: संचारी रोगों के नियंत्रण को शुरू हुआ अभियान
Wed, Apr 2, 2025
एमजी रोड पर आगरा कॉलेज ग्राउंड से निकाली गई जागरुकता रैली
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने रैली को दिखाई हरी झंडी
एक से तीस अप्रैल तक चलेगा अभियान, घर घर जाकर टीमें संचारी रोगों के प्रति लोगों को करेंगे जागरूक
10 से अप्रैल से शुरू होगा दस्तक अभियान, घर-घर जाकर दस्तक देंगी आशा, पूछेंगी सेहत का हाल
आगरा। जनपद में मंगलवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो गया। एमजी रोड पर आगरा कॉलेज ग्राउंड से सुभाष पार्क तक जागरुकता रैली निकाली गई। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने रैली को दिखाई हरी झंडी। नेतृत्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने किया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में एक अप्रैल विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो रहा है। यह अभियान 30 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान जनपदवासियों को वेक्टर जनित रोगों, जल जनित रोगों व लू आदि से बचाव व उपचार के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसी बीच 10 अप्रैल से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान भी संचालित किया जाएगा। घर-घर जाकर आशा कार्यकर्ता सेहत का हाल पूछेंगी सही जानकारी प्राप्त कराए और अभियान में सहयोग करें।
वेक्टर बॉर्न डिजीज रोगों के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि जो बीमारी एक मरीज से दूसरे स्वस्थ व्यक्ति में दूषित भोजन, जल या संपर्क या कीटनाशक या जानवर से फैलती है उसे संचारी रोग कहते हैं। इसमें प्रमुख रूप से डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया, कालाजार, चिकिनगुनिया, क्षय और कुष्ठ रोग आदि हैं। इन्हीं बीमारियों को नियंत्रित करने के लिए विशेष संचारी रोग चल रहा है। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग एक नोडल के रूप में कार्य कर रहा है जबकि अन्य विभागों को सहयोग करने की ज़िम्मेदारी दी गई है। साथ ही ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में सफाई के साथ लारवारोधी गतिविधियां और फागिंग भी कराई जा रही है।
जिला मलेरिया अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया कि अभियान के तहत घर-घर सर्वेक्षण कर फ्लू, खांसी, बुखार के रोगियों व कुपोषित बच्चों की जांच की जाएगी। सभी को मच्छरों से बचाव के तरीकों के बारे में जानना जरूरी हैं । बुखार होने पर झोलाछाप चिकित्सक से बचे बिना चिकित्सक की सलाह के अनावश्यक औषधियों का सेवन ना करें। सभी बातों का अगर हम सब पालन करेंगे तो बीमारियों से हम सब बचे रहेंगे ।
सहायक मलेरिया अधिकारी नीरज कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान आशा संगिनी, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रमुख भूमिका में घर-घर जाकर अभियान सफल बनाएंगी। उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल को विश्व मलेरिया दिवस पर जिले में मलेरिया निगरानी में सुधार और वार्षिक रक्त परीक्षण दर 10 तक पहुंचाने का लक्ष्य है। रैली में आशा कार्यकर्ता और एंबेड संस्था के डीसी मुहम्मद इरशाद, बीसीसीएफ वर्कर एवं एनसीसी कैडेट्स ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर डब्ल्यूएचओ से एसएमओ डॉ. महिमा, डीपीएम कुलदीप भारद्वाज, यूनिसेफ के डीएमसी राहुल कुलश्रेष्ठ, स्कूलों के अध्यापक सहित छात्र- छात्राएं मौजूद रहे
: फुटवियर कंपोनेंट की राष्ट्रीय प्रदर्शनी आज से, जुटेंगे देश भर के जूता कारोबारी
Wed, Apr 2, 2025
इफ्कोमा की दो दिवसीय एग्जीबिशन का 58वां संस्करण है 'शू टेक आगरा'
60 से अधिक स्टॉल्स पर होगा 32 से अधिक कंपोनेंट्स का प्रदर्शन
आगरा। देश के फुटवियर कंपोनेंट उद्योग को गति देने के लिए पिछले दो दशकों से भी अधिक समय से सक्रिय इंडियन फुटवियर कंपोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (इफ्कोमा) द्वारा नेशनल फुटवियर कंपोनेंट एग्जीबिशन 'शू टेक' के 58वें और आगरा के 9वें संस्करण का दो दिवसीय भव्य आयोजन 2 और 3 अप्रैल को आगरा के होटल मधु रिसॉर्ट्स में किया जा रहा है। मंगलवार को होटल होलीडे-इन में आयोजित प्रेस वार्ता में इफ्कोमा के पदाधिकारियों ने आयोजन के संदर्भ में विस्तृत जानकारी दी।
जूता उत्पादन की मुख्य कड़ी हैं कंपोनेंट
आगरा फुटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स चैंबर (एफमेक) के अध्यक्ष पूरन डावर ने कंपोनेंट फुटवियर एग्जीबिशन के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि कंपोनेंट जूता उत्पादन की मुख्य कड़ी हैं, ऐसे में इफ्कोमा की यह एग्जीबिशन जूता कारोबारियों के लिए वरदान है। 'शू टेक आगरा' के 9वें संस्करण में हर साल की तरह जूता उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले सभी कंपोनेंट्स एक छत के नीचे प्रदर्शित होंगे। खास बात यह है कि यह आयोजन बायर-सेलर को सीधे एक-दूसरे से जुड़ने का मौका देता है, जिससे दोनों के पारस्परिक संवाद से भविष्य के कारोबार की बुनियाद खड़ी होती है।
भारत दुनिया में फुटवियर का 11वां सबसे बड़ा निर्यातक है
नोएडा के फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) की कार्यकारी निदेशक मंजू मान ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि एफडीडीआई भारत में फुटवियर और चमड़ा उद्योग के लिए प्रशिक्षित पेशेवरों की मांग को पूरा करने के लिए स्थापित किया गया था. उद्योग में कुशल पेशेवरों को तैयार करने, डिजाइन और उत्पादन में नवाचार को बढ़ावा देने, और उद्योग को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। फुटवियर डिजायनिंग भी एक साइंस है कम्पोनेंट्स पर अनुसंधान से हम इस दिशा में काम कर रहे हैं। मेडिकल में जूते की बड़ी भूमिका है। दुनिया के 17.7 बिलियन जोड़ी जूतों के उत्पादन में से 11.63% के साथ, भारत चीन के बाद दूसरा सबसे बड़ा जूता उत्पादक है। निर्यात के मामले में, भारत ने 3.13 बिलियन डॉलर के फुटवियर का निर्यात किया, सामने आये वर्ष 2022 के आंकड़ों के अनुसार भारत दुनिया में फुटवियर का 11वां सबसे बड़ा निर्यातक बन गया। यह इस क्षेत्र में अपार संभावनाओं को समझने के लिए पर्याप्त है।
प्रदेश सहित देश के कई राज्यों के कारोबारी लेंगे भाग
इफ्कोमा के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि 'शू टेक' एग्जीबिशन के 58वें संस्करण को ऐतिहासिक बनाने के प्रयास किए गए हैं। हमारा मकसद जूता उद्योग के साथ फुटवियर कंपोनेंट सेक्टर को मजबूती प्रदान करना है, ताकि चीन जैसे देशों के विकल्प के रूप में हम स्वयं को खड़ा कर सकें। यह एग्जीबिशन जहां एक ओर बायर-सेलर को एक छत के नीचे लाने का काम कर रही है, वहीं नवीन तकनीक से लोगों को जागरूक भी कर रही है। इसमें उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों के कारोबारी भाग लेंगे।
इंडियन फुटवियर साइजिंग सिस्टम पर होगा सेमिनार
इफ्कोमा महासचिव दीपक मनचंदा ने कहा कि आगरा की 9वीं एग्जीबिशन में देश के 60 एग्जिबीटर भाग ले रहे हैं। इसमें स्टॉल्स पर फुटवियर के सभी 32 प्रकार के कंपोनेंट्स और सहायक उपकरण की नवीनतम तकनीक और डिजाइन का प्रदर्शन होगा। 'शू टेक आगरा' एग्जीबिशन के उद्घाटन सत्र के मौके पर इंडियन फुटवियर साइजिंग सिस्टम पर एक सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। इस सेमिनार में सेंट्रल लैदर रिसर्च इंस्टिट्यूट (CLRI) के विशेषज्ञ इस प्रणाली पर अपने विचार साझा करेंगे। इस सेमिनार का उद्देश्य जूता उद्योग में साइजिंग के महत्व को समझाना और इसे मानकीकरण की दिशा में सुधार लाने के उपायों पर चर्चा करना है। इस दौरान राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (NIFT) रायबरेली के निदेशक श्री नंदन सिंह बोरा भारतीय फुटवियर बाजार के फैशन ट्रेंड्स पर प्रस्तुति भी देंगे।
दो दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन आज
फुटवियर कंपोनेंट एग्जीबिशन 'शू टेक आगरा' का उद्घाटन आज सुबह 10:30 बजे मुख्य अतिथि एफमेक अध्यक्ष पूरन डावर द्वारा किया जाएगा, अति विशिष्ट अतिथि के रूप में फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टिट्यूट (एफडीडीआई) नोएडा के प्रबंध निदेशक विवेक शर्मा (आईआरएस) मौजूद रहेंगे। इस दौरान जूता उद्योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिग्गजों को सम्मानित भी किया जाएगा। दो दिवसीय प्रदर्शनी कल से सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी।
इस दौरान विशेष रूप से मौजूद रहे
इस दौरान एफमेक उपाध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने इस प्रकार के आयोजन को इंडस्ट्री की जरुरत बताया, एफमेक उपाध्यक्ष राजेश सहगल और सीफी (उत्तर प्रदेश) के अध्यक्ष धर्मेंद्र नरुला ने जूता बनाने में नवीन तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया। आगरा शू फैक्टर्स फेडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा भारत में जूते के साइज़िंग सिस्टम की तकनिकी खामी पर प्रकाश डालते हुए इसमें सुधार के लिए सरकार की पहल की आवश्यकता बताई, आस्मा के अध्यक्ष ओपिंदर सिंह लवली ने जूते में आज के ट्रैंड को समझते हुए कार्य करने की आवश्यकता पर जोर दिया इस अवसर पर एफमेक के महासचिव, राजीव वासन, इफ्कोमा के कार्यकारी निदेशक एसके वर्मा, पूर्व अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल आदि विशेष रूप से मौजूद रहे।
: भगवान झूलेलाल की शोभायात्रा में महाकाल की सजीव झांकी होगी मुख्य आकर्षण
Wed, Mar 26, 2025
30 मार्च को झूलेलाल जयन्ती अवसर पर देवलोक की तरह सजाया जाएगा झूलेलाल भवन
दिनभर चलेगा भंडारा
आगरा। महाकाल के साथ पंचभूतों की टोली अपनी मस्ती में मस्त नृत्य करते हुए आकर्षण का प्रमुख केन्द्र रहेगी इस वर्ष की झूलेलाल जयन्ती में। फूलों की होली खेलते राधा-कृष्ण व बंजरंग बली की सजीव झांकी भी होगी। 30 मार्च को जय झूलेलाल सिंधी पंचायत समिति जयपुर हाउस द्वारा वरुणावतार भगवान झूलेलाल जयन्ती पर हर वर्ष से कुछ अलग सा ही नजारा होगा।
यह जानकारी जयपुर हाउस स्थित झूलेलाल भवन में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में आज समिति के संरक्षक शोभाराम पुरसनानी, रमेश बालानी, अध्यक्ष सुरेश सीतलानी, महामंत्री नरेन्द्र पुरसनानी ने दी।
सतरंगी फूलों व आकर्षक झांकियों से मंदिर को देवलोक की तरह सजाया जाएगा। मंदिर में मातारानी, शिव परिवार व भगवान झूलेलाल को छप्पन भोग लगाए जाएंगे। शोभायात्रा में झूमते गाते और आतिशबाजी करते हुए हजारों श्रद्धालु पूरे क्षेत्र में भ्रमण करेंगे। घोड़े की अगुवाई में सर्वप्रथम विघ्नविनाशक गणपति, मातारानी की झांकी के अलावा सजीव झांकियों में महाकाल, राधा-कृष्ण व बजरंग बली की झांकी होगी।
मीडिया प्रभारी रवि गिदवानी ने बताया कि झूलेलाल भगवान के स्वरूप की झांकी बैंडबाजों संग बग्गी में निकाली जाएगी। जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया जाएगा। शोभायात्रा का शुभारम्भ समाज के बड़े बुजुर्गों द्वारा पूज्य बहराणा साहब की ज्योति प्रज्ज्वलित कर किया जाएगा। जयपुर हाउस स्थित जय झूलेलाल भवन को फूलों और जगमग रोशनी से सजाया जाएगा। भवन पर आकर्षक झांकियां सजेंगी व श्रद्धालुओं द्वारा कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से ठाकुरदास आवतानी, लक्ष्मणदास भावनानी, हारीलाल त्रिलोकानी, टीकमदास धनवानी, कन्हैयालाल चनदानी, जितेन्द्र तुलसानी, प्रकाश थावानी, भरत होतचंदानी, विपिन करीरा, मनोहर मतलानी, धरमराज आसनानी, ओमप्रकाश परियानी, ललतेश विनोदानी, मनोज भाटिया, विनोद सीतलानी, पंकज वाधवानी, हितेश वरयानी, अजय करीरा, विक्रम वाधवानी, अशोक सीतलानी, राजा बालानी, तीर्थ भावनानी, दिनेश भगवानी, हेमंत बलानी, हरीश परसवानी, राजेश टकवानी, हरीश धनवानी, रामू त्रिलोकानी, गोपाल पुरसनानी, कमल मुलानी, दिनेश कोटवानी, सोनू मनानी, मोनू चनदानी, दीपक मोटवानी, भगवान दासवानी, आनंद गोकानी, पुनीत आवतानी आदि उपस्थित थे।