: डॉ. संजय कृष्ण सलिल जी महाराज ने सुनाई गोकर्ण व धुंधकारी की कथा
Sat, Jan 11, 2025
श्रीजू लाडली श्याम परिवार द्वारा होटल सेलीब्रेशन में आयोजित की गई है श्रीमद्भागवत कथा
आगरा। सच्चिननंद यानि सत्य, चित्त और आनन्द, यही है भगवान का स्वरूप। जो अडिग है वही सत्य है और अडिग सिर्फ ईश्वर है। यही भागवत का निचोड़ है। श्रीजू लाडली श्याम परिवार द्वारा होटल सेलीब्रेशन में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के कथावाचक डॉ. संजय कृष्ण सलिल जी महाराज ने यह बात कही। व्यासपीठ से कथा का वाचन करते हुए उन्होंने प्रथम दिन भागवत कथा के महात्मय को समझाते हुए शुकदेव महाराज की जन्म कथा सनकादिक ऋषि और नारद जी के बीच भागवत चर्चा का विस्तार से वर्णन किया।
श्रीधाम वृंदावन से पधारे पूज्य श्री डॉ. संजय कृष्ण “सलिल” जी महाराज ने प्रथम दिवस श्रीमद् भागवत कथा के महात्म की चर्चा करते हुए बताया किस प्रकार नारद जी ने महारानी भक्ति देवी के पुत्र ज्ञान और वैराग्य के सनकादिक ऋषियों के द्वारा भागवत कथा का श्रवण कराके दोनों पुत्रों को पुण्य किया आगे महाराज जी ने बताया की सनकादिक ऋषि नारद जी को बताते हैं कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने से बड़े से बड़ा पापी भी तर जाता है इस संदर्भ में उन्होंने गोकर्ण और धुंधकारी की कथा सुनाई। धुँधकारी महापापी अत्याचारी कुटिल,कामी था, मृत्यु के पश्चात भयंकर प्रेत बना परंतु जब गोकर्ण जी ने भागवत कथा का श्रवण कराया तो वह पुनीत पावन और दिव्य पुरुष बनाकर स्वर्ग को चला जाता है।
कथा में सुरेश चंद अग्रवाल, अनिल मित्तल, अरुण मित्तल, नीतू बंसल, ऋषिक मंगलिक आदि उपस्थित थे।
: पंचवटी कॉलोनी में बहा आस्था का संगम महाकुंभ
Sat, Jan 11, 2025
आगरा। श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ के शुभ अवसर पर पंचवटी कॉलोनी ताजनगरी आगरा पर प्रभु श्री राम जी के दर्शनो को उमड़े श्रृद्धालु। भव्य सजे फूलों के रथ पर विराजमान प्रभु श्रीराम माता जानकी, भ्राता लक्ष्मण, प्रिय भक्त हनुमान के साथ पंचवटी कॉलोनी में भक्तों को दर्शन देने निकले। पंचवटी परिवार के भक्तों ने पुष्प वर्षा करके प्रभु की आरती उतार कर अपना जीवन सफल किया।
बैंड बाजों की भक्ति भजन की स्वर लहरियों की मधुर धुन पर झूमते नाचते प्रभु के रथ के आगे भक्तों का सैलाब जय श्री राम जय श्री राम के जय घोष के साथ चल रहा था।
श्री अखण्ड रामायण पाठ के समापन के शुभ अवसर पर शोभायात्रा के उपरान्त सभी भक्तों ने विशाल भंडारे का प्रसाद पाया।
मुख्य रूप से भवेंदर, पंकज, श्याम भोजवानी, नरेंद्र सिंह, उपेंद्र सिंह, गुरमीत सलूजा, वीरेंद्र सिंह, सुशील आहूजा, धर्मेंद्र आर्य, रिंकू शर्मा, रणवीर सिंह चाहर, कंचन चौधरी, सुमन शर्मा, गीता आहूजा, राजेश जैन, एल आर पाठक, दीपक गुप्ता, विजय सक्सेना, राकेश जैन आदि उपस्थित रहे।
: हनुमान चालीस महायज्ञ में सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने दी आहुति, भव्य आयोजन संग दीपदान
Sat, Jan 11, 2025
श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा वर्षगांठ पर हुआ दिव्य आयोजन, रामायण की महत्ता पर दिया गया बखान
जनवरी में मनायी गयी दीपावली, प्राचीन सीताराम मंदिर, वजीरपुरा में हुए दिनभर अलौकिक आयोजन
आगरा। अतुलित बलधामं श्रीहनुमान जी को नमन करते हुए वजीरपुरा स्थित प्राचीन सीताराम मंदिर में श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ धूमधाम के साथ मनायी गयी। शनिवार को अयोध्या नगरी में धूम मची थी तो आगरा नगर में भी सनातन काे समर्पित उत्साह कम न था। श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की प्रथम वर्षगांठ पर भव्य और दिव्य आयोजन हुए। सीताराम मंदिर में मां पीताम्बरा सेवा समिति द्वारा 21 हनुमान चालीसा पाठ द्वारा महायज्ञ किया गया। महायज्ञ में सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने आहुतियां दीं। मुख्य यजमान पुरुषोत्तम अग्रवाल- राज अग्रवाल और डॉ संजीव नेहरू- निशि नेहरू थे।
मंदिर महंत अनंत उपाध्याय ने बताया कि हनुमान जी समान न कोई भक्त है और सेवक। वे अतुलनीय साधक हैं। प्रतिदिन एक बार हनुमान चालीसा का पाठ पुण्य फल प्रदान करता है किंतु यदि उसके साथ निश्चित संख्या में जनकल्याण की भावना से हवन भी किया जाए तो उसका अक्षय पुण्य प्रताप होता है। महायज्ञ के बाद श्याम मित्तल ने सुंदर कांड व्याख्या देते हुए प्रवचन दिए। इस अवसर पर मंदिर परिसर को भव्य विद्य़ुत सज्जा से सजाया गया। सीताराम जी का अलौकिक श्रंगार किया गया। संध्याकाल मंदिर में दीपदान भी हुआ। प्रसादी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर मंदिर संरक्षक अशोक उपाध्याय, नेशनल चैंबर के पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, पंकज शास्त्री, अजय उपाध्याय, अरुण, ममता, वंदना, राधिका, लता एम पी सिंह, मुकेश पंडित जी, हनी, मोहित, आयुष, हरि सिंह आदि उपस्थित रहे।