: शी विल इंस्पायर के प्लेटोपिया किड्स कार्निवल में बच्चों की मस्ती संग नारी सशक्तिकरण का संदेश
Sun, Nov 10, 2024
महिला उद्यमिता और स्टार्ट अप को समर्पित है शी विल इंस्पायर संस्था
विजय नगर स्थित स्पोर्टस बज में लगाया गया चिल्ड्रन्स डे पर कार्निवल
हो पोनोपोनो हवाइन तकनीक से दिया गया तनाव मुक्त जीवन जीने का मंत्र
आगरा। बाल दिवस के अवसर शी विल इंस्पायर संस्था ने बच्चों की मस्ती संग नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया। विजय नगर स्थित स्पोर्टस बज में रविवार को प्लेटोपिया किड्स कार्निवल का आयोजन संस्था द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि शिक्षाविद् नीलम मेहरोत्रा, रुनु दत्ता और संस्थापक राशि गर्ग ने कार्निवल का शुभारंभ किया। आयोजन परिसर में बच्चों से संबंधित विभिन्न स्टॉल्स लगायी गयीं थीं, जिन पर बच्चे अपनी मम्मियों के साथ जमकर मस्ती कर रहे थे। संस्थापक राशि गर्ग ने बताया कि संस्था का उद्देश्य नारी सशक्तिकरण को नये आयाम देना है। जो महिलाएं उद्यमिता के क्षेत्र में स्टार्ट अप कर रही हैं, अपने कौशल का विकास करने की ललक लिये आगे आ रही हैं, उन्हें संस्था अपने विभिन्न आयोजनों में मंच प्रदान करती है। विशेष उद्यम के लिए विशेष आयोजन साल भर आयोजित किये जाते हैं। इससे महिलाओं को आत्मनिर्भरता के साथ आर्थिक आत्मविश्वास की प्रेरणा मिलती है। हमारी संस्था का ध्येय वाक्य सबके साथ आगे बढ़ना है, इसलिए एक दूसरे के सहयोग से हम कड़ी दर कड़ी जोड़ते हैं और आर्थिक आजादी के सपने को साकार करते हैं। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में किड्स कार्निवल में बच्चों से संबंधित उद्योग करने वालीं महिलाओं को मंच प्रदान किया गया है, जिसमें कंगारू किड्स, डीआइवाइ और वीनस प्ले स्कूल सहित दिव्या गुप्ता, चांदनी अग्रवाल, अनुष्का वर्मा, कृषिका जैन ने बच्चों के लिए विविध खेलों, खिलौने एवं स्टेशनरी की स्टॉल लगायीं। नेहा अग्रवाल ने जैविक खेती के बारे स्टॉल के माध्यम से बताया।
कार्निवल में विशेषज्ञ दीक्षा असवानी ने आगरा में पहली बार हो पोनोपोनो हवाइन तकनीक के बारे में जानकारी दी एवं इस तकनीक में प्रयोग की जाने वाली प्रार्थना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जीवन में पूर्वाग्रह या पूर्व के अनुभवों या भविष्य की चिंताओं के कारण अक्सर अवसाद या नकारात्मका घेरे रहती है। आंतरिक और मानसिक अवरोध होने से व्यक्तित्व विकास में बाधा आती है। इन सबसे उभरने के लिए हो पोनोपोनो तकनीक की प्रार्थना मुझे माफ करें, धन्यवाद और आइ लव यू…दबी हुयी क्षमताओं को अवसाद के अंधेरे से बाहर निकालती हैं। मन को भयग्रस्त नहीं होने देतीं। पूजा लूथरा ने बच्चों को फाइनेंशियल मैनेजमेंट के टिप्स दिए ताकि बच्चे कम उम्र से ही मितव्ययिता की महत्ता समझ सकें।
कार्निवल में दिशा जैन, अंशिका सरकार, कार्निवल संयोजिका शगुन अग्रवाल, श्रुति अग्रवाल, कीर्ति खंडेलवाल, कर्तिका खन्ना, आकृति जैन, अमिता मित्तल, आशिता अग्रवाल, अंकिता माथुर, डिंपल राज, निधि अग्रवाल, पूजा अग्रवाल, अमिता मित्तल आदि उपस्थित रहीं।
: जुकाम रोकने से गल सकती हैं कान की हड्डी
Sun, Nov 10, 2024
तीन दिवसीय 32वीं इंडियन सोसायटी ऑफ ऑटोलॉजी की वार्षिक राष्ट्रीय कार्यशाला में प्रस्तुत किए गए 300 शोध पत्र
1200 प्रतिनिधियों ने कान की बीमारियों पर किया नई तकनीक व इलाज पर मंथन
आगरा। जुकाम में बेवजह दवा लेना खतरनाक हो सकता है। सामान्यतः जुकाम को रोकने के बजाय उसे बहने दें। स्वास्थ के लिए यही लाभकारी है। जुकाम रोकने पर कफ कान के रास्ते बाहर आने से कान बहने, बदबू व कान की हड्डी गलने तक की गम्भीर समस्या हो सकती है। कान की नसें खराब होने पर चेहरे पर टेड़ापन और सुनने में समस्या होने लगती है। फतेहाबाद रोड स्थित होटल जेपी में आयोजित तीन दिवसीय आईसोकॉन (इंडियन सोसायटी ऑफ ऑटोलॉजी) की 32वीं राष्ट्रीय वार्षिक कार्यशाला में आज इंडियन सोसायटी ऑफ ऑटोलाजी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विजेन्द्र (बैंगलुरू) ने बताया की कान की हड्डी गलने पर यदि ऑपरेशन ठीक तरह से न किया जाए तो समस्या दोबारा भी पैदा सकती है।
भटिंडा की डॉ. ग्रेस बुद्धिराजा ने बताया कि कान के ऑपरेशन भी माइक्रोस्कोप के बजाय एंडोस्कोप विधि से अधिक किए जा रहे हैं, जिससे ऑपरेशन के दौरान आने वाली जटिलताओं में कमी आ रही है। डॉ. धर्मेन्द्र गुप्ता ने बताया कि जुकाम सामान्यतः वायरस से होता है, जिसमें दवा नहीं मरीज को आराम करना चाहिए। जब तक कफ में पीलापन न हो जुकाम में दवा लेने की आवश्यकता नहीं है। कफ में पीलापन का मतलब है कि सैकेन्ड्री इनफेक्शन यानि बैक्टीरियल इनफेक्शन है। तभी एंडीबायटिक दवाओं का प्रयोग करना उचित है, वह भी डॉक्टर की सलाह से। बेवजह दवा लेने से कान में समस्या हो सकती है।
बच्चों की आंखों पर चश्मे की तरह कान में नजर आएगी हेयरिंग मशीन
समय रहते अभिभावकों ने ध्यान नहीं दिया तो आजकल के बच्चों की आंखों पर जिस तरह चश्मे नगर आ रहे हैं, कानों में हेयरिंग मशीन नजर आएगी। घंटों तक ईयर फोन लगाकर तेज आवाज में म्यूजिक सुनना, डीजे और बढ़ता ध्वनि प्रदूषण कानों की सुनने की क्षमता पर असर डाल रहा है। कार्यशाला के आयोजन सचिव डॉ. राजीव पचैरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कम से कम 10-12 वर्ष की उम्र तक बच्चों को ईयर फोन, हेड फोन जैसे उपकरणों से दूर रखना चाहिए। भविष्य में बच्चों के स्वास्थ्य की दृष्टि से यह घातक हो सकता है।
ताजनगरी में पहली बार सम्पन्न हुई ऑटोलॉजी की सफल कार्यशाला
उप्र में पहली बार ऑटोलॉजी की कार्यशाला सम्पन्न हुई है। जिसका सौभाग्य ताजनगरी को मिला। तीन दिवसीय आईसोकॉन (इंडियन सोसायटी ऑफ आटोलॉजी) की 32वीं राष्ट्रीय वार्षिक कार्यशाला के सफलता पूर्वक सम्पन्न होने पर आयोजन सचिव डॉ. राजीव पचैरी ने सभी सहयोगियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर धन्यवाद देते हुए यह बात कही। आज कार्यशाला में आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. सतीश जैन द्वारा शांतिवेद हॉस्पीटल से 8 लाइव ऑपरेशन भी किए गए। कार्यशाला में देश विदेश से 1200 से अधिक प्रतिनिधियों ने कान की बीमारी व एडवांस इलाज पर मंथन किया। 300 से अधिक शोधपत्र व पीजी विद्यार्थियों के लिए क्विज का आयोजन किया गया। सभी विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। संचालन डॉ. संजय खन्ना व डॉ. रितु गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. गौरव खंडेलवाल, डॉ. आलोक मित्तल, डॉ. राकेश अग्रवाल, डॉ. मनीष सिंघल, डॉ. एलके गुप्ता, डॉ. दीपा पचैरी आदि उपस्थित थे।
: श्रीकृष्ण ने की ब्रजवासियों की रक्षा, इंद्र का किया मान मर्दन
Sun, Nov 10, 2024
आगरा। ब्रजवासियों ने इंद्र की पूजा छोडकर गिर्राज जी की पूजा शुरू कर दी तो इंद्र ने कुपित होकर ब्रजवासियों पर मूसलाधार बारिश की। तब कृष्ण भगवान ने गिर्राज पर्वत को अपनी कनिष्ठ अंगुली पर उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा की और इंद्र का मान मर्दन किया। ये कहना था श्रीमंद भागवत कथा मे पांचवे दिन रविवार को व्यासपीठ से प्रेमप्रकाश महाराज का। बोदला सेक्टर-1, स्थित जीवन ज्योति पार्क में श्री भागवत कथा समिति की ओर से चल रही कथा में भक्तो ने कृष्ण की बाल लीला, गोवर्धन पूजन, माखन चोरी के साथ छप्पन भोग के दर्शन किए। जोगनियां बन आयौ छलिया नंदकिशोर.. श्री गोवर्धन महाराज तेरे माथे मुकुट बिराज रयो.., मुझे तुमने दाता बहुत कुछ दिया है.. तेरा शुक्रिया, तेरा शुक्रिया.. जैसे भजनो ने भक्तो को मंदिर में झूमने पर मजबूर कर दिया।
व्यास प्रेमप्रकाश महाराज ने श्रद्धालुओ को बताया कि कृष्ण के पैदा होने के बाद कंस कृष्ण के वध के लिए अपनी राज्य की सर्वाधिक बलवान राक्षस पूतना को भेजता है । पूतना भेष बदलकर भगवान श्रीकृष्ण को अपने स्तन से जहरीला दूध पिलाने का प्रयास करती है लेकिन भगवान श्रीकृष्ण उसको मौत के घाट उतार देते हैं। भागवत में भक्तों ने छप्पन भोगों का अर्पण किया और झांकियों सहित धूमधाम से गोवर्धन की पूजा- अर्चना की। कथा के मुख्य यजमान अजय अग्रवाल मघटई और प्रवीणा अग्रवाल है। वही, दैनिक यजमान राजेश अगव्राल और मनीषा अग्रवाल रही। अध्यक्ष केदारनाथ अग्रवाल ने बताया कि छठवे दिन सोमवार को महारास, कंस वध, गोपी उद्धव संवाद, रुक्मणी विवाह व सुदामा चरित्र का वर्णन किया जाएगा।
इस अवसर पर संयोजक विवेक अग्रवाल, मुकेश नेचुरल, डॉ. संजय अग्रवाल, भूदेव सिंह प्रधान, वीरेंद्र अग्रवाल, राजकुमार तिरुपति, मनोज शर्मा, मनोज बघेल, शम्बूनाथ अग्रवाल, प्रतिभा जिंदल, हेमेंद्र अग्रवाल, माधव, राधव, मनीष, अजय आदि मौजूद रहे।