: सही उम्र में शादी और जागरुकता से महिलाओं की सेहत रहेगी तंदुरूस्त
Tue, May 28, 2024
एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला स्वास्थ्य कार्रवाई दिवस
महिला स्वास्थ्य के मुद्दों पर किया गया जागरुक
आगरा। एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला स्वास्थ्य कार्रवाई दिवस मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य अधिकारों को समर्पित अन्तर्राष्ट्रीय महिला स्वास्थ्य कार्रवाई दिवस प्रत्येक वर्ष 28 मई को मनाया जाता है । इसका उद्देश्य उन सभी मुद्दों पर बात करना और समाज में अनुकूल वातावरण तैयार करना है जो महिलाओं के यौन और प्रजनन स्वास्थ्य अधिकारों से संबंधित हैं । उन्होंने महिलाओं की सही उम्र में शादी, पार्टनर चुनने की आजादी, गर्भधारण में महिला की सहमति, गर्भसमापन में निर्णय लेने का स्वतंत्र सामाजिक अधिकार, परिवार नियोजन साधनों तक पहुंच और यौन संक्रमण से होने वाली बीमारियों से बचाव के मुद्दे पर चर्चा की।
सीएमओ ने बताया कि समुदाय स्तर पर कम उम्र में शादी को हतोत्साहित करने के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रयासरत हैं। साथ ही यह संदेश दिया जाता है कि शादी के कम से कम दो वर्ष बाद ही गर्भधारण करना है। इसके पीछे उद्देश्य है कि गर्भधारण सही उम्र में ही हो और तब हो जब दंपति के बीच समझदारी बन जाए। सभी सरकारी अस्पतालों के साथ साथ अग्रिमपंक्ति कार्यकर्ता के माध्यम से भी परिवार नियोजन की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की इंचार्ज डॉ. सलोनी ने बताया कि राष्ट्रीय पारिवारिक स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएचएफएस) पांच (2019-21) के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में सिर्फ 64.6 फीसदी ऐसी महिलाएं हैं जिन्हें यह पता है कि उनके पार्टनर अगर कंडोम का निरंतर उपयोग करते हैं तो वह एचआईवी संक्रमण और एड्स से बच सकती हैं । जागरूकता के अभाव और परिवार नियोजन के साधनों के इस्तेमाल में पुरूष की अरूचि के कारण महिलाएं असुरक्षित संबंध के जरिये आज भी सेक्सुअल ट्रांसमिटेड डिजीज (एसटीआई) का शिकार हो रही हैं । इसी सर्वे के अनुसार प्रदेश में 72.6 फीसदी 15 से 24 आयु वर्ग की महिलाएं माहवारी के दौरान स्वच्छता के लिए किसी सुरक्षित साधन का इस्तेमाल करती हैं।
एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की अध्यापिका संजू ने महिला स्वास्थ्य अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि माहवारी के दौरान स्वच्छता व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर सैनेट्री पैड का उपयोग करने के लिए स्थान होना चाहिए। इससे महिलाओं का विभिन्न बीमारियों से बचाव होगा । उन्होंने कहा कि कम उम्र में महिलाओं का विवाह होने पर उन्हें जल्दी मां बनने के लिए सामाजिक दवाब का सामना करना पड़ता है, इसके साथ ही कम उम्र में शादी लड़कियों को यौन हिंसा का भी शिकार बनाती है। ऐसे में सही समय पर शादी करने से महिलाओं को होने वाली बीमारियों से बचा जा सकता है।
एएनएम फर्स्ट ईयर की छात्रा आयुषी दीक्षित ने बताया कि मेरा सुझाव है कि ग्रामीण क्षेत्रों में राशन की दुकानों व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सेनेटरी पैड आसानी से मिलने चाहिए, महिलाओं को उन्हें उपयोग करने के लिए सामुदायिक स्तर पर जागरुक करना चाहिए। क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी महिलाएं सेनेटरी पैड की जगह कपड़े का उपयोग करती हैं, जिससे उन्हें संक्रमण होने का खतरा हमेशा रहता है।
अन्य छात्रा सविता यादव जागरुकता कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें माहवारी स्वच्छता के बारे में जानकारी मिली। छात्रा अंजिता ने बताया कि महिलाओं में सर्विक्स कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर के मामलों में शीघ्र स्क्रीनिंग को बढ़ावा देने की आवश्यकता है । इसके जरिये इन बीमारियों को गंभीर अवस्था में पहुंचने से रोका जा सकता है। छात्रा निकिता यादव ने बताया कि ऐसा देखा जाता है कि कम उम्र में शादी होने पर महिलाओं को गंभीर रोगों का सामना करना पड़ता है। यदि समुदाय स्तर पर लोगों को जागरुक किया जाए और परिवार नियोजन को अपनाया जाए तो इससे बचा जा सकता है। कार्यक्रम में सुरेंद्र सिंह, सतीश गुर्जर, विजेंद्र और एएनएम की छात्राएं व अन्य मौजूद रहे।
: संस्कार शिविर में जीवन को खुशहाल बनाने की सिखायी गयी कला
Tue, May 28, 2024
चाइल्ड केयर वेलफेयर सोसायटी ने नगला बूढ़ी स्थित महाकालेश्वर मंदिर में लगाया है संस्कार शिविर
संस्कार शिविर में चल रही है आर्ट आफ लिविंग की कार्यशाला, प्रतिदिन दिया जाता है बच्चों को गीता का ज्ञान भी
आगरा। जीवन में आगे बढ़ना है तो तनावमुक्त रहते हुए सदैव खुशहाल रहिए। चाइल्ड केयर वेलफेयर सोसायटी द्वारा लगाए गए संस्कार शिविर में ये सीख दी गयी आर्ट आफ लिविंग की ममता रैली ने।
नगला बूढ़ी, दयालबाग स्थित महाकालेश्वर मंदिर में लगाए गए 20 दिवसीय संस्कार शिविर में प्रतिदिन बच्चों को आधुनिक ज्ञान के साथ आध्यात्मिक संस्कार भी प्रदन किये जा रहे हैं। बुधवार को आर्ट आफ लिविंग द्वारा तीन दिन की कार्यशाला रखी गयी। कार्यशाला में ममता रैली ने बच्चों को बताया कि छोटी छोटी बातों में खुशियां तलाशोगे तो निराशा या तनाव कभी नहीं घेरेगा। यथा स्थिति को स्वीकार करते हुए जीवन में अपने साथ दूसरों की खुशी का भी ध्यान रखिए।
अध्यक्ष नीना सिंघल ने बताया कि शिविर में आसपास की बस्तियों में रहने वाले 80 बच्चे भाग ले रहे हैं। प्रतिदिन योग टीचर राखी जैन और मुक्ता गुप्ता बच्चों को योग सिखाती हैं। साथ ही हर योग के लाभ और हानि से भी अवगत कराती हैं। पंडित सुनील शास्त्री द्वारा गीता का ज्ञान बच्चों को दिया सिखाया जाता है।
सचिव पूनम लाहौटी ने बताया कि बच्चे बहुत लगन से हनुमान चालीसा और मंत्रों को भी सीख रहे हैं। हवन की पारंपरिक विधियों से भी अवगत हो रहे हैं। बच्चों को प्रतिदिन सुस्वाद भोजन भी प्रदान किया जाता है, जिसका व्यय संस्था की हर सदस्य वहन करती है।
: सामूहिक मिलन समारोह में जुटीं माथुर वैश्य समाज की सैंकड़ों महिलाएं, चुनावी योजना पर किया मंथन
Tue, May 28, 2024
जून में होने वाला है अखिल भारतीय माथुर वैश्य केंद्रीय महिला मंडल का चुनाव
अध्यक्ष पद की प्रत्याशी नीरा दिनेश गुप्ता ने विभिन्न राज्यों की महिलाओं को किया आमंत्रित
आगरा। समाज में महिला स्ववलंबन को दिशा देनी है तो एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। इस संदेश के साथ केंद्रीय महिला मंडल अध्यक्ष प्रत्याशी नीरा दिनेश गुप्ता ने इन पंक्तियों के साथ संबोधित किया सामूहिक मिलन समारोह को।
मंगलवार को वाटरवर्क्स स्थित अतिथिवन में माथुर वैश्य महिला का सामूहिक मिलन समारोह आयोजित किया गया। दीप प्रज्जवल एवं राष्ट्र गीत वंदन के साथ समारोह आरंभ किया गया। समारोह की मेजबानी करते हुए नीरा दिनेश ने बताया कि केंद्रीय महिला मंडल पद का दायित्व अत्याधिक महत्वपूर्ण होता है। समाज की हर महिला का प्रतिनिधित्व करते हुए सेवा और कर्तव्य के क्षेत्र में स्वयं को सभी को साथ लेते हुए चलना एवं अपने कार्यों से मिसाल कायम करना अध्यक्ष का दायित्व होता है।
वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि माथुर वैश्य महासभा 137 वर्ष पुरानी संस्था है। आगामी 15 जून से माथुर वैश्य शाखा सभा के चुनाव आरंभ होने हैं। समाज की महिलाओं की परेशानियों का समाधान तलाशते हुए उनके अधिकारों के संरक्षण का कार्य कर रहीं प्रत्याशी इस पद पर आसीन होंगी, ये ही हमारी आशा है।
दीपाली गुप्ता ने कहा कि नीरा दिनेश गुप्ता 40 वर्ष से समाज सेवा में संलग्न हैं। उनका अनुभव अब समाज की महिलाओं के काम आएगा। समारोह में आगरा, फतेहाबाद और फिरोजाबाद मंडल के अलावा भोपाल, मध्यांचल, गुजरात, प्रयागराज, पूर्वांचल आदि से करीब 200 महिलाओं ने साहभागिता की।
इस अवसर पर अध्यक्ष पद प्रत्याशी नीरा दिनेश गुप्ता के मार्गदर्शन के लिए रोशन लाल बाबू, श्रीभगवान रैपुरिया, विनोद सर्राफ, मंडलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, नेशनल चैंबर के अध्यक्ष अतुल गुप्ता, मनोज गुप्ता, बाल किशन, अवधेश गुप्ता, आचार्य ध्रुव, दिनेश, देवेंद्र, श्री निवास ठाकुर, अनिल गुप्ता, कीर्ति आदि उपस्थित रहे।