: स्वाथ्स्थ्य विभाग के मेगा कैम्प हुई टीबी व एचआइवी की जाँच
Tue, Mar 11, 2025
स्वास्थ्य विभाग द्वारा खंदौली में आयोजित किया गया मेगा कैम्प
एचआइवी एड्स और टी बी के बारे में दी गई विस्तृत जानकारी
आगरा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंदौली पर सोमवार को एचआईवी मेगा कैंप का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अरुण श्रीवास्तव के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख खंदौली आशीष शर्मा द्वारा किया गया। मेगा कैंप की अध्यक्षता जिला क्षय/एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ सुखेश गुप्ता ने की।
जिला क्षय/एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ सुखेश गुप्ता ने बताया कि कैंप में एचआईवी, सिफलिस, हेपेटाइटिस-बी, टीबी की जांच की गई। उसके अतिरिक्त अन्य विभागों के डाक्टरों गायनिक, जनरल फिजिशियन, डेंटिस्ट द्वारा कैंप में सभी लोगों को दवाइयां दी गई और नेत्र की जांच एवं टीबी की जांच की गई।
डिप्टी डीटीओ डॉ प्रभात राजपूत, चिकित्सा अधीक्षक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी खंदौली डॉ मुकेश कुमार, डाॅ दीपक सिह द्वारा मेगा कैंप में आए हुए सभी लाभार्थियों को एचआईवी एड्स की विस्तृत जानकारी एवं बचाव के तरीकों को बारे में बताया गया। साथ ही लोक कला दल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसमें नाटक के माध्यम से एचआईवी एड्स, एसटीआई, टीबी के बचाव एवं उपचार के बारे में विस्तार से मंचन किया गया। मेगा कैंप में आए हुए लाभार्थी आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी, आम जनमानस द्वारा एचआईवी की स्क्रीनिंग टेस्टिंग कराई गई। दिशा क्लस्टर आगरा से रेनू बाला कौशल तथा टीबी एचआईवी कोऑर्डिनेटर पंकज सिंह उपस्थित रहे। कैंप में आगरा के सभी एनएसीपी स्टाफ के द्वारा सहयोग दिया गया।
: आगरा मोहर रद्द, कट चांदी पैमेंट लागू कर कारोबारियों को मिला होली का उपहार
Tue, Mar 11, 2025
आगरा। आगरा सर्राफा मैन्यूफैक्चरर्स एसोसिएशन ने आज सर्वसम्मति आगरा मोहर को तुरन्त प्रभाव से रद्द करते हुए शुद्ध चांदी (कट चांदी) पैमेंट लागू कर दिया। उम्मीद जताई कि एसोसिएशन के इस फैसले से आगरा के चांदी बाजार में अशुद्ध चांदी की समस्या पर लगाम लगेगी। कमला नगर स्थित महाराजा अग्रवाल सेवा सदन में आज एसोसिएशन द्वारा होली मिलन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम व आम सभा का आयोजन किया गया। जिसमें एक ओर खूब गुलाल और अबीर उड़ा तो वहीं व्यापारिक समस्याओं (मिलावटी चांदी व कारीगरों द्वारा ठगी जैसे विषयों) पर मंथन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजमोहन रैपुरिया ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए आगरा मोहर को रद्द करने की घोषणा की। कहा महत्वपूर्ण निर्णयों पर पहुंचने के लिए पहल भी करनी होगी। विशिष्ठ अतिथि एसीपी आस्था जैसवाल ने कहा कि व्यापारियों के साथ धोखाधड़ी से देश को भी आर्थिक नुकसान होता है। धोखाधड़ी से बचने के लिए व्यापारी कारीगरों का उनके मूल स्थान से सत्यापन व पक्की रसीद के साथ लेन-देन जैसी हिदायतें बरतें।
डीसीजी बसंत गुप्ता ने कहा कि आगरा में चांदी का कारोबर तो बहुत बड़ा है लेकिन गुणवक्ता गिर गई है। संगठन आपका है, सदस्य भी आप, व्यापार भी आपका और पीड़ित भी आप हैं। इसलिए निदान भी आपके पास ही है। सभी व्यापारी एकजुटता व ईमानदारी से काम करें तो उन्हें कोई नहीं ठग सकता। संचालन पूर्व अध्यक्ष पवन दौनेरिया ने किया। महामंत्री मनोज शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता, दिलीप गुप्ता, कुलभूषण गुप्ता (राम भाई), गणेश चंद गोयल, मनीष पारौलिया, मनीष जैन, खिल्लो सिंह धाकड़, मुन्नालाल शिवहरे, मुकेश कुमार गुप्ता, सोहनलाल गोयल, दिलीप गुप्ता, सोनू गोयल, उल्लास दौनेरिया, आदित्य गुप्ता आदि उपस्थित थे।
एसीपी आस्था ने जाम की समस्या से निजात के लिए मांगा सहयोग
कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के रूप में मौजूद एसीपी आस्था जैसवाल कारीगरों के धोखे से बचने के कानूनी उपाय सुझाने के साथ व्यापारियों से नमक की मंडी, किनारी बाजार जैसे क्षेत्र की सबसे बड़ी जाम की समस्या से निजात पाने के लिए मदद भी मांगी। कहा आपका सहयोग की व्यवस्था बना सकता है। वहीं प्रसासन के साथ मीटिंग शैड्यूल का प्रस्ताव रखा, जिससे व्यापारियों व प्रशासन के बीच वार्ता का क्रम बना रहे।
होली के रंगों संग बिखरी फूलों की महक
आगरा सर्राफा मैन्यूफैक्चरर्स एसोसिएशन को होली मिलन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। स्लम स्टॉर ग्रुप के बच्चों द्वारा गणेश वंदना के साथ प्रारम्भ हुए कार्यक्रम में वृंदावन की मंडली ने फूलों की होली और मयूर नृत्य से होली के सतरंगी रंग बिखेरे। सुन ले वृषभान किशोरी, जो मौसे न खेरी होरी…, फाग खेलन बरसाने आयो री, नटवर नन्द किशोर…, वहीं वहीं फंटूश ग्रुप के कलाकारों ने रंग बरसे भीगे चुनर वाली…, होलिया में उड़े रे गुलाल… जैसे होली के गीतों पर खूब धमाल किया। सभी सदस्यों का स्वागत माथे पर चंदन लगाकर व पटका पहनाकर किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संचालन हेमा शर्मा ने किया।
: श्रीखाटू श्याम मंदिर बना बरसाना, जमकर बरसीं लाठियां, छिड़े फाग के राग
Mon, Mar 10, 2025
श्रीश्याम फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत श्रीखाटू श्याम जी मंदिर में हुई लठामार होली
श्रीखाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट ने आयोजित किया है दस दिनी होली का आयोजन
साेमवार को होगी मेवा होली, खाटू नरेश का मंदिर बनेगा बरसाना धाम
आगरा। मेराे खाेए गयो बाजूबंद रसिया होरी में….आयो नंद गांव से होरी खेलन नटवर नंद किशाेर..लठ्ठ की मार, फाग के राग संग होली की मनुहार छायी श्याम बाबा के दरबार में।
जीवनी मंडी स्थित श्रीखाटू श्याम जी मंदिर में श्रीश्याम फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत रविवार को लठामार होली खेली गयी। बरसाना की लठामार होली की तर्ज पर गोपी बनीं महिलाओं ने पुरुषाें पर जमकर लठ्ठ बरसाये। तो वहीं हाथाें में ढाल लेकर तैयार खड़े नंदगांव के ग्वाल ठाड़े रहे और स्वयं को बचाते रहे। रंग बिरंगे फूलों से श्रृंगारित खाटू नरेश के दर्शन करते हुए हजारों भक्तों ने बृज की प्रसिद्ध होली का आनंद आगरा के मंदिर परिसर में लिया।
माेनू सिंघल, राजा पुरोहित, सोनू गर्ग और अनूप अग्रवाल के मधुर कंठ से भजनों की अविरल रसधारा प्रवाहित होती रही। सोमवार को रंगभरनी एकादशी के अवसर पर श्रीश्याम फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत मेवा की होली का आयोजन होगा और मंदिर के पट भक्तों के लिए सुबह 6 बजे से रात 12 तक खुले रहेंगे।
लठामार होली की सेवा आलोक गर्ग, श्रंगार सेवा विजय गुप्ता और पोशाक सेवा शुलभ पंडित की ओर से रही।
आयोजन की व्यस्थाएं ट्रस्टी दिनेश चंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, आकाश गुप्ता, अनीश अग्रवाल, रविंद्र बंसल, कृष्णा पंडित एवं सलब पंडित ने संभालीं।