीं ना कहीं मूलभूत चिकित्सा सुविधा से वंचित हैं। संगठन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों और मलिन बस्तियों में शिविर लगाकर बुजुर्ग बच्चों महिलाओं को निशुल्क चिकित्सा सुविधा दी जाएगी जिसमें फाउंडेशन की ओर से मरीज को परामर्श के साथ उपचार और दवाइयां भी वितरित की जाएगी। फाउंडेशन के अध्यक्ष अवनीश अरोड़ा ने कहा नर सेवा नारायण सेवा के संकल्प के साथ फाउंडेशन उन क्षेत्रों में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन करेगा जहां पर लोग चिकित्सा सुविधा से वंचित हैं। फाउंडेशन की ओर से बुजुर्गों बच्चन और महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए जन जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से संरचना सोशल फाउंडेशन की संरक्षिका डॉक्टर मधु भारद्वाज, अध्यक्ष अवनीश अरोड़ा, उपाध्यक्ष डॉ नीतू चौधरी, मेडिकल फोरम के उपाध्यक्ष डॉ फलकिया समर, मुख्य संयोजक डॉ शुभांजलि सेन, सोनम मित्तल, सचिव स्वाति प्रकाश, वरिष्ठ सहसचिव डॉ अभिषेक अग्रवाल, सह सचिव डॉ स्वाति द्विवेदी, डॉ तान्या जैन, रियल सेठी, कोषाध्यक्ष अंकित अग्रवाल, करिश्मा अग्रवाल, शिल्पा अग्रवाल, मोहिनी भटनागर, सीमा अरोड़ा, नरेश चंद्रा सहित फाउंडेशन से जुड़े हुए पदाधिकारी कार्यकर्ता और चिकित्सक मौजूद रहे।