: आगरा की महिला पहलवान श्वेता पारस का SAI में हुआ चयन
Sat, Jun 1, 2024
Agra. कुश्ती में आगरा को अंतरराष्ट्रीय पटल पर अलग पहचान दिलाने और आगरा का नाम रोशन करने का सपना संजोकर कुश्ती के मैदान में उतरने वाली आगरा की श्वेता पारस आखिरकार स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया के रीजनल सेंटर लखनऊ पहुंच गई है और उसने यहां पर दाखिला भी ले लिया है। जहां वह अंतरराष्ट्रीय स्तर की पहलवानी की तकनीकियों को सीखेंगी और अपनी प्रतिभा को भी निखार सकेगी। वहां वह सबसे कम उम्र की महिला पहलवान हैं। देश के विभिन्न जनपदों से आईं महिला पहलवानों के साथ प्रशिक्षक के दिशा-निर्देशों में अभ्यास करेंगी। उम्मीदों से लबरेज श्वेता का कहना है कि आगरा की कुश्ती को अंतरराष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाने का उनका सपना है।
पिता से मिला है लड़ने का जज्बा
श्वेता पारस रहती है कि लड़ने का जज्बा उन्हें पिता से मिला है। पिता गरीब असहाय लोगों के साथ साथ बच्चों के हक के लिए लड़ते हैं तो उसने भी लड़ने को ही अपना कैरियर और सपना चुन लिया। इसलिए उसने कुश्ती खेल को चुना और आगरा के साथ-साथ भारत को कुश्ती में अंतरराष्ट्रीय पटेल पर पहचान दिलाने के लिए कवायद शुरू कर दी। पिता के मार्गदर्शन और सहयोग से आज उस साई (SAI) में भी एडमिशन मिल गया।
पुरुष पहलवानों के साथ की शुरुआत
श्वेता के पिता सामाजिक कार्यकर्ता नरेश पारस कहते हैं कि शुरुआत में श्वेता की कुश्ती को लेकर लोगों ने आलोचना की थी। कहा था कि यह मर्दों का खेल है लड़की नहीं खेल पाएगी। इसके हाथ-पैरों में चोट लग जाएगी तो जीवन बर्बाद हो जाएगा, लेकिन श्वेता ने इस चुनौती को स्वीकार किया और पुरुष पहलवानों के बीच कुश्ती सीखना शुरू किया। आठ महीनों के अभ्यास में ही उन्होंने जिले से लेकर राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में छह गोल्ड मेडल झटक कर अपने इरादों को जता दिया कि यह तो अभी सिर्फ शुरुआत भर है, मंजिल तो अभी दूर है। श्वेता के प्रदर्शन से प्रभावित होकर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के रीजनल सेंटर लखनऊ में प्रशिक्षण के लिए उनका चयन हो गया। नरेश पारस कहते हैं कि हमारी छोरी छोरों से कम नहीं है। बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए उत्सावर्धन की बहुत अधिक आवश्यकता है। श्वेता से प्रेरणा लेकर निश्चित ही अन्य लड़कियां कुश्ती के खेल में आगे आएंगी।
उन्होंने कहा कि लड़कों को काबिल बनाने के लिए हर कोई दूध, घी और बादाम खिलाता है लेकिन लड़कियों को पर कोई ध्यान नहीं देता है। नरेश पारस ने श्वेता को ड्राई फ्रूट्स खिलाने के साथ-साथ वह उसे अभ्यास कराने के लिए खुद हर रोज एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम ले जाते थे। पुरुषवादी सोच को बदलने का प्रयास किया।
कुश्ती प्रेमियों ने जताया हर्ष
श्वेता का चयन होने पर कुश्ती प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। आगरा की कुश्ती को उम्मीदों के नए पंख मिल गए हैं। श्वेता के चयन पर जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष नितेश शर्मा, सचिव नेत्रपाल सिंह चाहर, प्रशिक्षक पुष्पेंद्र सिंह, एमडी खान, अजय चाहर, रवि चाहर एवं दुर्गेश बघेल ने हर्ष जताते हुए कहा है कि श्वेता निश्चित तौर पर पूरे देश में कुश्ती के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगरा का नाम रोशन करेगी। इससे शहर वासियों को बहुत उम्मीदें हैं।
: डीएम भानु चन्द्र गोस्वामी ने स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल खेरागढ़ का किया निरीक्षण
Thu, May 30, 2024
आगरा 30 मई। आज जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी ने अनाज मंडी खेरागढ़ स्थित स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल की तैयारियों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल सहित मीडिया सेन्टर का निरीक्षण किया तथा आवश्यक प्रबन्ध सुनिश्चित किये जाने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये। उन्होने निर्देशित करते हुये कहा कि मीडिया सेन्टर पर सभी आवश्यक सुबिधाए उपलब्ध हो यह सुनिश्चित किया जाये। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतगणना कक्षों हेतु लगे सीसीटीवी कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।
इस दौरान उन्होने मतगणना हेतु विधानसभावार बनाये गये मतगणना कक्षों को देखा सभी तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी है शेष कार्य जल्द पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को मतगणना स्थल पर वाटर कूलर, वाटर टैंक, कूलर, पंखे, मोबाइल टॉयलेट सहित अन्य व्यवस्थाए सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि मतगणना कार्मिकों, मतगणना एजेंट के लिए प्रवेश रास्ता अलग अलग बनाए जाएं, मीडिया सेन्टर पर बैठने हेतु आवश्यक प्रबन्ध तथा अन्य मूल भूत सुविधाए उपलब्ध करायी जाये। उन्होने कहा कि मतगणना 4 जून को प्रातः 8ः00 बजे से प्रारंभ होगी। सम्पूर्ण मतगणना प्रक्रिया सीसीटीवी की निगरानी में निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न करायी जायेगी। मतगणना स्थल पर सुरक्षा हेतु त्रिस्तरीय प्रबन्ध किये गये है। सुरक्षा कर्मियों द्वारा जांच उपरान्त ही मतगणना कक्ष में कर्मिकों की एंट्री की जायेगी। उन्होने कहा कि किसी भी तरहा का पान, पुड़िया, गुटखा, सिगरेट मतगणना कक्षों में लेजाना पूर्णतया प्रतिबंधत है। मोबाइल ले जाने भी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
इस अवसर पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर केशव कुमार चौधरी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार, डीसीपी वेस्ट सोनम कुमार, सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
: राजस्व फाइलों का सही से रखरखाव न करने पर मण्डलायुक्त हुईं नाराज़
Thu, May 30, 2024
आगरा. 29 मई 2024. आज बुधवार को मण्डलायुक्त रितु माहेश्वरी द्वारा मण्डल आयुक्त/अपर आयुक्त कार्यालय के न्यायिक कार्यों की समीक्षा बैठक ली गयी। सर्वप्रथम गार्ड फाइल का अवलोकन किया। गार्ड फाइल ठीक से बनाने के निर्देश दिए। तत्पश्चात 5 साल से भी अधिक लंबित पत्रावलियों, पुर्नस्थापना वाद एवं जारी किए समस्त आदेशों के पोर्टल पर होने वाले अपडेट इत्यादि की समीक्षा की गयी। अपर आयुक्त न्यायिक (द्वितीय) की समीक्षा में अवगत कराया गया कि विगत दो माह में लगभग 120 वादों का निस्तारण किया गया है। सभी आदेशों को पोर्टल पर अपडेट कर दिया गया है। अवर न्यायालय की 49 पत्रावलियां प्राप्त करना अवशेष है।
मिसिलबंद रजिस्टर के निरीक्षण में सामने आया कि कई पत्रावलियों से संबंधित प्रविष्टि अपडेट नहीं की गयी थीं। वहीं पुर्नस्थापना वादों से संबंधित पत्रावलियां मंगाए जाने पर सिर्फ एक पत्रावली ही प्रस्तुत कर सके। पत्रावलियों का सही से रखरखाव न करने एवं मिसिलबंद रजिस्टर अपडेट न करने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की एवं संबंधित पेशकार एवं अहलमद के खिलाफ जिम्मेदारी तय करने हेतु निर्देश दिए।
अपर आयुक्त प्रशासन न्यायिक कार्यों की समीक्षा में देखा गया कि विगत दो माह में लगभग 469 वादों का निस्तारण किया गया है जबकि जनपद मथुरा और अलीगढ़ के लंबित वादों की सख्यां ज्यादा है। पोर्टल पर सभी आदेश अपलोड कर दिए गये हैं। पुर्नस्थापना वादों के 10 मामले विचाराधीन हैं। मिसिलबंद रजिस्टर को अपडेट नहीं किया गया। निर्देश दिए कि मिसिलबंद रजिस्टर में वाद निस्तारण की प्रविष्टि अपडेट करें। जनपद मथुरा और अलीगढ़ से अवर न्यायालय से संबंधित लगभग 1100 से अधिक पत्रावलियां मंगाया जाना अवशेष है। वहीं अपर आयुक्त न्यायिक (प्रथम) कार्यों की समीक्षा में भी सामने आया कि जनपद मैनपुरी और आगरा में ही लगभग 1600 से अधिक पत्रावलियां अभी तक प्राप्त नहीं हुई हैं। मंडलायुक्त महोदया ने सभी अपर आयुक्तों को निर्देश दिए कि पत्रावलियां प्राप्त न होने के संबंध में संबंधित प्रभारी अधिकारी राजस्व अभिलेखागार एवं अवर न्यायालयों के पीठासीन अधिकारियों के साथ जिलेवार बैठक की जाए। पत्रावलियों को मंगाये जाने हेतु मांग पत्र भेजे जाएं। इसके उपरांत भी पत्रावलियां प्राप्त न होने पर संबंधित अवर न्यायालय के पीठासीन अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही हेतु राजस्व परिषद को पत्र प्रेषित किया जाए।
आयुक्त मण्डल आगरा के न्यायायिक कार्यों की समीक्षा में निर्देश दिए गये कि मिसिलबंद में सभी प्रविष्टि अपडेट की जाए। आगामी जून माह में ही राजस्व, पुर्नस्थापना और विकास प्राधिकरण से संबंधित लगभग 100 वादों की सुनवाई हेतु न्यायालय में तिथि निर्धारित की जाए। बैठक के अंत में मण्डलायुक्त ने सभी अपर आयुक्तों को निर्देश दिए कि 5 वर्ष से भी अधिक लंबित तथा पुर्नस्थापना से जुड़े समस्त वादों का प्रमुखता से निस्तारण किया जाए। प्रतिमाह संयुक्त रूप से कम से कम एक हजार वादों का निस्तारण करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए प्रत्येक सप्ताह में दो दिन सुनवाई की जाए। समीक्षा बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन राजेश कुमार, अपर आयुक्त न्यायिक (प्रथम) मंजूलता, अपर आयुक्त न्यायिक (द्वितीय) गरिमा सिंह एवं प्रशासनिक अधिकारी गोविंद वर्मा मौजूद रहे।