: वीएचएसएनडी को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने के लिए सीडीओ ने की समीक्षा बैठक
Sat, Dec 14, 2024
छाया एकीकृत ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता पोषण दिवस पर सभी विभागों का सहयोग महत्वपूर्ण- सीडीओ
वीएचएसएनसी के अनटाइड फण्ड के यूटिलाइजेशन के लिए सीडीओ ने दिए निर्देश
आगरा । राष्ट्रीय नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत छाया एकीकृत ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) के सफल क्रियावन के लिए विकास भवन स्थित सभागार में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता और पोषण समिति की भूमिका और जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में कहा कि ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता और पोषण समिति से समुदाय को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य से संबंधित मुद्दों पर नेतृत्व करने की परिकल्पना करता है। यह तभी संभव होगा जब समुदाय स्वास्थ्य के मामलों में नेतृत्व करने के लिए पर्याप्त रूप से सशक्त हो। स्पष्ट रूप से इसमें स्वास्थ्य प्रणाली के प्रबंधन में पंचायती राज और संस्थाओं की भागीदारी की आवश्यकता है। ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता और पोषण समिति की मुख्य जिम्मेदारी ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विकास, स्वच्छता और पोषण को बढ़ावा देने और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना है।
सीडीओ ने ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता और पोषण समिति की भूमिका और जिम्मेदारियों पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम प्रधान,एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के द्वारा प्रतिमाह वीएचएसएनसी बैठक का आयोजन किया जाए साथ ही एएनएम के द्वारा बैठक के रजिस्टर पर आयोजित बैठक की रूपरेखा और मिनिट्स लिखे जाएं। इसी क्रम में सीडीपीओ के द्वारा यह सुनिश्चित किया जाए कि किस-किस ग्राम पंचायत में बैठक का आयोजन हुआ है या नहीं दोनों परिस्थितियों में इसकी सूचना डीपीओ को दी जाए। अगर बैठक आयोजित हुई है तो उसमें अनटाइड फण्ड के यूटिलाइजेशन से संबंधित चर्चा की गई और अनटाइड फण्ड को किन-किन मुद्दों पर खर्च किया जाएगा। इसके पश्चात सीडीपीओ को महीने के अंत में कंपाइल रिपोर्ट बनाकर डीपीओ को प्रेषित करने के संदर्भ में निर्देश दिए।
सीडीओ ने अनटाइड फण्ड के माध्यम से जिस भी आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर छाया एकीकृत ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) पर उपयोग होने वाली सामग्री नहीं है, ऐसे केंद्रों पर उन्होंने तत्काल अनटाइड फण्ड से उपयोगी वस्तुओं को खरीद कर संदर्भित करने के लिए निर्देश दिए। आयुष्मान आरोग्य मंदिर की देख- रेखा और स्वच्छता में उपयोग होने वाली सामग्री को खरीदने के लिए अनटाइड फण्ड को खर्च किया जाए वीएचएसएनडी के सफल क्रियावन के लिए फण्ड के माध्यम से बच्चों के लिए वजन मशीन, वयस्कों के लिए वजन मशीन, टेबल, चेयर, केंद्र की पुताई, आयुष्मान आरोग्य मंदिर के स्वच्छता और रखरखाव में उपयोग होने वाली वस्तुएं खरीदी जा सकती हैं जिस समुदाय और स्वास्थ्य केंद्र का समन्वय बना रहे। समुदाय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा कर हम आयुष्मान आरोग्य मंदिर को आइडियल बना सकते हैं। वीएचएसएनडी को सफल बनाने सभी विभागों का सहयोग महत्वपूर्ण है, मैं आशा करती हूं सभी विभाग इसके लिए अपनी जिम्मेदारियां का नियम अनुसार पालन करेंगे।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. संजीव वर्मन, जिला पंचायती राज अधिकारी श्री मनीष, जिला कार्यक्रम अधिकारी हरीश मौर्य, डब्ल्यूएचओ से एसएमओ डॉ. महिमा चतुर्वेदी, डीपीएम कुलदीप भारद्वाज, यूनिसेफ से रीजनल कोऑर्डिनेटर अरविंद शर्मा, यूनिसेफ के डीएमसी राहुल कुलश्रेष्ठ, समुदाय स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी व सीडीपीओ मौजूद रहे।
: पीएमएसएमए योजना आई काम, 81488 गर्भवती ने कराई प्रसव से पहले जांच
Sat, Dec 14, 2024
हर महीने की 1, 9, 16, 24 तारीख को आयोजित होता है पीएमएसएमए दिवस
स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरुक करते हुए स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है उद्देश्य
आगरा। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान एक महत्वाकांक्षी योजना है। इसका उद्देश्य मातृ और शिशु मृत्यु दर को कम करना है। योजना के अंतर्गत गर्भवती को उनकी गर्भावस्था के दौरान आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाती है। अप्रैल से नौ दिसंबर तक जिले की 81488 गर्भवती ने पीएमएसएमए दिवस पर प्रसव पूर्व जांच कराई। दिवस का उद्देश्य गर्भवती को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।
प्रत्येक महीने की एक, नौ, 16 और 24 तारीख को पीएमएसएमए दिवस का आयोजन होता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए पीएमएसएमए दिवस का आयोजन किया जाता है। इसमें गर्भवती की दूसरे व तीसरे त्रैमास में एमबीबीएस डॉक्टर से प्रसव पूर्व जांच कराई जाती है। इसका आयोजन स्वास्थ्य इकाईयों पर किया जाता है और गर्भवतियों की प्रसव पूर्व जांच करके उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों की पहचान की जाती है साथ ही संदर्भित भी किया जाता है।
एसीएमओ आरसीएच डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि पीएमएसएमए दिवस में गर्भवती की प्रसव पूर्व हीमोग्लोबिन, शुगर, यूरिन जांच, ब्लड ग्रुप, एचआईवी, सिफ़लिस, टीबी, हेपेटाइटिस बी, वजन, ब्लड प्रेशर एवं अन्य जांच की जाती हैं। एचआरपी युक्त गर्भवती की पहचान करके संदर्भित किया जाता है। गर्भवती को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। ई-रुपी वाउचर के जरिये गर्भवती को निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर जांच की सुविधा मिल रही।
जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता संगीता भारती बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष अप्रैल 2023 से मार्च 2024 तक पीएमएसएमए दिवस पर जिले की 1.19 लाख गर्भवती ने प्रसव पूर्व जांच कराई। इसमें 13100 उच्च जोखिम वाली गर्भवती को चिह्नित किया गया। इन्हीं चिह्नित उच्च जोखिम वाली गर्भवती को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व क्लीनिक में जनपद के एफआरयू पर जांच संदर्भित किया गया।
यूपीएचसी हरीपर्वत वेस्ट की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीनम चतुर्वेदी ने बताया कि ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान गर्भवती को प्रसव पूर्व चार जांच कराना अति आवश्यक है l आयरन और कैल्शियम की टेबलेट लेने के साथ-साथ गर्भवती को पौष्टिक आहार और मौसमी फलों का सेवन अवश्य करना चाहिए l पीएमएसएमए दिवस पर उच्च जोखिम वाली गर्भवती को चिन्हित करके संदर्भित भी किया जाता है और कुछ गर्भवती को एनीमिया से बचाव के लिए आयरन सुक्रोज भी दिया जाता है|
आवास विकास सेक्टर-2 की निवासी 31 वर्षीय कृष्णा बताती है कि मेरा आठवां महीना चल रहा है और यह मेरा दूसरा बच्चा है। जब मैं घर के काम करती थी तो मुझे थकान हो जाती थी और मेरी सांस भी फूलने लगती थी। मेरे क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता ने मुझे सलाह दी कि मैं स्वास्थ्य केंद्र पर अपनी जांच करा लूं । मैंने यूपीएचसी हरीपर्वत में स्टाफ नर्स संध्या यादव से अपनी जांच कराई। मेरा हीमोग्लोबिन 8 था। उन्होंने बताया कि आप में खून की कमी है,फिर मुझे अच्छे से समझाया और पौष्टिक आहार का सेवन करने और समय-समय पर नियमित अपनी जांच करने की सलाह दी साथ ही उन्होंने परिवार नियोजन से संबंधित भी जानकारी दी। वर्तमान समय में मेरा हीमोग्लोबिन 10 हो चुका है। मैं चिकित्सक की सलाह के अनुसार सभी कार्य नियम से कर रही हूं और सबसे अच्छा यह है कि मेरे घर के नजदीक मुझे सारी स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो रही हैं। पौष्टिक आहार का सेवन करने और समय-समय पर नियमित अपनी जांच करने की सलाह दी। मैं चिकित्सक की सलाह के अनुसार सभी कार्य नियम से कर रही हूं।
बोदला निवासी 24 वर्षीय गर्भवती सुरभि बताती है कि मेरा पहले मिसकैरेज हो चुका है इसलिए मैंने आशा कार्यकर्ता की सलाह से स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक डॉ. वीनम चतुर्वेदी से संपर्क करके अपने बारे में जानकारी दी। उन्होंने मुझे बताया कि मिसकैरेज के बाद दोबारा गर्भावस्था के दौरान आपको विशेष सावधानियां बरतनी होंगी। आपको अपने चिकित्सक से नियमित रूप से परामर्श करना चाहिए और उनकी सलाह का पालन करना चाहिए। आपको अपने आहार पर ध्यान देना होगा। आपको पौष्टिक आहार लेना चाहिए जिसमें फल, सब्जियां, साबुत अनाज, और प्रोटीन शामिल हों। आपको पर्याप्त नींद लेनी चाहिए। नींद आपके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। आपको नियमित जांच करानी चाहिए। नियमित जांच से आपके गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य की निगरानी की जा सकती है।
वित्तीय वर्ष में अप्रैल से नौ दिसंबर 2024 तक प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के जिला स्तरीय आंकड़े-
81488 जांच के लिए आई गर्भवती
81488 गर्भवती की जांच की गई
9150 उच्च जोखिम वाली गर्भवती चिन्हित हुई व उन्हें संदर्भित किया गया
28881 क्यूआर कोड जनरेट किए
11634 वाउचर रिडीम हुए
13634 जिला महिला चिकित्सालय (लेडी लॉयल), (एसएन मेडिकल कॉलेज और 81 निजी अल्ट्रासाउंड केंद्र) में अल्ट्रासाउंड हुए ।
: राम नाम की भक्ति ओढे कलश यात्रा में उमड़ा सैकड़ों श्रद्धालुओं का सैलाब
Sat, Dec 14, 2024
बैंड बाजों संग धूमधाम से निकली श्रीराम कथा की कलश यात्रा
कल से संत श्रीविजय कौशल जी महाराज सीता धाम (कोठी मीना बाजार) में बहाएंगे श्रीराम कथा की रसधारा
आगरा। सिर पर मंगल कलश और मुख पर सियाराम के जयकारे। भक्ति और श्रद्धा की उमंग व उत्साह के साथ श्रीराम कथा के उत्सव के लिए आज कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। जयपुर हाउस चिन्ताहरण मंदिर से बैंड बाजों संग धूमधाम से कलश यात्रा का शुभारम्भ हुआ। संत श्री विजय कौशल की प्रतिमा रथ में विराजमान थी और मस्तक पर बारी बारी से श्रीमद्रामायण का धारण किए श्रद्धालु। वहीं पीत पीताम्बर वस्त्र में सजी धजी महिलाओं के सिर पर पीत चुनरी, श्रीफल और पुष्पों से सुसज्जित मंगल कलश।
मंगलमय परिवार द्वारा 15 दिसम्बर से सीता धाम (कोठी मीना बाजार) में श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। जिसकी कलश यात्रा में आज भक्तिमय स्वरलहरियों से गूंजते स्वरों के बीच कोई भक्त ऐसा नजर नहीं आया जो सियाराम की भक्ति के रमग में झूमता न दिखा। कुछ श्रद्धालु तो अपने लड्डू गोपाल को कलश यात्रा में सजा धजा कर मस्तक पर विराजमान कर झूमते नाचते पहुंचे। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया गया। नाजते गाते सियाराम और वीर बजरंगी के उद्घोष लगाते कलश यात्रा क्षेत्र में भ्रमण करते हुए कथा स्थल सीता धाम (कोठी मीना बाजार) पहुंची। जहां सभी कलशों को विधि विधान के साथ स्थापित किया गया।
मंगलमय परिवार के महामंत्री राकेश अग्रवाल ने बताया कि 15 से 22 दिसम्बर तक प्रतिदिन दोपहर 2 से सायं 5 बजे तक श्रीराम कथा संत श्री विजय कौशल जी महाराज के मुखारबिन्द से कही जाएगी। कथा से पूर्व प्रतिदिन हनुमान चालीसा का संगीतमय पाठ किया जाएगा। पंडाल में लगभग पांच हजार श्रद्धालुओं के बैठने की व्यस्था की गई हैं। पार्किंग निःशुल्क होगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से रेखा अग्रवाल, निकिता अग्रवाल, मधु, उषा गोयल, सुनीता फतेहपुरिया, ज्योति, सिंघम, ऋतु मित्तल, नीलू अग्रवाल, रेखा वर्मा, वंदना अग्रवाल, खुशबू, मंगलमय परिवार के अध्यक्ष घनश्यामदास अग्रवाल, कोषाध्यक्ष महावीर मंगल, मुख्य यजमान सलिल गोयल, निखिल गर्ग, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, गौरव बंसल, हेमन्त भोजवानी, ओपी गोयल, प्रशांत मित्तल, पीके भाई, मयंक अग्रवाल, उमेश शर्मा, कृष्ण कुमार शर्मा, अशोक गर्ग, मुन्नालाल बंसल, विजय गोयल, सरजू बंसल, मुकेश नेचुरल आदि उपस्थित थे।